दिल्ली-एनसीआर में बढ़ता वायु प्रदूषण लंबे समय से फेफड़ों और हार्ट की बीमारियों का बड़ा कारण माना जाता रहा है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि ये आपके ब्रेन को भी प्रभावित कर सकता है. हेल्थ एक्सपर्ट का मानना है कि प्रदूषित हवा में लंबे समय तक सांस लेना सिर्फ शरीर ही नहीं, बल्कि दिमाग की सेहत को भी नुकसान पहुंचा सकता है. यही वजह है कि अब एयर पॉल्यूशन और ब्रेन एजिंग के बीच कनेक्शन को लेकर दुनिया भर में गहन शोध हो रहे हैं. सीके बिड़ला हॉस्पिटल, दिल्ली के न्यूरोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. के.के. जिंदल के अनुसार, लंबे समय तक प्रदूषण के संपर्क में रहना संज्ञानात्मक क्षमताओं यानी याददाश्त, सोचने-समझने और निर्णय लेने की क्षमता पर असर डाल सकता है.
कैसे दिमाग तक पहुंचता है प्रदूषण का असर?
हवा में मौजूद पीएम 2.5, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड और अन्य सूक्ष्म प्रदूषक कण स्वास्थ्य के लिए सबसे खतरनाक माने जाते हैं. इनमें से पीएम 2.5 इतना छोटा होता है कि ये फेफड़ों की गहराई तक पहुंचने के बाद शरीर में सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को बढ़ा सकता है.
डॉ. जिंदल का कहना है कि प्रदूषण के कारण पैदा होने वाले सूजन बढ़ाने वाले तत्व ब्लड फ्लो के जरिए शरीर के अन्य अंगों तक भी पहुंच सकते हैं. कुछ रिसर्च ये भी जांच रहे हैं कि काफी छोटे कण ओल्फैट्री सिस्टम या ब्लड सर्कुलेशन माध्यम से सीधे ब्रेन तक पहुंच सकते हैं या नहीं. यही कारण है कि वायु प्रदूषण को अब सिर्फ रेस्पिरेटिरी सिस्टम की समस्या नहीं माना जा रहा.
क्यों तेजी से बूढ़ा हो सकता है दिमाग?
डॉक्टर बताते हैं कि हमारे ब्रेन को लगातार ऑक्सीजन और पोषक तत्वों की जरूरत होती है. इसके लिए हेल्दी ब्लड वेसेल्स का होना जरूरी है. लेकिन जब प्रदूषण के कारण शरीर में लगातार सूजन, ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और ब्लड वेसेल्स को नुकसान पहुंचता है, तो ब्रेन की सामान्य कार्यप्रणाली प्रभावित हो सकती है.
उनका कहना है कि ऐसी स्थितियां समय के साथ ब्रेन की याददाश्त, ध्यान केंद्रित करने की क्षमता और सीखने की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती हैं. यही वजह है कि शोधकर्ता ये समझने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या प्रदूषण वास्तव में ब्रेन एजिंग की प्रक्रिया को तेज कर सकता है.
क्या अल्जाइमर और डिमेंशिया का खतरा बढ़ता है?
कई इंटरनेशनल रिसर्च में लंबे समय तक पार्टिकुलेट मैटर के संपर्क और डिमेंशिया के बढ़ते रिस्क के बीच कनेक्शन पाया गया है. विशेष रूप से पीएम 2.5 के संपर्क को बुजुर्गों में कॉग्निटिव डिक्लाइन से जोड़कर देखा गया है.
वैज्ञानिकों का मानना है कि लगातार होने वाली न्यूरोइन्फ्लेमेशन यानी ब्रेन में सूजन, तंत्रिका कोशिकाओं की कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकती है. इसके साथ ही ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस भी कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाने में भूमिका निभा सकता है. कुछ अध्ययन ये भी संकेत देते हैं कि प्रदूषण अल्जाइमर रोग से जुड़े एमिलॉयड-बीटा और टाउ प्रोटीन के असामान्य जमाव को प्रभावित कर सकता है. हालांकि, डॉक्टर ये भी स्पष्ट करते हैं कि अभी इस पर और रिसर्च की जरूरत है और इसे अल्जाइमर का डायरेक्ट कारण नहीं माना जा सकता.
अल्जाइमर का अकेला कारण नहीं है प्रदूषण
डॉ. जिंदल बताते हैं कि अल्जाइमर एक जटिल न्यूरोडीजेनेरेटिव बीमारी है, जिस पर उम्र, जेनेटिक, हार्ट डिजीज, लाइफस्टाइल और कई अन्य कारकों का प्रभाव पड़ता है. ऐसे में वायु प्रदूषण को सिर्फ एक संभावित रिस्क कारक के रूप में देखा जा सकता है, न कि बीमारी के एकमात्र कारण के रूप में.
ये भी पढ़ें - फेफड़ों को करना है मजबूत? रोज खाएं ये 5 चीजें, बढ़ते प्रदूषण में लंग्स रहेगा सुरक्षित
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं