विज्ञापन

कौन सी दवा कब खाएं? डॉक्टर से जानिए

दवा का सही असर तभी मिलता है जब उसे सही समय पर लिया जाए. जानिए कौन सी दवा सुबह, रात, खाने से पहले या बाद में लेना बेहतर होता है.

कौन सी दवा कब खाएं? डॉक्टर से जानिए
सही समय पर दवा खाने से जल्दी मिलेगा फायदा
NDTV

दवा लेना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है उसे सही समय पर लेना. कई लोग डॉक्टर की सलाह के मुताबिक दवा तो शुरू कर देते हैं. लेकिन ये नहीं जानते कि उसे सुबह लेना बेहतर है या रात में, खाने से पहले या बाद में. ऐसे में दवा का असर कम हो सकता है. हर दवा का समय अलग हो सकता है और सही टाइमिंग से उसका फायदा भी बढ़ जाता है.

कौन सी दवा कब लेनी चाहिए और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है, इस पर एनडीटीवी ने डॉ. चारू दत्त अरोड़ा से बात की. डॉ. अरोड़ा एक प्रमुख भारतीय कंसल्टेंट फिजिशियन हैं और जेरियाट्रिक्स, पैलिएटिव केयर और होम हेल्थकेयर के विशेषज्ञ हैं.

कोलेस्ट्रॉल की दवा रात में लेना बेहतर

डॉक्टर दत्त बताते हैं कि अगर आप कोलेस्ट्रॉल कम करने की दवा लेते हैं,.तो ज्यादातर मामलों में इसे रात में लेने की सलाह दी जाती है. इसकी वजह ये है कि शरीर रात के समय ज्यादा कोलेस्ट्रॉल बनाता है. ऐसे में रात को दवा लेने से ये बेहतर तरीके से काम कर सकती है. हालांकि कुछ नई दवाओं के लिए समय अलग भी हो सकता है, इसलिए डॉक्टर की सलाह जरूर मानें.

यूरीन बढ़ाने वाली दवा सुबह लें

डाइयुरेटिक्स यानी शरीर से अतिरिक्त पानी और नमक बाहर निकालने वाली दवाएं सुबह लेना सबसे अच्छा माना जाता है. अगर इन्हें शाम या रात में लिया जाए तो बार-बार यूरिन आने की वजह से रात की नींद खराब हो सकती है. इसलिए इन दवाओं को सुबह लेना ज्यादा कंफर्टेबल रहता है.

थायराइड की दवा खाली पेट लें

थायराइड की दवा का असर सही तरीके से हो, इसके लिए इसे सुबह खाली पेट लेना चाहिए. दवा लेने के बाद कम से कम 30 से 60 मिनट तक कुछ भी खाना-पीना नहीं चाहिए. अगर सुबह लेना संभव न हो तो रात के खाने के 3 से 4 घंटे बाद भी इसे लिया जा सकता है. ध्यान रखें कि कैल्शियम और आयरन की दवाओं से कम से कम 4 घंटे का अंतर रखें.

कैल्शियम की गोली खाने के साथ लें

कैल्शियम सप्लीमेंट खाने के साथ लेने से शरीर उसे बेहतर तरीके से एब्जॉर्ब कर पाता है. अगर आपको 600 मिलीग्राम से ज्यादा कैल्शियम लेना है. तो पूरी मात्रा एक साथ लेने के बजाय अलग-अलग भोजन के साथ बांटकर लें. इससे शरीर को ज्यादा फायदा मिलता है.

एसिडिटी की दवा खाने से पहले लें

एसिडिटी और सीने में जलन की दवाएं भोजन से 30 से 60 मिनट पहले लेना सबसे अच्छा माना जाता है. इससे ये दवाएं पेट में बनने वाले एक्स्ट्रा एसिड को पहले ही काबू कर लेती हैं और खाने के बाद होने वाली जलन या परेशानी से राहत मिलती है.

अगर समय तय नहीं है तो क्या करें?

हर दवा के लिए कोई खास समय जरूरी नहीं होता. अगर आपकी दवा के साथ समय नहीं बताया गया है, तो डॉक्टर या फार्मासिस्ट से एक बार जरूर पूछ लें. इसके बाद सबसे जरूरी बात है रेगुलर रहना. रोज एक ही समय पर दवा लेने की आदत बनाएं. दवा को अपनी रोजमर्रा की किसी आदत, जैसे सुबह ब्रश करने या रात को पानी पीने, के साथ जोड़ दें. चाहें तो पिल बॉक्स का इस्तेमाल करें या मोबाइल में रिमाइंडर लगा लें. इससे दवा छूटने की संभावना काफी कम हो जाती है.

इसे भी पढ़ें: उम्र के हिसाब से कितना प्रोटीन लेना चाहिए? जानें क्या है सही मात्रा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Medication Timing, When To Take Medicine
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com