विज्ञापन
23 days ago

Bankipur Datia Manjalpur By-Elections News Highlights: बिहार के बांकीपुर, मध्य प्रदेश के दतिया और गुजरात के मांजलपुर विधानसभा में आज उपचुनाव के लिए मतदान हुआ. इन तीन में से दो सीटों पर पहले से भाजपा के विधायक थे. जबकि एक कांग्रेस के खाते में थी. सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक तीनों सीटों पर मतदान हुआ. तीनों सीटों पर वोटिंग के नतीजे 3 अगस्त को आएंगे. यूं तो तीनों सीटें महत्वपूर्ण हैं, लेकिन सबसे ज्यादा नजर बिहार के बांकीपुर सीट पर रहेगी. क्योंकि इस सीट पर उपचुनाव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के कारण हो रही है. यहां से जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पहली बार चुनावी राजनीति में अपना किस्मत आजमा रहे हैं. ऐसे में बांकीपुर पर केवल पटना ही नहीं दिल्ली तक की नजरें टिकी है.

मतदान के बीच भाजपा ने चुनाव आयोग को लिखित शिकायत देकर कहा है कि बांकीपुर में जन सुराज फर्जी वोटिंग करवा सकती है. ऐसे में सभी वोटरों के EPIC ID और नाम का मिलान सख्ती से किया जाए.

दूसरी ओर दतिया में मध्य प्रदेश के कद्दावर भाजपा नेता रहे नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिए जाने के कारण भारी बवाल हुआ था. ऐसे में दतिया पर भी सबकी नजर रहेगी. तीसरी सीट गुजरात का मांजलपुर है, जहां भाजपा कांग्रेस में सीधी टक्कर है.

Bankipur Datia Manjalpur Assembly By Elections Live Updates:

LIVE: श्री कृष्णा पुरी इलाके में जन सुराज और बीजेपी समर्थक भीड़े

बाक़ीपुर विधानसभा उपचुनाव में श्री कृष्णा पुरी इलाके में जन सुराज और बीजेपी समर्थक भीड़ गए.प्रशांत किशोर के सामने आने पर भड़के बीजेपी समर्थक. मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया. 

LIVE: बांकीपुर में दोपहर 3 बजे तक 27.90 फीसदी मतदान

तीन राज्य की तीन विधानसभाओं में आज उपचुनाव को लेकर मतदान जारी है. बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में 3 बजे तक 27.90% मतदान हुआ है. 

By-poll Voting Live Updates: दतिया में 48.91, मांजलपुर में 21.66 तो बांकीपुर में 20.01 प्रतिशत मतदान

तीन राज्य की तीन विधानसभाओं में आज उपचुनाव को लेकर मतदान जारी है. दोपहर एक बजे दतिया में सबसे ज्यादा 48.91 प्रतिशत वोटिंग हुई है. दूसरे नंबर पर गुजरात की मांजलपुर सीट है. यहां दोपहर एक बजे तक 21.66 प्रतिशत वोटिंग हुई है. जबकि बांकीपुर में दोपहर एक बजे तक 20.01 प्रतिशत मतदान हुआ है.

Bankipur By-poll Voting Live Updates: बांकीपुर में दोपहर 1 बजे तक 20.01 फीसदी मतदान, भाजपा उम्मीदवार ने किया मतदान

बांकीपुर में दोपहर 1 बजे तक 20.01 % मतदान हुआ है. कुछ देर पहले बीजेपी के उम्मीदवार नीरज सिन्हा वोट देने अपने बूथ पर पहुंचे. नीरज सिन्हा ने एनडीटीवी से बात करते हुए कहा हैं कि पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आशीर्वाद मिला है. यह राष्ट्रीय अध्यक्ष की सीट थी, और यह भाजपा जीतेगी.

मैं अपनी जीत को लेकर पूरा भरोसे में हूं.

By-poll Voting Live Updates: बांकीपुर, दतिया, मांजनपुर में कहां कितनी वोटिंग?

बिहार के बांकीपुर, मध्य प्रदेश के दतिया और गुजरात के मांजनपुर में 11 बजे तक कहां कितना मतदान हुआ, इसका डाटा सामने आ गया है. बांकीपुर में 11.50 तो मांजनपुर में 14.27 तो दतिया में 32.53 प्रतिशत मतदान हुआ है.

Datia By-poll Voting Live Updates: दतिया में सुबह 11 बजे तक 32.53 प्रतिशत मतदान

दतिया में सुबह 11 बजे 32.53 प्रतिशत मतदान हुआ है. बांकीपुर की तुलना में यहां अच्छी वोटिंग हो रही है. दतिया में मतदान से जुड़े पल-पल के अपडेट्स जानें यहां.

पढ़ें पूरी खबर- दतिया उपचुनाव: 11 बजे तक 32.53 प्रतिशत मतदान! जानिए सुरक्षा-जातीय और पोलिंग का पूरा गणित

Bankipur By-poll Voting Live Updates: बांकीपुर में 11 बजे तक 11.50 प्रतिशत मतदान

बांकीपुर में चार घंटे के मतदान का आंकड़ा सामने आ गया है. सुबह 7 बजे से 11 बजे तक बांकीपुर में मात्र 11.50 प्रतिशत मतदान हुआ है. साफ है यहां मतदान का रफ्तार बेहद धीमी है. यह एक शहरी सीट है, ऐसे में यहां वोटिंग कम ही होता आया है.

Bankipur By-poll Voting Live Updates: राजद प्रत्याशी बोलीं- आई कार्ड लेकर बूथ में घूसे बीजेपी के लोग

RJD की उम्मीदवार रेखा गुप्ता ने NDTV से बात करते हुए यह आरोप लगाया हैं कि बीजेपी के लोग बूथ के अंदर अपना आई कार्ड लेकर अंदर घुसे हुए हैं. वहीं कई सारे EVM में राजद का चुनाव चिन्ह लालटेन साफ़ से नहीं दिख रहा हैं. ऐसा जानबूझ कर किया गया हैं, जिससे लोगों को लालटेन को चुनने में दिक्कत हो. बीजेपी डर चुकी हैं, हम इस मामले को लेकर DM से शिकायत भी किए हैं.

Bankipur By-poll Voting Live Updates: बांकीपुर में फिर गरमाया माहौल, गोलघर बूथ पर जन सुराज एजेंट को हटाने से भड़के प्रशांत किशोर

बांकीपुर में विधानसभा उपचुनाव के बीच गोलघर बूथ पर कुछ देर पहले माहौल गरमाया है. यहां बूथ से जन सुराज एजेंट को हटाने का आरोप लगाते हुए पार्टी कार्यकर्ता सवाल उठा रहे थे. उनके साथ प्रशांत किशोर भी थे. उन्होंने कहा- पूरे बांकीपुर में दिख रहा है कि ये उपचुनाव भाजपा नहीं लड़ रही है बल्कि पुलिस बल लड़ रहा है. लोगों के घरों में जाकर उन्हें रात से ही डराया जा रहा है, किसी को पकड़ा जा रहा है. यहां अनुमति के साथ जो (जन-सुराज के) टेबल लगे हुए हैं, वहां से लोगों को पकड़कर पुलिस ले गई है. पुलिस बिना किसी कारण लोगों को पकड़कर ले जा रही है.

इस दौरान वहां मौजूद पुलिस अधिकारी यह कहती दिख रही है कि बार-बार समझा रहे हैं आप लोगों को, सबको मतदान देने का अधिकार है. मतदान दीजिए. लेकिन ऐसे आप बूथ पर भीड़ नहीं जुटा सकते हैं. इस पर जन सुराज के नेता कहते हैं कि बीजेपी वाले का टेबल क्यों नहीं हटा रहीं. केवल जनसुराज का टेबल हटेगा क्या?

Datia By-poll Voting Live Updates: नरोत्तम मिश्रा ने दतिया में किया मतदान, कहा- अच्छी वोटिंग की उम्मीद

दतिया में सुबह 9 बजे तक 17 प्रतिशत मतदान हुआ है. इस बीच कुछ देर पहले बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना वोट डाला. मतदान के बाद उन्होंने कहा, "मकसद भारतीय जनता पार्टी की जीत और दतिया का विकास है; इसीलिए 'कमल' का बटन दबाया गया... अच्छी वोटिंग की उम्मीद है. कांग्रेस हारने पर हमेशा ऐसे आरोप लगाती है; यह उनकी हताशा और निराशा को दिखाता है..."

Bankipur By-poll Voting Live Updates: पत्नी के साथ मतदान करने पहुंचे मंत्री अशोक चौधरी, कहा- बांकीपुर में कोई लड़ाई नहीं

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी और उनकी पत्नी नीता चौधरी ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान किया. बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने कहा, "हम जिस विचारधारा के साथ हैं, उसे ताकत दे रहे हैं... बांकीपुर में कोई लड़ाई नहीं है..."

Manjalpur By-poll Voting Live Updates: मांजलपुर के कांग्रेस उम्मीदवार ने किया मतदान

मांजलपुर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार भीखाभाई रबारी ने मतदान किया. आज तीन महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों बिहार के बांकीपुर, मध्य प्रदेश के दतिया और गुजरात के मांजलपुर में उपचुनाव के लिए मतदान जारी है.

Datia By-poll Voting Live Updates: दतिया के भाजपा प्रत्याशी बोले- जनता का भरोसा मिलेगा, इसका पूरा विश्वास

दतिया उपचुनाव के भाजपा उम्मीदवार अशुतोष तिवारी ने कहा, "कमल के चुनाव चिह्न को सभी का आशीर्वाद मिलेगा और मुझे जनता का आशीर्वाद प्राप्त होगा, इसका मुझे पूरा विश्वास है. मतदाता जागरूक हैं. उनका मानना है कि पिछले ढाई वर्षों में विकास कार्य रुक गए थे और अब अगले ढाई वर्षों में वे उस विकास की भरपाई करना चाहते हैं."

Bankipur By-poll Voting Live Updates: बांकीपुर में बवाल- PK की पुलिस से बहस, BJP ने कहा- फर्जी वोट का डर

बांकीपुर में उपचुनाव के लिए मतदान जारी है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की सीट पर जन सुराज नेता प्रशांत किशोर की दावेदारी से बांकीपुर के नतीजों पर सबकी नजर टिकी है. बांकीपुर में आज सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग के बीच भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव आयोग को लिखित शिकायत देकर फर्जी वोटिंग का डर जताया है.  भाजपा के राज्य महासचिव नितिन अभिषेक ने चुनाव आयोग को दिए लिखित शिकायत में वोटरों के वेरिफिकेशन (EPIC ID और नाम का मिलान) को सख्ती से लागू करने की मांग की है. दूसरी ओर बीती रात प्रशांत किशोर की पुलिस अधिकारियों के साथ तीखी बहस भी हुई. 

पढ़ें पूरी खबर - बांकीपुर में बवाल- PK की पुलिस से बहस, BJP ने कहा- फर्जी वोट का डर

Bankipur By-poll Voting Live Updates: मतदान कर रविशंकर प्रसाद बोले- बांकीपुर की जनता का भाजपा के साथ सालों पुराना लगाव

बांकीपुर में मतदान के बाद भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा, "मैं बांकीपुर का ही मतदाता रहा हूं. 20 साल से मैं इसी बूथ में अपने मतदान का प्रयोग करता हूं. आज अपने भाजपा-NDA के उम्मीदवार नीरज कुमार को वोट देकर मुझे बहुत ही प्रसन्नता हुई है... एक बात मैंने देखी है कि बांकीपुर की जनता का लगाव भाजपा के साथ वर्षों से है. जो काम नीतीश कुमार की सरकार के द्वारा, सम्राट चौधरी के द्वारा और नितिन नवीन के द्वारा और बतौर सांसद मेरे द्वारा यहां किया गया है, जनता ने उसे देखा है. विकास की उस प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं, यही जनता का संकल्प है..."

Bankipur By-poll Voting Live Updates: बांकीपुर सहित तीन सीटों पर मतदान, नितिन नवीन की अपील- पहले मतदान, फिर जलपान

बांकीपुर सहित तीन सीटों पर हो रहे उपचुनाव को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पोस्ट में लिखा- आज बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया के उज्ज्वल भविष्य के लिए आपका एक-एक मत अत्यंत महत्वपूर्ण है. मुझे पूर्ण विश्वास है कि इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों की जनता एक बार फिर विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प पर अपना अटूट विश्वास व्यक्त करेगी तथा विकास की इस निरंतर यात्रा को नई शक्ति प्रदान करेगी.

मैं बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया विधानसभा के सभी सम्मानित मतदाताओं, विशेषकर युवाओं एवं मातृशक्ति से आग्रह करता हूं कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाने में अपना अमूल्य योगदान दें. याद रखें- पहले मतदान, फिर जलपान.

Bankipur By-poll Voting Live Updates: भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद मतदान करने पहुंचे

बांकीपुर पटना शहर का सीट है. इस विधानसभा क्षेत्र में कई बड़े नेता भी रहते हैं. जो आज वोटिंग करने बूथ पर पहुंच रहे हैं. अब से थोड़ी देर पहले भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान करने एक मतदान केंद्र पर पहुंचे.

Bankipur By-poll Voting Live Updates: बांकीपुर में सुबह 9 बजे से 4.61 प्रतिशत मतदान

बांकीपुर उपचुनाव में मतदान की रफ्तार बेहद धीमी नजर आ रही है. सुबह दो घंटे की वोटिंग का आंकड़ा सामने आया है. 9 बजे तक 4.61 प्रतिशत मतदान होने की बात सामने आई है.

Bankipur By-poll Voting Live Updates: जन सुराज नेताओं की हिरासत को लेकर रात भर थाने-थाने घुमते रहे PK, खुद बताया पूरी कहानी

जन सुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने कहा, "16 से ज्यादा जनसुराज के नेताओं को पुलिस ने कल देर शाम तक परेशान किया, उन्हें तथाकथित गिरफ्तार किया गया. उन्हें पेपर गिरफ्तार नहीं किया गया केवल हिरासत में लिया गया है और फिर उन्हें अलग-अलग थानों में रखा गया लेकिन थानों से उन्हें कहा ले जाया गया ये पता नहीं था. रात में 2 घंटे की मशक्कत के बाद हमें पता चला कि उन लोगों को दानापुर शिफ्ट किया गया है और जैसे ही हमें पता चला कि उन्हें दानापुर शिफ्ट किया गया तो उन्हें वहां से हटा दिया गया. 

हमारा इतना ही कहना है कि अगर उन लोगों ने कोई गलती की है, कोई गैर-कानूनी काम किया है तो उन पर केस करें. पुलिस सत्तारूढ़ पार्टी का दल बनकर उन लोगों को केवल इसलिए पकड़ रही है ताकि वे लोग चुनाव में कुछ ना कर सकें. कुछ लोग तर्क दे रहे हैं कि ये सब बाहरी लोग थे लेकिन मैं बता दूं कि इनमें से 10 ऐसे नेता हैं जो पटना के निवासी हैं. रात में उनके घरों पर रेड करके पुलिस ने उन्हें पकड़ा है... ये साफ है कि भाजपा हार रही है. 

पहले उन्होंने अपने विधायक-सांसदों से प्रचार किया, मंत्री-नेता को लगाया लेकिन कोई असर नहीं हुआ. NDA के साथी दलों को चुनाव प्रचार के लिए लगाया उसका भी असर नहीं हुआ. फिर उन्होंने बीमार नीतीश कुमार का फर्जी वीडियो भी जारी किया, लेकिन उसका भी असर नहीं हुआ. दो दिन तक धुंआधार पैसा बांटा गया है... जब कुछ भी काम नहीं आया तो कल पुलिस का इस्तेमाल किया गया है ताकि जनसुराज से जुड़े लोगों को पकड़ा जाए, हमें परेशान किया जाए. लेकिन इसका कोई असर नहीं पड़ा है..."

Bankipur By-poll Voting Live Updates: किदवईपुरी में बीजेपी-जनसुराज के समर्थकों में धक्का-मुक्की

बांकीपुर में उपचुनाव के लिए जारी मतदान के बीच किदवईपुरी में बीजेपी-जनसुराज के समर्थकों में पुलिस के सामने धक्का-मुक्की हुई. जनसुराज कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भाजपा के पूर्व प्रत्याशी बंटी बूथ पर दबंगई कर रहे हैं. घटना के बाद पटना पुलिस के तरफ से कार्यकर्ताओं को समझाया गया है. फिलहाल पूरे मामले को शांत कर दिया गया है.

Bankipur By-poll Voting Live Updates: बांकीपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री सीपी ठाकुर और भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने किया मतदान

बांकीपुर में उपचुनाव के लिए मतदान जारी है. अब से थोड़ी देर पहले यहां पूर्व केंद्रीय मंत्री सी.पी. ठाकुर और बीजेपी सांसद विवेक ठाकुर ने मतदान किया है. वो बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए कन्या माध्यमिक विद्यालय में बने मतदान केंद्र पर पहुंचे और अपना वोट डाला.

Bankipur By-poll Voting Live Updates: बांकीपुर में जदयू विधायक श्याम रजक ने परिवार के साथ किया मतदान

बांकीपुर में जदयू विधायक श्याम रजक ने सुबह-सुबह मतदान किया. मतदान के बाद उन्होंने कहा- मैं हमेशा सुबह-सुबह ही अपना वोट डालता हूं. आज मैं अपने पूरे परिवार के साथ पोलिंग बूथ गया और अपना वोट डाला. मैं सभी से वोट करने की अपील करता हूं, क्योंकि यह आपका लोकतांत्रिक अधिकार है. कृपया अपने वोट देने के अधिकार का इस्तेमाल करें...

Datia By-poll Voting Live Updates: दतिया उपचुनाव के बीजेपी प्रत्याशी बोले- लोग विकास, सुशासन के लिए कर रहे वोट

दतिया उपचुनाव के बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने कहा, "लोग विकास, सुशासन और दतिया की समग्र प्रगति के लिए वोट कर रहे हैं..." जीतू पटवारी के सवाल पर वे कहते हैं, "... जीतू पटवारी राजनीतिक रूप से अप्रासंगिक हो गए हैं. जो नेता 35,000 वोटों से हारे थे, वे अब कांग्रेस का नेतृत्व कर रहे हैं..."

Bankipur By-poll Live Updates: बिहार भाजपा अध्यक्ष बोले- बांकीपुर में फर्जी वोटिंग की तैयारी, हमने दी लिखित शिकायत

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, "जो मतदाता यहां मौजूद नहीं हैं या बाहर हैं, उनके फर्जी मतदाता पत्र बनाकर फर्जी वोट करने की तैयारी है. हमने प्रशासन को ये लिखित में शिकायत दी है और प्रशासन इस ओर कार्रवाई भी कर रहा है."

जन सुराज पार्टी के संयोजक और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार प्रशांत किशोर द्वारा देर रात जक्कनपुर पुलिस स्टेशन पहुंचने पर उन्होंने कहा, "पता नहीं मामला क्या है लेकिन 6 बजे के बाद जब प्रचार बंद हो गया, उसके बाद बाहर के लोग यहां आकर प्रचार कर नहीं सकते. क्या मामला है ये तो वही बताएंगे लेकिन ये सब घबराहट और बौखलाहट में हो रहा है क्योंकि वे लगभग अपनी हार स्वीकार कर चुके हैं."

Manjalpur By-poll Live Updates: मांजलपुर में गुजरात कांग्रेस के उपाध्यक्ष की प्रतिष्ठा दांव पर

मांजलपुर सीट की बात करें तो यहां भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी. भाजपा ने इस सीट से सतीश पटेल को उम्मीदवार बनाया है, तो वहीं कांग्रेस ने गुजरात कांग्रेस के उपाध्यक्ष और पूर्व राज्य मंत्री भीखाभाई रबारी को चुनाव मैदान में उतारा है. यहां मतदाताओं की संख्या 2 लाख 60 हजार से अधिक है. 

साल 2022 में हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में इस सीट से भाजपा के योगेश पटेल ने जीत दर्ज की थी. उन्होंने 1 लाख 20 हजार से अधिक वोट हासिल किया था. अब जीत या हार का फैसला तीन अगस्त को होगा. तीनों सीटों पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने पूरा दम खम लगा दिया है.

Bankipur By-poll Live Updates: 'बांकीपुर में फर्जी मतदान की कोशिश कर रहे प्रशांत किशोर', भाजपा ने चुनाव आयोग को लिखा पत्र

भाजपा बिहार के राज्य महासचिव नितिन अभिषेक ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में वोटरों के वेरिफिकेशन (EPIC ID और नाम का मिलान) को सख्ती से लागू करने के लिए बांकीपुर विधानसभा के रिटर्निंग ऑफिसर (DCLR) को पत्र लिखा है. पत्र में लिखा है, "हमारे ध्यान में आया है कि जन सुराज पार्टी से जुड़े प्रतिनिधि और कार्यकर्ता फर्जी वोट डालकर मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसी हरकतें लोकतंत्र के बुनियादी सिद्धांतों को कमजोर करती हैं और स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने की हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता के खिलाफ हैं. चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने और मतदान प्रक्रिया को सुरक्षित रखने के लिए, हम चुनाव आयोग और मतदान अधिकारियों से सख्ती से वेरिफिकेशन नियमों को लागू करने का पुरजोर अनुरोध करते हैं. खास तौर पर, हर वोटर के लिए अपना असली इलेक्टोरल फोटो आइडेंटिटी कार्ड (EPIC ID) दिखाना और वोट डालने से पहले आधिकारिक वोटर लिस्ट से अपनी पहचान का बारीकी से मिलान करवाना अनिवार्य किया जाना चाहिए..."

Bankipur By-poll Live Updates: बांकीपुर में कुल 25 प्रत्याशी, 3.79 लाख वोटर, 422 बूथों पर मतदान जारी

बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए चुनाव मैदान में कुल 25 प्रत्याशी हैं, जिनके भाग्य का फैसला 3 लाख 79 हजार 616 मतदाता करेंगे. बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों और बिहार पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है. जहां इस समय मतदान जारी है.

प्रशासन के अनुसार, मतदान केंद्रों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय बलों की 14 कंपनियां लगाई गई हैं. इनमें 9 प्लाटून स्वायड, 18 स्टैटिक सर्विलांस टीम, 6 वीडियो सर्विलांस टीम, 3 वीडियो व्यूइंग टीम और 42 सेक्टर पदाधिकारी शामिल हैं. इसके अलावा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है. मतदान के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है.

Bankipur By-poll Live Updates: बांकीपुर में मतदान कर वोटर बोले- पहले मतदान फिर जलपान

बांकीपुर में मतदान के बाद बूथ से बाहर निकलते हुए स्थानीय वोटर रोहित सिंह ने कहा कि पहले मतदान फिर जलपान. वो सुबह-सुबह परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि जो काम महत्वपूर्ण है, वो पहले करना चाहिए. मैं सुबह-सुबह ही वोटिंग करता आया हूं. उन्होंने कहा कि सुबह-सुबह काम करने से आपकी इच्छा पूरी होती है.

Bankipur By-poll Live Updates: बांकीपुर में मतदान से पहले प्रशांत किशोर की पुलिस अधिकारी से तीखी बहस

बिहार के बांकीपुर विधानसभा में आज उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है. सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो चुकी है. लेकिन यहां उपचुनाव की वोटिंग से ठीक पहले थाने में हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. जहां प्रशांत किशोर और पुलिस अधिकारी के बीच तीखी नोक-झोंक भी हुई. दरअसल प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि मतदान से ठीक पहले जन सुराज ने 20 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. वो पार्टी नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं की तलाश में जक्कनपुर थाने पहुंचे. जहां उनकी SHO से तीखी नोकझोंक हुई. 

करीब आधे घंटे तक थाने में बहस चलती रही. इस दौरान SHO ने प्रशांत किशोर से कहा, वर्दी उतारकर आप सबको बता देंगे. इस पर नाराज़ प्रशांत किशोर ने कहा, क्या आप हमें धमकी दे रहे हैं? आपकी नौकरी चली जाएगी.

पढ़ें पूरी खबर- बांकीपुर में हाई-वोल्टेज ड्रामा, प्रशांत किशोर से SHO ने कहा- वर्दी उतारकर आप सबको बता देंगे, VIDEO

Manjalpur Assembly By Elections Live Updates: मांजलपुर में मॉक पोलिंग का वीडियो आया सामने

गुजरात के वडोदरा जिले की मांजलपुर सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है. यहां से एक तय पोलिंग स्टेशन पर अभी मॉक पोलिंग चल रही है. इसका वीडियो भी सामने आया है. 

By Elections Voting Live Updates: सुबह 7 बजे से तीनों सीटों पर मतदान शुरू

बांकीपुर, दतिया, मांजलपुर में सुबह के 7 बजते ही तीनों सीटों पर मतदान शुरू हो गया है. सभी जगहों पर वोटिंग को लेकर सुरक्षा की तगड़ी व्यवस्था की गई है.   

Datia By Elections Live Updates: दतिया में 291 पोलिंग बूथ, 2 लाख 20 हजार वोटर करेंगे मतदान

दतिया विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए गुरुवार को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा. मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े के निर्देशन में बुधवार को प्रातः पांच बजे पॉलीटेक्निक कॉलेज से 291 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री का वितरण किया गया.

दतिया विधानसभा के 291 मतदाता केंद्रों पर कुल 2 लाख 20 हजार 410 मतदाता, जिसमें 1 लाख 16 हजार 116 पुरूष, 1 लाख 4 हजार 284 महिला एवं अन्य 10 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.

दतिया में 291 मतदान केंद्रों में 185 ग्रामीण मतदान केंद्र एवं 106 शहरी मतदान केंद्र शामिल हैं, जिनमें 233 क्रिटिकल एवं 28 बल्नरेबल मतदान केंद्र शामिल हैं. संपूर्ण निर्वाचन क्षेत्र को 36 सेक्टरों में बांटकर 36 सेक्टर ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं.

By Elections Live Updates: बांकीपुर, दतिया, मांजलपुर में क्यों हो रहे उपचुनाव?

बिहार में यह सीट भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के विधायक पद से इस्तीफा देने के कारण खाली हुई थी. मध्य प्रदेश में धोखाधड़ी के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को अयोग्य घोषित किए जाने के कारण और गुजरात में भाजपा विधायक योगेशभाई नरनदास पटेल के निधन के कारण सीट खाली हुई थी.

By Elections Live Updates: बांकीपुर, दतिया, मांजलपुर में कहां किसमें टक्कर?

मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच कांटे की टक्कर है, वहीं बांकीपुर सीट पर भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को टिकट दिया है, तो वहीं जनसुराज के प्रशांत किशोर भाजपा प्रत्याशी को कड़ी टक्कर देंगे. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने इस सीट पर रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है. मांजलपुर सीट की बात करें तो भाजपा ने सतीश पटेल को चुनावी मैदान में उतारा है, कांग्रेस ने भीखाभाई रबारी को टिकट दिया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Bankipur By Election, Datia By Election 2026, Manjalpur Assembly By-election, Prashant Kishor Bankipur By-election, Election Voting News Live
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com