21 जून को दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा. इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहली बार योग शुरू करने का संकल्प लेते हैं. कई लोग पार्कों, सामुदायिक कार्यक्रमों और योग कैंप में हिस्सा लेते हैं, जबकि कुछ लोग घर पर ही वीडियो देखकर योग शुरू कर देते हैं. हालांकि, योग का मकसद शरीर को स्वस्थ और मन दोनों को स्वस्थ रखना है, लेकिन अगर इसे सही तरीके से न किया जाए तो मांसपेशियों में खिंचाव, दर्द या दूसरी दिक्कतें भी हो सकती हैं. ऐसे में योग डे पर शुरुआत करने से पहले कुछ जरूरी बातों को जान लेना आपके लिए फायदेमंद रहेगा.
खाली पेट करें योगा | Practice On An Empty Stomach
योग करने का सबसे अच्छा समय सुबह माना जाता है. कोशिश करें कि योग खाली पेट करें. अगर सुबह संभव न हो तो खाना खाने के कम से कम 3 से 4 घंटे बाद ही योग करें.
आसान आसनों से शुरुआत करें | Start With Basic Poses
योग डे के उत्साह में कठिन आसनों की नकल करने से बचें. शुरुआत हमेशा आसान आसनों से करें और धीरे-धीरे आगे बढ़ें.

आपको शुरूआत आसान योगा से करनी चाहिए. (Image NDTV)
शरीर की क्षमता को समझें | Know Your Limits
दूसरों को देखकर खुद पर ज्यादा दबाव न डालें. हर व्यक्ति का शरीर अलग होता है. किसी का शरीर ज्यादा लचीला होता है तो किसी का कम. ऐसे में किसी भी आसन में उतनी ही स्ट्रेचिंग करें, जितनी सहजता से की जा सके. जरूरत से ज्यादा जोर लगाने की कोशिश न करें.
सांस लेने के तरीके पर ध्यान दें | Focus On Breathing
योग में सही तरीके से सांस लेना उतना ही जरूरी है जितना आसन करना. सांस और शरीर की गतिविधि में तालमेल बनाए रखें.
दर्द महसूस हो तो रुक जाएं | Don't Ignore Pain
अगर किसी आसन के दौरान तेज दर्द या असहजता महसूस हो तो तुरंत रुक जाएं. जबरदस्ती करने से लेने के देने पड़ सकते हैं. दर्द होने के बावजूद उसे आसान को कंटीन्यू करना समझदारी नहीं है.
आरामदायक कपड़े पहनें | Wear Comfortable Clothing
योग करते समय ढीले या आरामदायक कपड़े पहनें ताकि शरीर आसानी से हरकत कर सके.कई लोग बहुत टाइट या मोटे कपड़े पहनकर योग करते हैं. ऐसे कपड़ों में शरीर को मोड़ने, झुकाने और स्ट्रेच करने में दिक्कत हो सकती है. इसलिए ऐसे कपड़े चुनें जिनमें शरीर आसानी से हरकत कर सके.
स्वास्थ्य समस्या हो तो सलाह लें | Consult an Expert if Needed
अगर आपको घुटनों, कमर, गर्दन, दिल या किसी दूसरी स्वास्थ्य समस्या की शिकायत है, तो योग शुरू करने से पहले डॉक्टर या प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक की सलाह जरूर लें.
आखिर में रिलैक्सेशन जरूर करें | Don't Skip Relaxation
योग कर लेने के बाद कुछ मिनट शवासन या रिलैक्सेशन के लिए निकालें. इससे शरीर और मन दोनों को आराम मिलता है.
योग डे सिर्फ एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली की शुरुआत का मौका है. अगर आप पहली बार योग करने जा रहे हैं, तो जल्दबाजी से बचें और सही तरीके से शुरुआत करें. इससे योग का पूरा फायदा मिल सकेगा.
इसे भी पढ़ें: गोमूत्र से दूर होगा चिकनगुनिया, IIT रुड़की की रिसर्च में 99.85% तक कारगर होने का दावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं