- अहमदाबाद के आनंदनगर में पीजी हॉस्टल में एक छात्रा से दुष्कर्म की घटना सामने आई है.
- पीजी हॉस्टल के सुरक्षा गार्ड ने ही घटना को अंजाम दिया है. जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है.
- छात्रा जब हॉस्टल की छत पर अकेले टहल रही थी, तभी सुरक्षा गार्ड ने मौके का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया.
अहमदाबाद के आनंदनगर में पीजी हॉस्टल की छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोपी हॉस्टल की सुरक्षा में तैनात गार्ड निकला है, जो चार दिन पहले ही नौकरी पर आया था. पुलिस ने बताया कि जब छात्रा रात में 8 बजे के आसपास हॉस्टल की छत पर अकेले टहल रही थी, इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी ने घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने सीसीटीवी की छानबीन के आधार पर आरोपी सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़ित इंटीरियर डिजाइनिंग की पढ़ाई कर रही है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. क्योंकि विरोध के दौरान आरोपी ने वायर से उसका गला दबा दिया था.
अहमदाबाद के आनंदनगर में शनिवार की घटना
घटना शनिवार रात की बताई जा रही है. आनंदनगर की सोसाइटी में यह पीजी हॉस्टल है. जहां पीड़ित छात्रा पिछले एक साल से रह रही थी. वह अक्सर हॉस्टल की छत पर टहलने के लिए जाया करती थी. शनिवार की रात को भी जब वह टहलने के लिए गई, तभी हॉस्टल की लिफ्ट से आरोपी सुरक्षा गार्ड छत पर पहुंचा. यहां उसने जैसे ही छात्रा को अकेले टहलते हुए देखा तो उसने छात्रा का गला दबाया और उसके साथ दुष्कर्म किया. इस दौरान लड़की ने बचने की कोशिश की तो गार्ड ने उसका गला वायर से और दबा दिया. जिससे वह चिल्ला नहीं पाई और घायल भी हो गई.
ये भी पढ़ेंः 120 दिन से कोई वीक ऑफ नहीं, बिना गलती सीनियर करते थे टॉर्चर, महिला ने दे दी जान
रविवार सुबह पकड़ा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी को रविवार सुबह गिरफ्तार किया है. आरोपी का नाम धर्मसिंह बताया जा रहा है जो उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला है और अहमदाबाद में सुरक्षा गार्ड के रूप में कई कंपनियों में काम कर चुका है. पुलिस ने बताया कि धर्म सिंह ने छत पर पहुंचकर सीढ़ियों का गेट बंद कर लिया था. जिससे छात्रा नीचे नहीं भाग पाई. घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया था. लेकिन पुलिस को सीसीटीवी की तलाश में वह छत पर जाता हुआ दिखा था. जिसके बाद पुलिस ने तलाश तेज की और उसे अहमदाबाद के हेबतपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया है.
चार दिन पहले नौकरी पर आया था
पुलिस और लोकल क्राइम ब्रांच की टीम ने बताया कि बचने के लिए आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया था. लेकिन सीसीटीवी फुटेज बड़ा सबूत था, जिसके चलते उसकी गिरफ्तारी हुई है. आरोपी चार दिन पहले ही पीजी हॉस्टल में गार्ड की नौकरी पर आया था. उसका बैकग्राउंड वेरिफिकेशन भी नहीं था.
ये भी पढ़ेंः प्यार, धोखा, ड्रग्स और सऊदी कनेक्शन... प्रेमिका के पति को फंसाने की साजिश! कश्मीर पुलिस ने किया भंडाफोड़
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं