मैं अक्सर छोटी-छोटी बातें भूल जाती हूं, ये परेशानी सिर्फ मेरी नहीं बल्कि मेरे आसपास रहने वाले कई लोगों की हो चुकी है. कुछ लोगों को नाम याद नहीं आता, कुछ लोग अपनी चीजें रखकर भूल जाते हैं या जरूरी काम समय पर याद नहीं रहता है. इस तरह की छोटी-छोटी भूलने की आदतों को अक्सर हम लोग इग्नोर कर देते हैं. लेकिन ऐसा करना सही नहीं होता है. हर बार भूलना किसी गंभीर बीमारी का संकेत नहीं होता, लेकिन अगर ये समस्या बार-बार होने लगे तो इसके पीछे की वजह को समझना जरूरी है. इसकी जानकारी के लिए हमने न्यूरोलॉजी एक्सपर्ट डॉ. प्रिंस अग्रवाल से बातचीत की.
डॉ. प्रिंस का कहना है कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, नींद की कमी, काम का दबाव और लंबे समय तक मोबाइल या लैपटॉप का इस्तेमाल याददाश्त पर असर डाल सकता है. जब हमारा दिमाग किसी जानकारी पर ठीक से ध्यान नहीं दे पाता, तो उसे याद रखना भी मुश्किल हो जाता है.
सिर्फ उम्र नहीं, ये समस्याएं भी हो सकती हैं जिम्मेदार
डॉक्टर अग्रवाल का कहना है कि भूलने की आदत के पीछे कई अन्य कारण भी हो सकते हैं. चिंता, डिप्रेशन, विटामिन बी12 की कमी, थायरॉइड की गड़बड़ी और कुछ दवाओं के साइड इफेक्ट भी याददाश्त को प्रभावित कर सकते हैं.
उम्र बढ़ने के साथ किसी का नाम या कोई पुरानी बात याद करने में थोड़ा ज्यादा समय लगना सामान्य माना जाता है. लेकिन अगर कोई व्यक्ति रोजमर्रा के काम भूलने लगे, बार-बार एक ही बात पूछे या परिचित रास्तों पर भी भटकने लगे, तो इसे इग्नोर बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए.
मेमोरी को मजबूत रखने के लिए क्या करें?
उनका का कहना है कि कुछ आसान आदतें अपनाकर याददाश्त को बेहतर बनाया जा सकता है. इसके लिए रोज सात से नौ घंटे की अच्छी नींद लें, नियमित रूप से एक्सरसाइज करें और संतुलित भोजन खाएं.
स्ट्रेस कम करने के लिए योग, ध्यान या किसी पसंदीदा एक्टिविटी की मदद लें. इसके अलावा जरूरी कामों की लिस्ट बनाना, मोबाइल रिमाइंडर का इस्तेमाल करना और एक समय में एक ही काम पर ध्यान देना भी फायदेमंद रहता है.
कब डॉक्टर के पास जाने की होती है जरूरत?
इसे लेकर डॉक्टर प्रिंस कहते हैं कि अगर भूलने की समस्या लगातार बढ़ रही है और आपकी रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रही है, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है. टेस्ट के जरिए इसका असली कारण पता लगाया जा सकता है और समय पर इलाज शुरू किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें - सीढ़ियां चढ़ते समय मेरी सांस क्यों फूलती है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं