विज्ञापन

मूली की पूरी कैसे बनाते हैं? कुरकुरी मूली की पूरी बनाने की विधि

आटे और चावल की पूरियां छोड़ें, इस सर्दी बनाएं मूली की पूड़ी, एक बार खाई तो बार-बार बनाओगे, नोट करें रेसिपी.

मूली की पूरी कैसे बनाते हैं? कुरकुरी मूली की पूरी बनाने की विधि
मूली की पूरी
NDTV

ठंड के मौसम की ठिठुरन भरी सुबह हो या फिर शाम की हल्की भूख, गर्मागर्म और करारे नाश्ते का जिक्र आते ही सबसे पहले जिस पकवान की खुशबू ज़हन में महक उठती है, वह है करारी मूली की पूरियां.

नॉर्मल पूरियों से हटकर आप इस विंटर स्पेशल रेसिपी को एक बार बनाते हैं, तो खाने की टेबल पर बैठे हर शख्स का मूड अपने आप बन जाता है. अक्सर लोगों की शिकायत होती है कि मूली पानी छोड़ देती है और पूरियां बेलते समय फट जाती हैं, लेकिन अगर आप इस रेसिपी को अपनाते हैं, तो पूरियां न सिर्फ फूली-फूली बनेंगी, बल्कि घंटों तक वैसी ही करारी भी रहेंगी.

देखें वीडियो...

सामग्री:

  • मूली (2 से 3)
  • गेहूं का आटा (2 कप)
  • सूजी (2 से 3 बड़े चम्मच)
  • अजवाइन (आधा छोटा चम्मच)
  • हींग (2 चुटकी)
  • हरी मिर्च (2 बारीक कटी हुई)
  • अदरक (1 छोटा चम्मच पेस्ट)
  • हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)
  • हल्दी पाउडर (एक चौथाई चम्मच)
  • लाल मिर्च पाउडर या चिल्ली फ्लेक्स (आधा छोटा चम्मच)
  • धनिया पाउडर (आधा छोटा चम्मच)
  • चाट मसाला (आधा छोटा चम्मच)
  • नमक (स्वादानुसार)
  • तेल

बनाने का आसान तरीका:

  1. सबसे पहले कद्दूकस की हुई मूली में थोड़ा सा नमक मिलाकर 5 से 7 मिनट के लिए अलग रख दीजिए.
  2.  इसके बाद अपने दोनों हाथों के बीच मूली को कसकर दबाते हुए उसका सारा पानी निचोड़ लें.
  3.  इस पानी को फेंके नहीं, बल्कि आटा गूंथने के वक्त इस्तेमाल करें ताकि पोषण बरकरार रहे.
  4.  अब एक बड़े बर्तन में 2 कप गेहूं का आटा लें, इसमें 2 से 3 बड़े चम्मच सूजी, क्रश की हुई अजवाइन, हींग, हरी मिर्च, अदरक, बारीक कटा हरा धनिया और सभी सूखे मसाले डाल दें.
  5.  साथ ही, स्वाद के मुताबिक नमक और 1 छोटा चम्मच तेल का मोइन मिला लें.
  6. इस मिश्रण में निचोड़ी हुई मूली को मिलाएं.
  7.  अब मूली के बचे हुए पानी या सादे पानी की मदद से एक सख्त आटा तैयार करें.
  8. आटे को गूंथने के बाद 10 मिनट के लिए रेस्ट करने के वास्ते छोड़ दें.
  9. आटे से छोटी-छोटी और बराबर आकार की लोइयां तोड़ लें. 
  10. अब चकले पर हल्का सा तेल लगाकर इन्हें हल्के हाथों से बेलें.
  11.  बहुत ज्यादा पतला न करें वरना पूरियां कढ़ाई में फूलेंगी नहीं, और बहुत मोटा भी न रखें वरना कच्ची लग सकती हैं.
  12.  एक कढ़ाई में तेल को मीडियम से तेज आंच पर गर्म करें.
  13.  जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए, तब एक-एक पूरी कढ़ाई में डालें और हल्के हाथ से कच्ची से दबाएं ताकि पूरी गुब्बारे की तरह फूल जाए.
  14.  दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें.
  15.  बस, आपकी कड़क और टेस्टी मूली की पूरियां तैयार हैं.

इसे भी पढ़ें: एप्पल का हलवा कैसे बनाएं? सेब का हलवा बनाने की आसान विधि

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com