शादी-पार्टी में आपने कई तरह के रायते खाए होंगे, लेकिन क्या कभी यूपी-बिहार का मशहूर सन्नाटा रायता चखा है. यह सामान्य रायते से थोड़ा अलग होता है. इसकी खासियत है इसका पतला टेक्सचर, खट्टी दही, पुदीने की खुशबू और हींग-जीरे का चटपटा तड़का. इसे चम्मच से खाने के बजाय कई लोग गिलास में डालकर पीना पसंद करते हैं. यही वजह है कि इसे सन्नाटा रायता कहा जाता है. अच्छी बात यह है कि इसे घर पर कुछ ही मिनटों में तैयार किया जा सकता है.
सन्नाटा रायता बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए
फूड एक्सपर्ट ने बताया कि इस रायते को बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ेगी. एक कप दही, एक कप पानी, एक चौथाई छोटा चम्मच सफेद नमक, एक चौथाई छोटा चम्मच काला नमक, थोड़ी लाल मिर्च, आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर, आधा छोटा चम्मच चाट मसाला, थोड़ी बूंदी, बारीक कटा हरा धनिया और सूखा पुदीना लें. तड़के के लिए एक चम्मच सरसों का तेल, आधा छोटा चम्मच जीरा और दो चुटकी हींग चाहिए.
कैसे बनाएं यूपी-बिहार वाला सन्नाटा रायता
सबसे पहले एक बर्तन में दही और पानी डालकर मथनी या बीटर से अच्छी तरह फेंट लें. ध्यान रखें कि रायता गाढ़ा नहीं, बल्कि छाछ जैसा पतला होना चाहिए. जरूरत लगे तो थोड़ा और पानी मिला सकते हैं. अब इसमें सफेद नमक, काला नमक, लाल मिर्च, भुना जीरा पाउडर और चाट मसाला डालकर मिला दें. इसके बाद बूंदी और कटा हुआ हरा धनििया डालें. ऊपर से सूखा पुदीना हाथों से मसलकर मिला दें.
ये भी पढ़ें- ढाबे जैसे गोभी के पराठे कैसे बनाएं? जानिए गोभी पराठा बनाने का आसान तरीका
हींग-जीरे का तड़का बढ़ा देगा स्वाद
अब एक छोटे पैन में सरसों का तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर जीरा डालें. जब जीरा चटकने लगे, तब हींग डालकर गैस बंद कर दें. इस तड़के को तुरंत रायते में डालकर बर्तन को करीब 10 मिनट के लिए ढक दें. इससे हींग और जीरे की खुशबू रायते में अच्छी तरह घुल जाएगी. तैयार है यूपी-बिहार का मशहूर सन्नााटा रायता. इसे ठंडा करके खाने के साथ परोसें. इसकी खट्टी, नमकीन और मसालेदार खुशबू खाने का स्वाद बढ़ा सकती है.
ये भी पढ़ें- गोल रोटी कैसे बनाएं? एकदम नरम गोल और फूली फूली रोटी बनाने का परफेक्ट तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं