विज्ञापन

हाई यूरिक एसिड के मरीज प्रोटीन के लिए कौन सी दाल खाएं और किससे बचें? एक्सपर्ट का जवाब

हाई यूरिक एसिड होने पर कई लोग दाल खाना ही बंद कर देते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि इससे यूरिक एसिड और बढ़ जाएगा. लेकिन क्या सच में ऐसा है? जानिए प्रोटीन के लिए कौन-सी दाल बेहतर मानी जाती है.

हाई यूरिक एसिड के मरीज प्रोटीन के लिए कौन सी दाल खाएं और किससे बचें? एक्सपर्ट का जवाब
यूरिक एसिड में कौन सी दाल सही? यहां मिलेगा जवाब. ( Image NDTV)

हाई यूरिक एसिड का पता चलते ही सबसे पहले खानपान को लेकर कई सवाल सामने आने लगते हैं. सबसे बड़ी उलझन दाल को लेकर होती है. एक तरफ शरीर को प्रोटीन की जरूरत होती है, दूसरी तरफ यह डर भी रहता है कि कहीं दाल खाने से यूरिक एसिड और न बढ़ जाए. ऐसे में कई लोग दाल खाना ही बंद कर देते हैं. हालांकि, हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि ऐसा करना सही नहीं है. दालें प्रोटीन का अच्छा सोर्स हैं और इन्हें पूरी तरह छोड़ने के बजाय सही दाल और सही मात्रा चुनना ज्यादा जरूरी है.

क्या हाई यूरिक एसिड में दाल खानी चाहिए?

हाई यूरिक एसिड होने का मतलब यह नहीं है कि सभी दालें डाइट से हटा दी जाएं. दालों में प्लांट बेस्ड प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व होते हैं. हालांकि, इनमें प्यूरीन भी पाया जाता है, इसलिए बैलेंस्ड तरीके से खाने की सलाह दी जाती है. खासकर जिन लोगों को गाउट की समस्या है या यूरिक एसिड का स्तर काफी ज्यादा है, उन्हें अपनी डाइट डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह से तय करनी चाहिए.

प्रोटीन के लिए कौन-सी दाल बेहतर मानी जाती है?

जानकारों की मानें तो, मूंग दाल हाई यूरिक एसिड वाले लोगों के लिए बेहतर ऑप्शन मानी जाती है. यह हल्की होती है और आसानी से पच भी जाती है. दूसरी ओर मसूर, अरहर, उड़द, चना दाल, राजमा और छोले जैसी दालों और फलियों में प्यूरीन की मात्रा अपेक्षाकृत ज्यादा हो सकती है. इसका मतलब यह नहीं कि इन्हें पूरी तरह छोड़ देना चाहिए, बल्कि इनका सेवन सीमित मात्रा में और बैलेंस्ड डाइट के साथ करना बेहतर माना जाता है.

सिर्फ दाल नहीं, पूरी डाइट पर दें ध्यान

यूरिक एसिड को कंट्रोल करने के लिए सिर्फ दाल बदलना ही काफी नहीं है. पर्याप्त पानी पीना, वजन को कंट्रोल में रखना, मीठे पेय पदार्थों और शराब से दूरी बनाना, साथ ही रेड मीट और ऑर्गन मीट का सेवन कम करना भी उतना ही जरूरी माना जाता है. अगर यूरिक एसिड बार-बार बढ़ रहा है या गाउट के अटैक आते हैं, तो डॉक्टर की सलाह के बिना डाइट में बड़े बदलाव नहीं करने चाहिए. गाउट, यूरिक एसिड बढ़ने की वजह से होने वाला एक प्रकार का गठिया है, जिसमें अक्सर पैरों के अंगूठे समेत जोड़ों में तेज दर्द, सूजन और लाल होने की शिकायत होती है.

क्या दाल छोड़ देने से यूरिक एसिड कंट्रोल हो जाएगा?

इसका जवाब है नहीं. सिर्फ दाल छोड़ देने से यूरिक एसिड कंट्रोल नहीं होता. इसकी वजह सिर्फ एक खाद्य पदार्थ नहीं, बल्कि पूरी लाइफस्टाइल और खानपान होता है. इसलिए दालों को पूरी तरह छोड़ने की बजाय सही मात्रा, बैलेंस्ड डाइट और रेग्युलर मेडिकल सलाह पर ध्यान देना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है.

ये भी पढ़ें: बच्चे पैदा करना बंद कर दीजिए, जानिए आखिर डॉक्टर ने क्यों कही ये बात...

ये भी पढ़ें: Uric Acid Diet Chart: हाई यूरिक एसिड को कंट्रोल करने के लिए इस डाइट चार्ट को करें फॉलो, खुद घट जाएगा एसिड लेवल!

अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uric Acid, Uric Acid Diet, High Uric Acid Diet, High Uric Acid Badhne Par Kya Khaye, High Uric Acid Badhne Par Kya Nahi Khana Chaiye
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com