विज्ञापन

पेशाब में झाग क्यों आता है? यूनानी डॉक्टर से जानें इसके कारण, संकेत और घरेलू उपाय

पेशाब में बार-बार झाग दिखना कभी-कभी पानी की कमी, यूरिन इन्फेक्शन या प्रोटीन लीकेज का संकेत हो सकता है. जानिए यूनानी विशेषज्ञ डॉ. सैयद अहमद खान से झागदार पेशाब के कारण, कब चिंता करनी चाहिए और राहत के लिए किन उपायों पर ध्यान देना चाहिए.

पेशाब में झाग क्यों आता है? यूनानी डॉक्टर से जानें इसके कारण, संकेत और घरेलू उपाय

कई बार टॉयलेट जाते वक्त हम देखते हैं कि पेशाब में साबुन जैसा सफेद झाग बन रहा है. ज्यादातर लोग इसे पानी के तेज बहाव का असर समझकर छोड़ देते हैं और इस पर कोई खास ध्यान नहीं देते. अगर यह झाग कभी कभार बने तो चिंता की बात नहीं होती, लेकिन अगर हर बार पेशाब करते समय कमोड में गाढ़ा झाग तैरता दिखे और वह फ्लश करने के बाद भी आसानी से न जाए, तो इसे हल्के में लेना बहुत भारी पड़ सकता है. यह हमारे शरीर के अंदरूनी अंगों, खास तौर पर गुर्दों यानी किडनी की तरफ से मिलने वाला एक जरूरी संकेत हो सकता है.

इस बारे में जब हमने सफदरजंग अस्पताल के यूनानी मेडिकल सेंटर में पूर्व डिप्टी डायरेक्टर एवं हेड रह चुके जाने माने यूनानी विशेषज्ञ डॉ. सैयद अहमद खान से बात की, तो उन्होंने बहुत ही सरल शब्दों में समझाया कि आखिर ऐसा क्यों होता है और यूनानी नुस्खों के जरिए हम कैसे इससे राहत पा सकते हैं.

पेशाब में झाग बनने के पीछे क्या हैं मुख्य कारण?

डॉ. सैयद अहमद खान के मुताबिक यूनानी चिकित्सा में पेशाब के रंग, गाढ़ेपन और झाग को देखकर शरीर के मिजाज का अंदाजा लगाया जाता है. पेशाब में झाग आने की कई मुख्य वजहें हो सकती हैं:

पानी की भारी कमी: जब हम दिनभर बहुत कम पानी पीते हैं, तो शरीर डिहाइड्रेट हो जाता है. इससे पेशाब बहुत ज्यादा गाढ़ा और पीला हो जाता है. गाढ़े पेशाब में यूरिया और मिनरल्स की मात्रा बढ़ जाती है, जिससे टॉयलेट पॉट से टकराते ही झाग बनने लगता है.
यूरिन में प्रोटीन का निकलना: मेडिकल भाषा में इसे प्रोटीन्यूरिया कहते हैं. हमारी किडनियों का मुख्य काम खून को छानना और जरूरी चीजों को शरीर में रोककर कचरे को बाहर निकालना होता है. जब गुर्दों की छलनी यानी नेफ्रॉन्स कमजोर पड़ने लगते हैं, तो प्रोटीन पेशाब के रास्ते बाहर बहने लगता है. पेशाब में प्रोटीन की मात्रा बढ़ने पर झागदार पेशाब दिखाई दे सकता है, इसलिए डॉक्टर अक्सर जांच की सलाह देते हैं.
यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन (UTI): अगर पेशाब की नली में बैक्टीरिया का संक्रमण हो गया है, तो पेशाब में झाग के साथ साथ तेज जलन, बदबू और बार बार टॉयलेट जाने की हाजत महसूस होती है.
डायबिटीज और हाई बीपी: लंबे समय से अनकंट्रोल शुगर और बढ़ा हुआ ब्लड प्रेशर सीधे हमारे गुर्दों की नसों पर दबाव डालते हैं, जिससे पेशाब में झाग आना शुरू हो जाता है.
बहुत ज्यादा तेज स्पीड से पेशाब करना: जब पेशाब बहुत देर तक रोककर रखा जाता है और फिर बहुत तेजी से पास किया जाता है, तो भी हवा के दबाव से अस्थायी रूप से झाग दिख सकता है.

Also Read: सिगरेट पीने वालों को सुबह-सुबह क्यों आती है ज्यादा खांसी? यूनानी एक्सपर्ट ने बताया राहत के ल‍िए क्‍या खाएं

डॉ. सैयद अहमद खान के बताए आसान यूनानी नुस्खे

डॉक्टर साहब का कहना है कि अगर झाग किसी बड़ी बीमारी की वजह से नहीं है और सिर्फ शरीर की अंदरूनी गर्मी या पानी की कमी से है, तो कुछ आसान यूनानी और देसी तरीकों से इसे काफी हद तक ठीक किया जा सकता है:

