विज्ञापन

कॉफी, दोपहर का खाना छोड़ना और लगातार डेडलाइन का दबाव... जानिए रोज की वो आदतें जो बढ़ाती हैं तनाव

कई लोग थकान होने पर कॉफी पी लेते हैं, भूख को कुछ देर नजरअंदाज कर देते हैं और आराम के लिए समय निकालना जरूरी नहीं समझते. लेकिन जब ऐसा लगातार होता है, तो शरीर और दिमाग दोनों पर इसका असर पड़ सकता है.

कॉफी, दोपहर का खाना छोड़ना और लगातार डेडलाइन का दबाव... जानिए रोज की वो आदतें जो बढ़ाती हैं तनाव
तनाव बढ़ाने वाली आदतें
Photo Credit: NDTV

सुबह की शुरुआत कॉफी से होती है. फिर काम के बीच एक और कप, दोपहर का खाना किसी मीटिंग के कारण टल जाता है और शाम तक एक के बाद एक काम निपटाने की कोशिश जारी रहती है. घर पहुंचने के बाद भी दिमाग में अगले दिन की डेडलाइन घूमती रहती है. कई लोगों के लिए ये रोज का अनुभव है. हम अक्सर ऐसे रुटीन को काम का हिस्सा मान लेते हैं. थकान होने पर कॉफी पी लेते हैं, भूख को कुछ देर नजरअंदाज कर देते हैं और आराम के लिए समय निकालना जरूरी नहीं समझते. लेकिन जब ऐसा लगातार होता है, तो शरीर और दिमाग दोनों पर इसका असर पड़ सकता है. आज हम आपको इसी के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं. इसकी जानकारी फोर्टिस हॉस्पिटल, नोएडा में सीनियर कंसल्टेंट न्यूरोलॉजिस्ट एवं यूनिट हेड डॉक्टर नेहा पंडिता ने दी है.

कॉफी से मिलती है राहत, लेकिन कब तक?

डॉक्टर के अनुसार सुबह कॉफी पीना या दिन में एक कप का आनंद लेना अपने आप में समस्या नहीं है. कैफीन एक्टिवनेस बढ़ा सकता है, लेकिन हर बार थकान महसूस होने पर कॉफी पीना इस बात का संकेत हो सकता है कि हमारी नींद या आराम पूरा नहीं हो रहा. ऐसे में ज्यादा कैफीन लेने से कुछ लोगों को बेचैनी, घबराहट या दिल की धड़कन तेज होने की शिकायत हो सकती है. शाम को कॉफी पीने से नींद आने में भी परेशानी हो सकती है. नतीजा ये होता है कि अगली सुबह फिर थकान महसूस होती है और हम दिन शुरू करने के लिए कॉफी पर निर्भर हो जाते हैं.

यह भी पढ़ें: दांत दर्द से रो रहा है बच्चा? राहत के लिए आजमाएं ये आसान उपाय

क्या सही में कॉफी की जरूरत या कुछ देर आराम करने की जरूरत है?

काम के दबाव में लंच छोड़ देना कई लोगों के लिए आम बात है. पहले एक ईमेल, फिर एक कॉल और फिर अगली मीटिंग. कई बार खाने का ध्यान तब आता है, जब आधा दिन बीत चुका होता है. डॉक्टर के अनुसार लंबे समय तक कुछ न खाने से कुछ लोगों को थकान, चिड़चिड़ापन या ध्यान लगाने में परेशानी हो सकती है. परेशानी तब और बढ़ जाती है, जब खाना खाते समय भी हम लैपटॉप पर काम करते रहते हैं. शरीर को भोजन तो मिल जाता है, लेकिन दिमाग को काम से दूर होने का मौका नहीं मिलता. ऐसे में कोशिश करें कि लंच के लिए थोड़ा समय निकालें. फोन और ईमेल से दूर बैठकर खाना खाने का ये छोटा-सा बदलाव भी दिन के बीच में राहत दे सकता है.

Many suggested the employee not to quit the job.

Photo Credit: Pexels

दिमाग को हर वक्त व्यस्त रखना भी थकाता है

हर मैसेज का तुरंत जवाब देना, एक काम पूरा होने से पहले दूसरे की चिंता करना और ऑफिस के बाद भी फोन चेक करते रहना धीरे-धीरे हमारी दिनचर्या बन गया है. लगातार काम बदलने से एकाग्रता बनाए रखने में ज्यादा मेहनत लग सकती है. दिन खत्म होते-होते व्यक्ति चिड़चिड़ापन, ध्यान लगाने में कठिनाई या रात में विचारों के लगातार चलते रहने जैसी समस्याएं महसूस कर सकता है. आराम का मतलब सिर्फ कुर्सी से उठना नहीं है. कुछ देर के लिए काम के बारे में सोचना बंद कर पाना भी जरूरी है.

तनाव का दिमाग से क्या संबंध है?

तनाव के दौरान शरीर की स्वाभाविक प्रतिक्रिया सक्रिय हो जाती है. कोर्टिसोल और एड्रेनालिन जैसे हार्मोन शरीर को चुनौती से निपटने के लिए तैयार करते हैं. यह प्रतिक्रिया थोड़े समय के लिए उपयोगी होती है. लेकिन जब तनाव लगातार बना रहे और पर्याप्त नींद या आराम न मिले, तो हमारी एकाग्रता, नींद और मानसिक क्षमता प्रभावित हो सकती है. 

तनाव कुछ लोगों में माइग्रेन या सिरदर्द को बढ़ा सकता है. लगातार थकान और खराब नींद के कारण ध्यान केंद्रित करने, जानकारी याद रखने और फैसले लेने में भी परेशानी हो सकती है. हालांकि, हर सिरदर्द या भूलने की समस्या का कारण तनाव नहीं होता. अगर यदि ये लक्षण बार-बार हों या बढ़ने लगें, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: AI-Generated Image

दिन में सिर्फ 10 मिनट अपने लिए निकालें

डॉक्टर नेहा के अनुसार तनाव को संभालने के लिए हमेशा लंबा ब्रेक लेना संभव नहीं होता. ऐसे में दिन के बीच दस मिनट का छोटा-सा विराम मददगार हो सकता है.

पहले 2 मिनट: काम रोकें, फोन एक तरफ रखें और आराम से सांस लें.
अगले 3 मिनट: अपनी सीट से उठें, थोड़ा टहलें और कंधों को आराम दें.
अगले 3 मिनट: पानी पिएं और तय करें कि सबसे जरूरी काम कौन-सा है. बाकी कामों को प्राथमिकता के अनुसार रखें.
आखिरी 2 मिनट: स्क्रीन से दूर बैठें और खुद को शांत होने का समय दें.

डॉक्टर के अनुसार ये छोटा-सा काम हर तनाव को खत्म नहीं कर सकता, लेकिन लगातार काम करते रहने के बीच एक जरूरी आराम जरूर देता है. हम हर डेडलाइन को नहीं बदल सकते, लेकिन अपनी दिनचर्या में कुछ बदलाव कर सकते हैं. समय पर भोजन करना, कैफीन सीमित रखना, पर्याप्त नींद लेना और काम के बीच छोटे ब्रेक लेना अच्छी शुरुआत है.

यह भी पढ़ें: मोरिंगा के पत्ते कब और कैसे खाएं, पोषण का खजाना है सहजन, एक्सपर्ट से जानिए फायदे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Health News, Stress
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com