विज्ञापन

क्या HPV वैक्सीन सिर्फ लड़कियों के लिए है? पुरुषों को लगानी चाहिए या नहीं? डॉक्टर ने क्या कहा, जानिए

HPV Vaccine For Men: एचपीवी संक्रमण एक संक्रमण है. क्या पुरुषों को भी एचपीवी एक्सीन की जरूरत होती है? आइए यहां डॉक्टर से जानते हैं कि क्यों पुरुषों को भी ये टीका लेना चाहिए.

क्या HPV वैक्सीन सिर्फ लड़कियों के लिए है? पुरुषों को लगानी चाहिए या नहीं? डॉक्टर ने क्या कहा, जानिए
HPV Vaccine: आमतौर पर 9 से 14 साल की उम्र में वैक्सीन सबसे प्रभावी मानी जाती है.

Should Men Get HPV Vaccine: जब भी एचपीवी (HPV) वैक्सीन की बात होती है, तो ज्यादातर लोगों के मन में यही आता है कि यह टीका सिर्फ लड़कियों के लिए है, क्योंकि इसका संबंध सर्वाइकल कैंसर (Cervical Cancer) से जोड़ा जाता है. लेकिन, क्या सच में यह वैक्सीन केवल महिलाओं के लिए जरूरी है? क्या पुरुषों को इसकी जरूरत नहीं होती? असल में, यह सवाल आज के समय में बहुत जरूरी हो गया है. बदलती हेल्थ पॉलिसीज और साइंटिफिक रिसर्च ने यह साफ किया है कि HPV संक्रमण (HPV Infection) सिर्फ महिलाओं की समस्या नहीं है. पुरुष भी इससे प्रभावित हो सकते हैं और वे संक्रमण के वाहक (carrier) भी बन सकते हैं. इसलिए यह समझना जरूरी है कि पुरुषों के लिए HPV वैक्सीन क्यों अहम हो सकती है.

HPV क्या है और पुरुषों को कैसे प्रभावित करता है?

HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) एक सामान्य वायरस है जो त्वचा और शरीर के अंदरूनी हिस्सों को संक्रमित कर सकता है. इसके कुछ प्रकार जननांग मस्से (Genital warts) और कुछ प्रकार गंभीर कैंसर का कारण बन सकते हैं.

वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के अनुसार, HPV संक्रमण पुरुषों में भी गले, गुदा (anal) और लिंग (penile) कैंसर का कारण बन सकता है. हालांकि यह मामले कम सुनने में आते हैं, लेकिन खतरा है.

क्या पुरुष HPV के वाहक बन सकते हैं?

जी हां. डॉ. आर्चित पंडित, निदेशक सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, फोर्टिस ओखला के अनुसार, पुरुष HPV वायरस के वाहक बन सकते हैं, भले ही उनमें कोई लक्षण दिखाई न दें.  इसका मतलब है कि वे अनजाने में अपने पार्टनर को संक्रमण दे सकते हैं. इसलिए अगर केवल लड़कियों को ही टीका लगाया जाए और लड़कों को नहीं, तो इंफेक्शन की सीरीज पूरी तरह नहीं टूटती. यही वजह है कि कई देशों ने लड़कों के लिए भी HPV वैक्सीनेशन शुरू किया है.

Latest and Breaking News on NDTV

दुनिया में क्या हो रहा है?

अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन जैसे कई देशों में लड़कों और लड़कियों दोनों को HPV वैक्सीन दी जाती है. रिसर्च से पता चला है कि जब दोनों को टीका दिया जाता है, तो संक्रमण दर तेजी से घटती है.

इससे हर्ड इम्यूनिटी बनती है, यानी पूरे समाज में वायरस के फैलने की संभावना कम हो जाती है.

किस उम्र में लग सकती है वैक्सीन?

आमतौर पर 9 से 14 साल की उम्र में वैक्सीन सबसे प्रभावी मानी जाती है. इस उम्र में शरीर मजबूत और लंबे समय तक रहने वाली इम्युनिटी विकसित करता है. अगर किसी कारण से कम उम्र में टीका नहीं लग पाया, तो डॉक्टर की सलाह से बड़ी उम्र में भी लगवाया जा सकता है.

क्या यह वैक्सीन सुरक्षित है?

दुनियाभर में करोड़ों खुराकें दी जा चुकी हैं और वैज्ञानिक अध्ययनों में यह वैक्सीन सुरक्षित पाई गई है. सामान्य साइड इफेक्ट में इंजेक्शन वाली जगह पर हल्का दर्द या बुखार शामिल हो सकता है, जो कुछ समय में ठीक हो जाता है.

Latest and Breaking News on NDTV

भारत में क्या स्थिति है?

भारत में फिलहाल सरकारी कार्यक्रम मुख्य रूप से लड़कियों पर केंद्रित है, क्योंकि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में ज्यादा आम है. लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट का मानना है कि भविष्य में लड़कों को भी इस अभियान में शामिल किया जा सकता है, ताकि संक्रमण को बड़े लेवल पर रोका जा सके.

सिर्फ महिलाओं का नहीं, सबका सवाल

HPV वैक्सीन को केवल लड़कियों का टीका मानना पूरी तरह सही नहीं है. पुरुष भी HPV संक्रमण से प्रभावित हो सकते हैं और वे इसके प्रसार में भूमिका निभा सकते हैं.

(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com