जौ का पानी: यूनानी पद्धति में जौ के पानी यानी माउल शहीर को पेशाब की गर्मी दूर करने के लिए सबसे मुफीद माना गया है. दो चम्मच साफ साबुत जौ को दो गिलास पानी में तब तक उबालें जब तक पानी आधा न रह जाए. इसे ठंडा करके दिन में एक बार पीने से पेशाब खुलकर आता है और जलन व झाग से राहत मिलती है.
धनिए के बीज का काढ़ा: एक चम्मच सूखा साबुत धनिया रात को एक गिलास पानी में भिगो दें. सुबह इसे हल्का सा उबालकर छान लें और गुनगुना होने पर पिएं. यह नुस्खा गुर्दों से टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में बहुत मददगार है.
गोंद कतीरा का इस्तमाल: गर्मियों के मौसम में शरीर में बढ़ी हुई हिद़्दत यानी गर्मी की वजह से पेशाब में झाग बनने लगता है. ऐसे में रात को थोड़ा सा गोंद कतीरा पानी में भिगो दें और सुबह इसे मिश्री मिले पानी या दूध में मिलाकर पिएं. इसकी तासीर बेहद ठंडी होती है. Also Read: यूनानी डॉक्टर का बताया रामबाण नुस्खा, बुखार, पाचन और शुगर के लिए बेस्ट है चिरायता, जानें फायदे और खाने का तरीका
तरबूज और खीरा खाएं: अपनी डाइट में पानी से भरपूर फल जरूर शामिल करें. तरबूज के बीज या उसका गूदा और खीरा खाने से शरीर का यूरिक एसिड कंट्रोल में रहता है और किडनियों का भार कम होता है.
शरबत ए बजूरी मोतदिल: यह एक बहुत ही मशहूर यूनानी दवा है, जो पेशाब की नली की सूजन, जलन और गुर्दों की गर्मी को दूर करने के लिए दी जाती है. डॉक्टर की सलाह से दो चम्मच शरबत सादे पानी में मिलाकर कुछ दिन लिया जा सकता है. किसी भी यूनानी दवा का सेवन विशेषज्ञ की सलाह के बाद ही करना चाहिए, खासकर यदि आपको किडनी, डायबिटीज या अन्य पुरानी बीमारी है.

Also Read: रोज करी पत्ता का पानी पीने से क्या होता है?

रोजमर्रा की जिंदगी में इन बातों का रखें ध्यान

  1. दिनभर में कम से कम 8 से 10 गिलास सादा पानी जरूर पिएं, ताकि पेशाब का रंग बिल्कुल हल्का पीला या पानी जैसा साफ रहे.
  2. खाने में बहुत ज्यादा नमक, ज्यादा मिर्च मसाले और पैकेट बंद चीजों का इस्तमाल कम करें, क्योंकि ये किडनियों पर बहुत दबाव डालते हैं.
  3. पेशाब को कभी भी बहुत ज्यादा देर तक रोककर न रखें.
  4. अगर आपकी उम्र 40 से ज्यादा है, तो साल में एक बार रूटीन यूरिन टेस्ट और ब्लड शुगर की जांच जरूर कराएं.

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)

सवाल 1: क्या पेशाब में झाग आना हमेशा किडनी खराब होने की निशानी है?
जवाब: बिल्कुल नहीं. हर झाग किडनी फेलियर का संकेत नहीं होता. कई बार सिर्फ पानी कम पीने, तेज बहाव या ज्यादा प्रोटीन डाइट लेने से भी झाग बन सकता है. हां, अगर यह हफ्तों तक लगातार बना रहे, तो डॉक्टर को दिखाकर यूरिन रूटीन टेस्ट जरूर कराना चाहिए.

सवाल 2: सामान्य झाग और बीमारी वाले झाग में क्या फर्क होता है?
जवाब: जो झाग केवल पानी के प्रेशर से बनता है, वह कुछ ही सेकंड में अपने आप गायब हो जाता है. लेकिन अगर झाग साबुन के फेने की तरह बहुत गाढ़ा है और फ्लश करने के बाद भी पॉट में चिपका रहता है, तो वह प्रोटीन लीकेज का संकेत हो सकता है.

सवाल 3: पेशाब में झाग दिखे तो कौन सा टेस्ट कराना चाहिए?
जवाब: सबसे पहले एक साधारण यूरिन रूटीन एंड माइक्रोस्कोपी (Urine R/M) टेस्ट कराना चाहिए. इससे यह साफ पता चल जाता है कि पेशाब में प्रोटीन यानी एल्ब्यूमिन आ रहा है या कोई इन्फेक्शन है.

एक्सपर्ट के बारे में: डॉ. सैयद अहमद खान यूनानी चिकित्सा के वरिष्ठ विशेषज्ञ हैं. वे नई दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल के यूनानी मेडिकल सेंटर में पूर्व डिप्टी डायरेक्टर एवं हेड रह चुके हैं. वर्तमान में वे दरीयागंज स्थित सदर यूनानी क्लिनिक में प्रैक्टिस करते हैं और श्वसन रोगों, पाचन संबंधी समस्याओं तथा लाइफस्टाइल डिजीज के यूनानी उपचार में विशेष अनुभव रखते हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Food, Urin, Health, Foamy Urine Causes, Foamy Urine
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com