आज के समय में बाहर खाना हममें से ज्यादातर लोगों की लाइफस्टाइल का एक अहम हिस्सा बन गया है. वीकेंड हो या कोई खास मौका, दोस्तों और परिवार के साथ बाहर जाकर खाना-पीना किसे पसंद नहीं है? लेकिन बाहर का खाना कई बार हमारी सेहत पर भारी पड़ सकता है. हाल ही में महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग यानी FDA के एक्शन और छापों के बाद से खाने की शुद्धता और साफ-सफाई को लेकर लोगों के मन में कई सवाल खड़े हो गए हैं.
महाराष्ट्र FDA के कमिश्नर तुकाराम मुंडे अपनी सख्त कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने हाल ही में एनडीवी के एक इंटरव्यू में कुछ ऐसी जरूरी बातें बताई हैं, जिन्हें हर खाने वाले को होटल या रेस्टोरेंट जाने से पहले जरूर ध्यान में रखना चाहिए.
बाहर खाने से पहले इन 4 बातों का जरूर रखें ध्यान- (Tukaram Mundhe Checklist)
1. ज्यादा तेल, चीनी और मैदे वाली चीजों से बनाएं दूरी-
तुकाराम मुंडे का कहना है कि वे आम तौर पर ऐसी चीजों से दूर ही रहते हैं जिनमें बहुत ज्यादा फैट, चीनी या नमक होता है. हालांकि, उनका यह भी मानना है कि कभी-कभार ऐसा खाना खाने में कोई बुराई नहीं है. लेकिन यह आपकी रोज की आदत नहीं बननी चाहिए. अगर आप रोज-रोज ऐसा अनहेल्दी खाना खाएंगे, तो आपका शरीर बीमारियों का घर बन जाएगा. इसलिए अपनी डाइट में बैलेंस रखना बहुत जरूरी है.

Photo Credit: iStock
2. साफ-सफाई पर सबसे ज्यादा दें ध्यान-
रेस्टोरेंट जाते ही सबसे पहले वहां की हाइजीन यानी साफ-सफाई को अच्छी तरह देखें. मुंडे साफ चेतावनी देते हैं कि गंदे माहौल में खाना खाने से बीमार होने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है. गंदे बर्तनों, मक्खियों या खराब माहौल की वजह से खाने में कीटाणु फैल सकते हैं, जिसे क्रॉस-कंटामिनेशन कहते हैं. इसकी वजह से फूड पॉइजनिंग यानी पेट खराब होने और उल्टी-दस्त जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं. इसलिए उसी जगह खाना खाएं जहां चारों तरफ साफ-सफाई का पूरा ख्याल रखा जाता हो.
3. हमेशा लाइसेंस वाली जगह पर ही जाएं-
खाना खाने से पहले इस बात की तसल्ली जरूर कर लें कि आप जिस रेस्टोरेंट या होटल में गए हैं, उसके पास सरकार का वैध लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन है या नहीं. FDA कमिश्नर का मानना है कि लाइसेंस वाली जगहें नियमों और साफ-सफाई के मानकों को बेहतर तरीके से समझती हैं. हालांकि इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि बिना लाइसेंस वाले सभी होटल खराब ही होते हैं, लेकिन लाइसेंस होने से यह भरोसा रहता है कि वे तय नियमों का पालन करने के लिए पाबंद हैं.
4. अपनी उम्र के हिसाब से चुनें अपना खाना-
तुकाराम मुंडे की चौथी और सबसे अहम सलाह यह है कि हमें हमेशा अपनी उम्र और शरीर की जरूरत के हिसाब से ही खाना चाहिए. चाहे आप घर पर खाना खा रहे हों या किसी महंगे रेस्टोरेंट में, आपकी उम्र के हर पड़ाव पर शरीर को अलग-अलग पोषक तत्वों की जरूरत होती है. जवानी में जो खाना आसानी से पच जाता है, वह बढ़ती उम्र में नुकसान भी कर सकता है. इसलिए अपनी सेहत और उम्र को ध्यान में रखकर ही खाने की चीजों का चुनाव करें.
वीडियो के लिए यहां क्लिक करें-
ये भी पढ़ें- 9 ऐसे फूड्स जो सालों नहीं, दशकों तक खराब नहीं होते! नंबर 1 जानकर रह जाएंगे हैरान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं