कई लोगों की शिकायत होती है कि उनके पैर बार-बार सुन्न पड़ जाते हैं या पैरों में हर वक्त चींटी चलने जैसा महसूस होता रहता है. वहीं, कुछ लोग पैरों में जलन या एडी में दर्द की समस्या से परेशान रहते हैं. अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. इसे लेकर मशहूर सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की है. अपनी इस पोस्ट में उन्होंने इस तरह की परेशानी का कारण और इससे छुटकारा पाने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
क्या कहती हैं न्यूट्रिशनिस्ट?
श्वेता शाह बताती हैं, कभी-कभी पैरों का सुन्न पड़ जाना या चींटी चलने जैसा महसूस होना आम बात है. लेकिन अगर आपको अक्सर ऐसा महसूस होता है, तो ये शरीर में कुछ जरूरी पोषक तत्वों की कमी के चलते हो सकता है.
यह भी देखें-
पैरों में चींटी क्यों चलती हैं या बार-बार पैर सुन्न क्यों पड़ जाते हैं?इसे लेकर श्वेता शाह बताती हैं, पैरों में चींटी चलना या पैरों का बार-बार सुन्न पड़ना मैग्नीशियम की कमी से जुड़ा हो सकता है. इस परेशानी को ठीक करने के लिए आप अपनी डाइट में कद्दू के बीज, बादाम, पालक, काजू और डार्क चॉकलेट जैसी चीजें शामिल कर सकते हैं. इन सभी चीजों में मैग्नीशियम अच्छी मात्रा में पाया जाता है.
पैरों में ऐंठन हो तो क्या करें?अगर आपको पैरों में बार-बार ऐंठन महसूस होती है, तो ऐसा पोटैशियम की कमी के चलते हो सकता है. इस कंडीशन में न्यूट्रिशनिस्ट केला, नारियल पानी, शकरकंद और एवोकाडो जैसी चीजों को डाइट में शामिल करने की सलाह देती हैं.
तलवों में जलन हो तो क्या करें?अगर आपको हर समय अपने तलवों में जलन जैसा महसूस होता रहता है, तो ये विटामिन B12 की कमी के चलते हो सकता है. इसके लिए न्यूट्रिशनिस्ट दूध, दही, पनीर, अंडे और मछली जैसे खाद्य पदार्थ को डाइट में शामिल करने की सलाह देती हैं
ऐडी में दर्द रहता है तो क्या करें?अगर बिना ज्यादा काम किए या चले भी आपकी ऐडी में दर्द रहता है, तो न्यूट्रिशनिस्ट इसे विटामिन डी की कमी का कारण बताती हैं. इस परेशानी को ठीक करने के लिए रोज थोड़ी देर सुबह की धूप लें, फोर्टिफाइड फूड्स खाएं. अगर इसके बाद भी आराम नहीं मिलता है, तो एक्सपर्ट की सलाह के बाद विटामिन डी के सप्लीमेंट्स लिए जा सकते हैं.
पैर हमेशा ठंडे रहते हैं तो क्या करें?इन सब से अलग अगर आपके पैर हमेशा ठंडे रहते हैं, तो ऐसा आयरन की कमी के चलते हो सकता है. इस परेशानी से निजात पाने के लिए श्वेता शाह पालक, तिल, खजूर, गुड़ और दाल को डाइट में शामिल करने की सलाह देती हैं.
यहां देखें पोस्ट-
यह भी पढ़ें- Upper Lips और ठुड्डी के बालों को कम कैसे करें? एक्सपर्ट ने बताया लड़कियों के लिए सबसे असरदार तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं