अक्सर हम लोग किचन में रखी छोटी-सी सौंफ को सिर्फ खाना खाने के बाद माउथ फ्रेशनर की तरह इस्तेमाल करके छोड़ देते हैं, लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि अगर यही सौंफ लगातार तीस दिनों तक पानी में भिगोकर सुबह खाली पेट पी ली जाए, तो शरीर पर इसका कितना गजब का असर हो सकता है? चलिए बिना देरी किए समझते हैं 30 दिन तक लगातार सौंफ का पानी पीने से शरीर में क्या बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
सौंफ का पानी बनाने का सही तरीका:
इसको बनाने का झंझट बिल्कुल नहीं है, बस आपको थोड़ा सा नियम बांधना होगा,
रात में भिगोएं:
रात को सोने से पहले एक गिलास सादे पानी में एक चम्मच सौंफ डालकर ढककर रख दें.
सुबह क्या करें:
सुबह उठकर देखेंगे तो पानी का रंग हल्का पीला या हरा सा हो चुका होगा और सौंफ अच्छे से फूल चुकी होगी.
पीने का तरीका:
इस पानी को छानकर हल्का गुनगुना करके या फिर सादा ही खाली पेट पी लें. आप चाहें तो भीगी हुई सौंफ को चबा भी सकते हैं.
लगातार 30 दिन पीने पर शरीर में क्या बदलाव दिखेंगे?
जब आप इस रूटीन को पूरे एक महीने तक फॉलो करते हैं, तो आपको खुद अपने शरीर में फर्क महसूस होने लगेगा,
पेट की सफाई और पाचन:
अगर सुबह पेट साफ होने में दिक्कत होती है, गैस या एसिडिटी परेशान करती है, तो यह पानी रामबाण का काम करता है. पेट एकदम हल्का-फुल्का रहने लगता है.
वजन पर असर:
यह कोई जादुई घोल नहीं है जो रातों-रात वजन घटा दे, लेकिन लगातार तीस दिन पीने से मेटाबॉलिज्म तेज होता है और शरीर की चर्बी खासतौर पर बैली फैट घटने में काफी मदद मिलती है.
चेहरे पर चमक:
पेट अंदर से साफ होता है तो उसका असर सीधे स्किन पर दिखता है. कील-मुंहासे कम होने लगते हैं और चेहरे पर एक अलग सा नेचुरल ग्लो आने लगता है.
आंखों की रोशनी और ठंडक:
सौंफ की तासीर ठंडी होती है, इसलिए यह गर्मियों में शरीर की अंदरूनी गर्मी को शांत रखती है। साथ ही, आंखों की सेहत के लिए भी यह बहुत फायदेमंद मानी जाती है.
इन बातों का रखें ध्यान:
- हर चीज की अति बुरी होती है, इसलिए सौंफ का पानी भी सीमित मात्रा में ही पिएं. दिनभर में एक गिलास काफी है.
- अगर आपको किसी गंभीर बीमारी की वजह से डॉक्टर ने कुछ खास खाने-पीने से मना किया है, तो एक बार अपनी डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें.
इसे भी पढ़ें: तुरई न खाने वाले भी किलो के हिसाब से खरीद लाएंगे, देखें रेसिपी वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं