"पेशाब करना है, लेकिन ऑफिस जल्दी पहुंचना है, चलो छोड़ो बाद में कर लेंगे." इस तरह के कई सिचुएशन, जैसे- ऑफिस की मीटिंग हो, लंबा ट्रैफिक जाम हो या फिर सफर के दौरान साफ वॉशरूम न मिल रहा हो में फंसकर अक्सर हम पेशाब को लंबे समय तक रोक लेते हैं. कभी-कभार ऐसा करना नॉर्मल है, लेकिन अगर आपकी ये एक आदत बन चुकी है, तो इसका असर आपकी सेहत पर पड़ सकता है. जी हां, पेशाब को अगर आप लंबे समय तक रोकते हैं, तो इससे सेहत को नुकसान पहुंच सकता है. यहां गुरुग्राम स्थित सीके बिड़ला हॉस्पिटल के यूरोलॉजिस्ट डिपार्टमेंट के डायरेक्टर शलभ अग्रवाल से जानते हैं पेशाब को कितनी देर तक रोक सकते हैं?
पेशाब को कितने घंटे रोक सकते हैं?
डॉ. शलभ का कहना है कि स्वस्थ वयस्क व्यक्ति आमतौर पर हर 3 से 4 घंटे में पेशाब करता है. डॉक्टर का कहना है कि पेशाब आने के बाद उसे सिर्फ उतनी देर रोकना चाहिए, जितनी देर में आप वॉशरूम तक पहुंच सकें. अधिकतर लोगों का ब्लैडर 300 से 500 मिलीलीटर तक यूरिन स्टोर कर सकता है, लेकिन इसकी क्षमता हर व्यक्ति में अलग हो सकती है.
पेशाब रोकने पर शरीर में क्या-क्या होता है?
डॉक्टर बताते हैं कि हमारी किडनी लगातार यूरिन बनाती रहती है और ये ब्लैडर में जमा होती रहती है, जैसे-जैसे ब्लैडर भरता है, वह दिमाग को संकेत भेजता है कि अब यूरिन पास करने का समय हो गया है. जब आप इस संकेत को इग्नोर करते हैं, तो ब्लैडर पर प्रेशर बढ़ने लगता है और आप डिसकंफर्ट महसूस करने लगते हैं.
लंबे समय तक पेशाब रोकने से क्या परेशानी हो सकती है?
अगर आप ज्यादा देर तक पेशाब रोकते हैं, तो इससे कई तरह की दिक्कतें होने लगती हैं, जैसे-
- यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन का खतरा रहता है.
- ब्लैडर की मांसपेशियां कमजोर हो सकती हैं.
- पेट के निचले हिस्से में दर्द हो सकता है.
- किडनी पर भी पड़ सकता है असर
क्या रातभर पेशाब न करना नॉर्मल है?
हां, कई लोग रात में 6 से 8 घंटे तक बिना पेशाब किए सोते हैं. ऐसा इसलिए होता है क्योंकि नींद के दौरान शरीर कम मात्रा में यूरिन बनाता है. लेकिन दिनभर जानबूझकर पेशाब रोकना और रात की नींद में पेशाब न आना दोनों अलग-अलग स्थितियां हैं.
ये भी पढ़ें - इन 3 बीमारियों के कारण पेशाब करने के बाद भी आता रहता है पेशाब, टॉयलेट सीट पर चिपके रहते हैं आप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं