हमारे घरों में अक्सर ऐसा होता है कि ब्रेड, दूध का पैकेट, दही, नमकीन या बिस्कुट की तारीख निकल चुकी होती है और हम सोचते हैं कि एक-दो दिन में क्या बिगड़ेगा. पैसे बचाने के चक्कर में या आलस की वजह से बहुत से लोग एक्सपायर हो चुका सामान खा लेते हैं. लोगों को लगता है कि अगर पैकेट से बदबू नहीं आ रही तो खाना बिल्कुल सही है.
लेकिन लाइफस्टाइल एवं प्रिवेंटिव केयर विशेषज्ञ डॉ. काशिफ अली (मेटाबॉलिक हेल्थ कंसल्टेंट, हीलिंग हैंड्स मल्टीस्पेशियलिटी क्लिनिक) के मुताबिक यह आदत आपकी सेहत के लिए बहुत भारी पड़ सकती है. खराब या बासी खाना सीधे पेट में जाकर जहर का काम करता है और आपको सीधे अस्पताल पहुंचा सकता है.
पहले आप ये वीडियो देखें कैसे कई लोग कचरे में कूद पड़े और एक्सपायरी चॉकलेट-टॉफियां घर ले गए-
एक्सपायरी खाना क्यों हो सकता है खतरनाक?
डॉ. काशिफ अली, मेटाबॉलिक हेल्थ कंसल्टेंट और लाइफस्टाइल एवं प्रिवेंटिव केयर विशेषज्ञ, हीलिंग हैंड्स मल्टीस्पेशियलिटी क्लिनिक के मुताबिक, एक्सपायर हो चुके खाद्य पदार्थों में बैक्टीरिया, फंगस या हानिकारक टॉक्सिन विकसित हो सकते हैं. ऐसे खाद्य पदार्थ खाने से फूड पॉइजनिंग, पेट का संक्रमण और कई अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं.
उन्होंने बताया कि सबसे पहले पाचन तंत्र प्रभावित होता है. इसके कारण पेट दर्द, उल्टी, दस्त, जी मिचलाना, बुखार और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं. कई बार लक्षण कुछ घंटों में दिखाई देते हैं, जबकि कुछ मामलों में एक से तीन दिन बाद भी सामने आ सकते हैं.
हर एक्सपायरी डेट का मतलब एक जैसा नहीं होता
विशेषज्ञों के अनुसार पैकेट पर लिखे "Best Before", "Use By" और "Expiration Date" के बीच का अंतर समझना जरूरी है.
Best Before आमतौर पर उत्पाद की गुणवत्ता और स्वाद से जुड़ा होता है.
Use By तारीख के बाद विशेष रूप से संवेदनशील खाद्य पदार्थों का सेवन जोखिम भरा हो सकता है.
दूध, दही, पनीर, अंडे, मांस, मछली और तैयार भोजन जैसी चीजों में खराबी जल्दी आती है, इसलिए इन्हें लेकर ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए.
किन लोगों के लिए ज्यादा खतरनाक?
डॉ. काशिफ अली कहते हैं,
बार-बार उल्टी और दस्त होने पर शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) हो सकती है, जिससे चक्कर आना, मुंह सूखना, पेशाब कम होना और गंभीर मामलों में बेहोशी तक की स्थिति बन सकती है.
मुफ्त की चीज भी हो सकती है महंगी
कानपुर की घटना यह याद दिलाती है कि मुफ्त या सस्ती चीज हमेशा सुरक्षित नहीं होती. विशेष रूप से जब बात खाने-पीने की हो, तो एक्सपायरी डेट को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है. किसी भी खाद्य पदार्थ का पैकेट फूला हुआ हो, उसमें बदबू आ रही हो, रंग बदल गया हो या स्वाद असामान्य लगे तो उसे तुरंत फेंक देना चाहिए.

कैसे करें बचाव?
- कोई भी पैकेट बंद सामान खरीदते समय एक्सपायरी डेट जरूर देखें.
- खुली हुई खाद्य सामग्री को सही तापमान पर स्टोर करें.
- फफूंद लगी, बदबूदार या रंग बदली हुई चीजें न खाएं.
- खुले दूध, दही, कटे फल और बचा हुआ भोजन लंबे समय तक न रखें.
- फूड पॉइजनिंग के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें.
कानपुर का वायरल वीडियो भले ही लोगों को हैरान कर रहा हो, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का साफ संदेश है कि एक्सपायरी खाद्य पदार्थों से दूरी बनाना ही समझदारी है. कुछ रुपये बचाने या मुफ्त में सामान पाने के चक्कर में अपनी सेहत को जोखिम में डालना भारी पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं