विज्ञापन

क्या पैर में होने वाला दर्द कमर की नस दबने का संकेत हो सकता है?

क्या आपको पैरों में दर्द हो रहा है? अगर हां, तो ये कमर के नस दबने का भी संकेत हो सकता है. यहां समझते हैं इस विषय को डॉक्टर से अच्छी तरह से-

क्या पैर में होने वाला दर्द कमर की नस दबने का संकेत हो सकता है?
Spine and Back pain : नस दबने के लक्षण

Spine Pain : अक्सर लोग पैरों में होने वाले दर्द, झनझनाहट या सुन्नपन को थकान, कमजोरी या मांसपेशियों में खिंचाव समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन कई बार यह दर्द सिर्फ पैर की समस्या नहीं होता, बल्कि इसकी जड़ कमर में छिपी हो सकती है. डॉक्टर का कहना है कि रीढ़ की हड्डी से निकलने वाली नसों पर दबाव पड़ने से दर्द कमर से शुरू होकर कूल्हों, जांघों और पैरों तक फैल सकता है.

नारायणा हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट, न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. कृष्ण कुमार बंसल का कहना है कि अगर कमर दर्द के साथ पैर में झनझनाहट, सुन्नपन या कमजोरी महसूस हो रही है, तो इसे सामान्य दर्द समझकर टालना नहीं चाहिए. समय रहते जांच कराने से समस्या की सही वजह का पता लगाया जा सकता है. यहां जानते हैं पैरों में होने वाला दर्द कमर की नस दबने के संकेत होते हैं क्या?

नस पर दबाव क्यों पड़ता है?

रीढ़ की हड्डी कई हड्डियों और उनके बीच मौजूद डिस्क से मिलकर बनी होती है. ये डिस्क शरीर को झटकों से बचाने और रीढ़ को लचीला बनाए रखने का काम करती हैं. बढ़ती उम्र, डिस्क में घिसाव या किसी अन्य बदलाव के कारण डिस्क का हिस्सा बाहर की ओर निकल सकता है और पास की नस पर दबाव डाल सकता है. इसके अलावा स्पाइनल कैनाल का संकरा होना या हड्डियों में उम्र से जुड़े बदलाव भी नसों को प्रभावित कर सकते हैं.

साइटिका हो सकता है कारण

डॉक्टर बताते हैं कि जब कमर से निकलने वाली नस दबती है या उसमें जलन होती है, तो दर्द कमर से होकर एक पैर तक फैल सकता है. इस स्थिति को आमतौर पर साइटिका कहा जाता है. हालांकि, हर पैर दर्द साइटिका के कारण नहीं होता, इसलिए सही निदान जरूरी है.

नस दबने के क्या-क्या लक्षण हो सकते हैं?

  • कमर का दर्द पैर तक फैलना
  • लंबे समय तक बैठने या खड़े रहने पर दर्द बढ़ना
  • पैर में झनझनाहट या सुन्नपन महसूस होना
  • पैर की मांसपेशियों में कमजोरी आना
  • चलने-फिरने में परेशानी होना

डॉ. बंसल का कहना है कि लक्षण इस बात पर निर्भर करते हैं कि कौन-सी नस प्रभावित हुई है और समस्या कितनी गंभीर है.

क्या हर मरीज को सर्जरी की जरूरत पड़ती है?

नहीं, ज्यादातर मामलों में इलाज बिना ऑपरेशन के भी संभव होता है. फिजियोथेरेपी, नियमित व्यायाम, जीवनशैली में बदलाव और डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाओं से काफी राहत मिल सकती है. लंबे समय तक बिस्तर पर पड़े रहने की बजाय शरीर को अपनी क्षमता के अनुसार सक्रिय रखना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है.

डॉ. कृष्ण कुमार बंसल कहते हैं कि कमर से पैर तक जाने वाले दर्द को सिर्फ थकान या बढ़ती उम्र का असर मानना सही नहीं है. सही समय पर जांच और इलाज से न सिर्फ दर्द से आराम दिलाता है, बल्कि अन्य रिस्क को भी कम कर सकता है.

ये भी पढ़ें - ये 1 चीज उबाल कर पी लो उम्र दोगुनी हो जाएगी, हाथ-पैरों के दर्द और नसों की ब्लॉकेज से भी मिल सकती है राहत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
World Spine Day, Spine Pain, Leg Pain, Leg Pain At Night, Health
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com