क्या आपने कभी सोचा है कि जो नाखून आपके हाथों की खूबसूरती बढ़ाने का काम करते हैं, वही आपको आपके शरीर में क्या दिक्कत है उसके बारे में बता सकते हैं. रह गए ना हैरान? हाल ही में एनेस्थीसियोलॉजिस्ट और पेन मेडिसिन फिजिशियन डॉक्टर कुनाल सूद ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने नाखून आपकी सेहत के बारे में क्या बताते हैं, इसके बारे में काफी कुछ बताया है.
यहां देखिए वीडियो...
नाखून से बीमारी का पता कैसे लगाएं | Nail Signs Of Disease
सफेद धब्बे हों तो?
अगर आपके नाखूनों पर सफेद धब्बे बने हुए हैं, तो हो सकता है ये नाखून चबाने, किसी चोट के कारण या बार-बार मैनीक्योर करवाने की वजह से हो रहे हों, लेकिन अगर ये लंबे समय से बने हुए हैं, तो हो सकता है यह आपके शरीर में कैल्शियम या जिंक की कमी का संकेत हो. इसलिए डॉक्टर से जांच जरूर करवाएं.
चम्मच जैसी शेप नजर आए तो?
अगर आपको अपने नाखून नीचे से दबे हुए या चम्मच जैसी शेप में दिखाई दें और ये ऐसे लंबे समय तक बने रहें, तो हो सकता है आपके शरीर में आयरन की कमी हो, लेकिन इसका पता लगवाने के लिए जरूरी है कि ब्लड टेस्ट करवाया जाए.
पीले या मोटे नाखून हो जाएं तो?
डॉक्टर कुनाल सूद का कहना है कि अगर आपके नाखून पीले या मोटे हो गए हैं, तो इसके पीछे फंगल इन्फेक्शन हो सकता है, लेकिन डॉक्टर आगे यह भी बताते हैं कि कई और स्वास्थ्य समस्याएं जैसे सोरायसिस, एक्जिमा या चोट भी इसके पीछे की वजह हो सकती हैं. इसलिए डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर रहता है.
नाखून पर नई काली धारी आ जाए तो?
अगर नाखून पर काली धारी आ जाए और वो लंबे समय तक बनी रहे, तो इसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है. ऐसा इसलिए क्योंकि डॉक्टर सूद बताते हैं कि कभी-कभी यह नेल मेलानोमा, जो स्किन कैंसर का एक प्रकार है, उसका संकेत भी हो सकता है. इसलिए जब भी कलर अलग दिखे, तो डॉक्टर से संपर्क जरूर करें.
इसे भी पढ़ें: तुलसी को चबाकर क्यों नहीं खा सकते? डॉक्टर ने बताया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं