Mango Seed Benefits For Skin: गर्मियों में आम खाना हर किसी को पसंद होता है, लेकिन आम खाने के बाद उसकी गुठली अक्सर सीधे कूड़ेदान में चली जाती है. क्या आप जानते हैं कि यही साधारण दिखने वाली आम की गुठली आपकी त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकती है? तेज गर्मी, लू और धूप के कारण त्वचा में ड्राइनेस, रैशेज, जलन और टैनिंग जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं. ऐसे में त्वचा को प्राकृतिक तरीके से राहत देने के लिए आम की गुठली का इस्तेमाल किया जा सकता है. डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. दीपाली भारद्वाज के अनुसार, आम की गुठली में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट, फैटी एसिड और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण स्किन को हीटवेव के नुकसान से बचाने में मदद कर सकते हैं. हालांकि, इसे सही तरीके और सावधानी के साथ इस्तेमाल करना जरूरी है. आइए जानते हैं कि आम की गुठली आपकी स्किन के लिए कैसे फायदेमंद हो सकती है.
हीटवेव में त्वचा को कैसे फायदा पहुंचाती है आम की गुठली?
रिसर्च के अनुसार, आम की गुठली में पॉलीफेनॉल्स, फ्लेवोनॉयड्स और गैलिक एसिड जैसे तत्व पाए जाते हैं. ये तत्व त्वचा को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने में मदद करते हैं, जो तेज धूप और UV किरणों के कारण बढ़ता है.
डॉ. दीपाली भारद्वाज बताती हैं कि गर्मी के दौरान स्किन की बाहरी परत यानी स्किन बैरियर कमजोर होने लगती है. ऐसे में आम की गुठली से बना पाउडर या ऑयल त्वचा को शांत करने और डैमेज रिपेयर करने में मदद कर सकता है.
1. त्वचा की ड्राइनेस कम करने में मददगार
गर्मी के मौसम में शरीर से पानी तेजी से निकलता है, जिससे त्वचा रूखी और बेजान हो जाती है. आम की सूखी गुठली का पाउडर त्वचा को मॉइश्चर देने में मदद कर सकता है.
इसमें मौजूद फैटी एसिड त्वचा को नरम बनाए रखने में सहायक होते हैं. अगर आपकी त्वचा बहुत ज्यादा ड्राई हो रही है, तो आम की गुठली का फेस पैक राहत दे सकता है.

Photo Credit: unsplash
2. स्किन हाइड्रेशन बनाए रखने में सहायक
हीटवेव के दौरान त्वचा जल्दी डिहाइड्रेट हो जाती है. इससे चेहरा फीका और थका हुआ नजर आने लगता है. आम की गुठली त्वचा की नमी को बनाए रखने में मदद कर सकती है और स्किन बैरियर को मजबूत बनाने में सहायक हो सकती है. इससे त्वचा ज्यादा हेल्दी और ग्लोइंग दिख सकती है.
3. एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर
आम की गुठली में शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं जो त्वचा को फ्री रेडिकल्स के नुकसान से बचाते हैं. गर्मी में अक्सर लोगों को रेडनेस, जलन और छोटे-छोटे रैशेज की समस्या हो जाती है. आम की गुठली में मौजूद एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण इन परेशानियों को कम करने में मदद कर सकते हैं.
4. मुंहासों और जलन में मिल सकती है राहत
गर्मी में पसीना और धूल-मिट्टी के कारण एक्ने और स्किन इरिटेशन की समस्या बढ़ जाती है. आम की गुठली का पाउडर त्वचा को शांत करने और सूजन कम करने में मदद कर सकता है. हालांकि, इसका असर हर व्यक्ति की त्वचा पर अलग हो सकता है.

Photo Credit: unsplash
स्किनकेयर में कैसे करें इस्तेमाल?
- सबसे पहले आम की गुठली को अच्छी तरह सुखाएं.
- सूखने के बाद इसे पीसकर पाउडर बना लें.
- इस पाउडर में पानी या दूध मिलाकर पेस्ट तैयार करें.
- इसे चेहरे पर 10-15 मिनट लगाएं और फिर धो लें.
आम के बीज का तेल
आजकल कई स्किनकेयर क्रीम और बाम में मैंगो सीड ऑयल का इस्तेमाल किया जाता है. यह त्वचा को ठंडक और आराम देने में मदद कर सकता है. कोई भी प्रोडक्ट खरीदने से पहले उसका लेबल जरूर पढ़ें.
इस्तेमाल से पहले रखें ये सावधानियां:
- पहले पैच टेस्ट जरूर करें.
- अगर खुजली, लालपन या जलन हो तो इस्तेमाल बंद करें.
- इसे सनस्क्रीन का विकल्प बिल्कुल न समझें.
- जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल न करें.
- हर स्किन टाइप पर इसका असर अलग हो सकता है.
डॉक्टर की सलाह: हीटवेब में ऐसे रखें स्किन का ख्याल
डॉ. दीपाली भारद्वाज के अनुसार भरपूर पानी पिएं, रोज सनस्क्रीन लगाएं, दोपहर की तेज धूप से बचें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें, त्वचा को सांस लेने दें.
इस गर्मी आम की गुठली को बेकार समझकर फेंकने से पहले एक बार जरूर सोचिए. सही तरीके से इस्तेमाल करने पर यह आपकी त्वचा के लिए एक नेचुरल और असरदार उपाय साबित हो सकती है.
ये भी पढ़ें:
47°C की भीषण गर्मी में कैसे बचाएं खुद को और परिवार को? हर उम्र के लिए जरूरी टिप्स
PM Modi Heatwave Advisory: 46°C में खुद को ऐसे रखें Safe, बुजुर्गों-पशुओं का रखें ध्यान
Pregnancy या Pressure? मां बनने के फैसले पर परिवार, मानसिक तनाव और नौकरी खोने के डर की पड़ताल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं