घूमने फिरने का नाम सुनते ही अक्सर हमारे मन खुश हो जाता है. नए शहर, नया खाना और नई जगहों की सैर हर किसी को पसंद होती है. लेकिन कई लोगों के लिए ट्रैवल का मजा कब्ज की परेशानी की वजह से फीका पड़ा जाता है. जी हां, हम में शायद कुछ लोग ऐसे भी होंगे, जिन्हें सफर के दौरान कब्ज की शिकायक होने लगती हैं. घर पर रोजाना नॉर्मल रहने वाला पेट कई बार ट्रैवल के दौरान अचानक गड़बड़ा जाता है. पेट साफ न होना, भारीपन महसूस होना और गैस की समस्या पूरे ट्रिप का मजा खराब कर सकती है.
यशोदा हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट फिजिशियन डॉ. कमलेश ए का कहना है कि ट्रैवल के दौरान होने वाली कब्ज को ट्रैवलर्स कॉन्स्टिपेशन भी कहा जाता है. इसका सबसे बड़ा कारण रोजमर्रा की दिनचर्या में आने वाला बदलाव है. जब हम घर से बाहर होते हैं तो खाने, पीने और सोने का समय बदल जाता है, जिसका असर सीधे पाचन तंत्र पर पड़ता है.
ट्रैवल के दौरान कब्ज की परेशानी क्यों हो जाती है?
डॉक्टर बताते हैं कि ट्रैवल के दौरान लोग अक्सर पर्याप्त पानी नहीं पीते. उनका कहना है कि लंबी ट्रेन यात्रा, बस या फ्लाइट यात्रा के दौरान बार-बार वॉशरूम जाने से बचने के लिए कई लोग पानी कम पीते हैं. इससे शरीर में डिहाइड्रेशन बढ़ सकता है और मल सख्त होने लगता है.
इसके अलावा छुट्टियों में लोग फाइबर युक्त भोजन की जगह तला-भुना, मसालेदार और फास्ट फूड ज्यादा खाने लगते हैं. फल, सलाद और हरी सब्जियों की कमी भी कब्ज का कारण बन सकती है. वहीं लंबे समय तक बैठे रहने और शारीरिक गतिविधि कम होने से आंतों की गति धीमी पड़ जाती है.
ट्रैवल में कब्ज से बचने के लिए क्या करें?
डॉक्टर कमलेश का कहना है कि अगर आप ट्रैवल में कब्ज से बचना चाहते हैं, तो इसके लिए कुछ उपायों का सहारा ले सकते हैं, जैसे-
- दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की कोशिश करें. अपने साथ पानी की बोतल जरूर रखें.
- ब्रकेफास्ट में फल, ओट्स या फाइबर युक्त खाद्य पदार्थ शामिल करें.
- ट्रैवल के दौरान थोड़ी-थोड़ी देर में जरूर टहलें, ये भी फायदेमंद हो सकता है. अगर आप फ्लाइट या ट्रेन में हैं, तो समय-समय पर उठकर कुछ कदम चलें. इससे पाचन तंत्र सक्रिय रहता है.
इसके साथ ही डॉक्टर बताते हैं कि कभी भी प्रकृति के संकेतों को नजरअंदाज न करें. कई लोग नई जगह या सार्वजनिक वॉशरूम की वजह से टॉयलेट जाने से बचते हैं, जिससे कब्ज की समस्या और बढ़ सकती है.
ये भी पढ़ें - कब्ज दूर करने के लिए क्या खाएं? ये 3 फूड्स हैं रामबाण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं