दिल्ली में हुए CJP के प्रोटेस्ट के दौरान राजस्थान का एक वांछित अपराधी अभिजीत दीपके के साथ मंच पर नजर आया. राजस्थान पुलिस की चार सदस्यीय विशेष टीम वांटेड आरोपी रामचंद्र को गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंची थी, जहां CJP के प्रदर्शन के दौरान उसकी मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी. पुलिस सूत्रों के अनुसार, टीम ने मौके पर पहुंचकर उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी, लेकिन रामचंद्र पूरे समय अभिजीत दीपके और अन्य प्रमुख लोगों के साथ मंच के आसपास और भीड़ के बीच सक्रिय रूप से मौजूद रहा, जिससे उसे अलग-थलग कर कार्रवाई करना बेहद मुश्किल हो गया.
फरवरी 2025 में दर्ज हुआ था मामला
आरोपी के खिलाफ झुंझुनूं के कोतवाली थाने में धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला दर्ज है और पुलिस द्वारा कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद वह पूछताछ के लिए पेश नहीं हुआ है. रामचंद्र के खिलाफ फरवरी 2025 में झुंझुनू कोतवाली थाना में धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज है. रिपोर्ट में AVYAAN Automotive Pvt Ltd के जरिए गाड़ियों की खरीद-फरोख्त का जिक्र है.
17 लाख रुपये की धोखाधड़ी का है मामला
शिकायतकर्ता साजिद दीवान का आरोप है कि Range Rover Defender 130 दिलाने के नाम पर रामचंद्र ने उससे 17 लाख रुपये एडवांस लिए, लेकिन पैसे लेने के बाद न गाड़ी दी और न ही रकम वापस की गई. कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार मील के मुताबिक, पुलिस टीम ने करीब दो दिनों तक जंतर-मंतर पर डेरा डालकर उसकी हर गतिविधि पर बारीकी से निगरानी रखी और इंतजार किया कि जैसे ही वह भीड़ या मंच से अलग हो, तुरंत उसे हिरासत में लिया जा सके, लेकिन ऐसा कोई मौका नहीं मिला.

इंस्टा पर खुद को बताता CJP कोर टीम का मेंबर
उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के दौरान जब अभिजीत दीपके पर स्याही फेंके जाने की घटना हुई, उस समय भी रामचंद्र मौके पर मौजूद था और लगातार आयोजकों व अन्य लोगों के संपर्क में देखा गया. वह इंस्टाग्राम पर खुद कॉकरोच जनता पार्टी की कोर टीम का मेंबर भी बताता है. उसने अपने बॉयो में लिख रखा है- CJP Core Team Member.

भीड़भाड़, मंच पर उसकी लगातार मौजूदगी और संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर कोई जोखिम भरा कदम नहीं उठाया. फिलहाल रामचंद्र फरार है, उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और अधिकारियों का कहना है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढे़ं-
किसान की कमाई दीमक चट कर गई, पत्नी-बेटे से छुपाकर रखे थे 5 लाख रुपये, एक झटके में सब बर्बाद
किसान की कमाई दीमक चट कर गई, पत्नी-बेटे से छुपाकर रखे थे 5 लाख रुपये, एक झटके में सब बर्बाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं