हार्ट अटैक या फिर हार्ट की बीमारी आज के समय में काफी ज्यादा कॉमन होती जा रही है. अक्सर हार्ट की बीमारी को लोग सीने में दर्द को ही समझ लेते हैं. लेकिन हर बार हार्ट की बीमारी होने पर सीने में दर्द हो, ये जरूरी नहीं होता है. हार्ट डिजीज या फिर हार्ट अटैक आने से पहले सीने में दर्द के साथ-साथ शरीर के कई अन्य हिस्सों में भी इसके लक्षण दिखाई देते हैं, जिसमें पैर भी शामिल है. सीके बिड़ला हॉस्पिटल के डायरेक्टर, कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. संजीव कुमार का कहना है कि हार्ट अटैक आने से पहले ही हमारा शरीर संकेत देना शुरू कर देता है.
हार्ट डिजीज के लक्षण पैरों में भी दिखाई देने लगते हैं. डॉक्टर आगे बताते हैं कि खराब ब्लड सर्कुलेशन और धमनियों में रुकावट का असर सबसे पहले पैरों पर नजर आ सकता है. इसलिए अगर पैरों में कुछ असामान्य लक्षण दिख रहे हैं, तो उन्हें नजरअंदाज करने की गलती न करें.
चलने पर पैरों में दर्द या ऐंठन होना
अगर आपको हल्का-फुल्का चलने पर भी पिंडलियों या पैरों में दर्द, खिंचाव या ऐंठन होने लगती है और आराम करने पर ठीक हो जाती है, तो ये पेरिफेरल आर्टरी डिजीज (PAD) का संकेत हो सकता है. डॉक्टर संजीव कहते हैं कि ये स्थिति हार्ट अटैक के बढ़े हुए खतरे से भी जुड़ी मानी जाती है. ऐसे में इसे इग्नोर करने से बचें.
पैरों और टखनों में सूजन
डॉक्टर कहते हैं कि अगर आपके पैरों या टखनों में बार-बार सूजन रहती है, जूते टाइट लगने लगे हैं या पैरों में भारीपन महसूस होता है, तो यह हार्ट की पंपिंग क्षमता कमजोर होने का संकेत हो सकता है. जब दिल सही तरीके से रक्त पंप नहीं कर पाता, तो शरीर में तरल पदार्थ जमा होने लगता है, जिससे पैरों में सूजन आ सकती है.
पैरों का हमेशा ठंडा रहना
डॉ. संजीव का कहना है कि गर्म मौसम में भी अगर आपके पैर लगातार ठंडे रहते हैं, तो इसका कारण खराब ब्लड सर्कुलेशन हो सकता है. उनका कहना है कि आर्टरी में संकुचन होने पर पैरों तक पर्याप्त रूप से ब्लड नहीं पहुंच पाता है, जिसकी वजह से वे ठंडे महसूस हो सकते हैं.
पैरों में घाव का देर से भरना
कार्डियोलॉजिस्ट बताते हैं कि पैरों में लगी छोटी चोट या घाव अगर लंबे समय तक नहीं भर रहा है, तो यह कमजोर रक्त संचार का संकेत हो सकता है. डॉक्टर का मानना है कि ऐसे लक्षण हार्ट और ब्लड वेसेल्स से जुड़ी समस्याओं की ओर इशारा कर सकते हैं.
पैरों मे ंजलन और झुनझुनी महसूस होना
डॉक्टर कहते हैं कि कुछ लोगों को रात में पैरों में जलन, सुन्नपन या झुनझुनी महसूस होती है. यह कई कारणों से हो सकता है, लेकिन कुछ मामलों में खराब ब्लड सर्कुलेशन और हार्ट डिजीज से भी इसका कनेक्शन देखा गया है.
ये भी पढ़ें - 'मेरा कोलेस्ट्रॉल बढ़ गया है'... क्या इसका मतलब हार्ट अटैक तय है? कार्डियोलॉजिस्ट ने दिया जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं