विज्ञापन

ब्रिटेन में बवाल- 10 साल में 6 पीएम की कुर्सी गई, स्टार्मर ने भी दिया इस्तीफा

पिछले करीब दस साल में ब्रिटेन में कुल 6 प्रधानमंत्रियों को इस्तीफा देना पड़ा है और इसके पीछे अलग‑अलग लेकिन लगातार जुड़ी राजनीतिक वजहें रहीं.

ब्रिटेन में बवाल- 10 साल में 6 पीएम की कुर्सी गई, स्टार्मर ने भी दिया इस्तीफा
2024 के आम चुनावों में भारी बहुमत से जीतने के बावजूद, लेबर पार्टी अभी पोल में पिछड़ रही है.
AFP

गंभीर घोटालों और नीतिगत यू-टर्न के आरोपों से घिरे ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने सोमवार, 22 जून को अपने पद से इस्तीफा दे दिया. देश की जनता के नाम एक संबोधन में स्टार्मर ने यह ऐलान करते हुए कहा कि उन्होंने इस बारे में किंग चार्ल्स तृतीय से बात कर ली है. नए पीएम और लेबर पार्टी के नेता के चुनाव तक वह पद पर बने रहेंगे. पिछले हफ्ते एक महत्वपूर्ण उपचुनाव जीतने के बाद एंडी बर्नहम फिर से हाउस ऑफ कॉमन्स (ब्रिटिश संसद के निचले सदन) में लौट रहे हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि वे जल्द ही 10 डाउनिंग स्ट्रीट (ब्रिटेन के प्रधानमंत्री आवास) की जिम्मेदारी संभालेंगे और नए प्रधानमंत्री बनेंगे.

यह इस्तीफा ब्रिटेन की राजनीति में अस्थिरता का एक और उदाहरण है. कीर स्टार्मर पिछले 10 साल में ब्रिटेन के छठे ऐसे पीएम हैं जिन्होंने पद से इस्तीफा दिया है.

Latest and Breaking News on NDTV

आखिर इस्तीफा देने तक कैसे पहुंच गई बात?

कीर स्टार्मर के इस तरह अचानक बैकफुट पर आने और इस्तीफे देने के पीछे सबसे बड़ी वजह मैंडेलसन कांड है. दरअसल, स्टार्मर ने दिसंबर 2024 में पीटर मैंडेलसन को अमेरिका में ब्रिटेन का राजदूत नियुक्त किया था. लेकिन फरवरी 2026 में हुए कुछ नए खुलासों ने ब्रिटिश राजनीति में भूचाल ला दिया. पता चला कि मैंडेलसन के संबंध बदनाम अमेरिकी अपराधी जेफरी एप्स्टीन के साथ थे, जो बाल यौन शोषण के मामलों में दोषी था.

संसदीय दस्तावेजों और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मैंडेलसन ने कथित तौर पर एप्स्टीन को अपना पक्का दोस्त बताया था और जब वे सरकारी मंत्री थे, तब उन्होंने कुछ संवेदनशील मार्केट इन्फॉर्मेशन भी लीक की थीं. इसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ जांच शुरू की और उन्हें लेबर पार्टी और हाउस ऑफ लॉर्ड्स छोड़नी पड़ी. इस कांड ने प्रधानमंत्री स्टार्मर की साख को सीधा नुकसान पहुंचाया क्योंकि यह उनकी सरकार की सबसे अहम राजनयिक नियुक्तियों में से एक थी.

सुरक्षा जांच में फेल होने के बावजूद कैसे बन गए राजदूत?

इस विवाद में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब अप्रैल 2026 में यह खुलासा हुआ कि सरकारी सुरक्षा एजेंसी 'यूके सिक्योरिटी वेटिंग' (UKSV) ने मैंडेलसन को सुरक्षा मंजूरी देने से साफ मना कर दिया था. जांच एजेंसी ने उनकी बैकग्राउंड रिपोर्ट देखने के बाद सिफारिश की थी कि मैंडेलसन को यह पद न दिया जाए. इसके बावजूद, विदेश मंत्रालय (FCDO) के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा एजेंसी की उस चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया और मैंडेलसन को मंजूरी दे दी.

पीटर मेंडेलसन

पीटर मेंडेलसन
Photo Credit: AFP

प्रधानमंत्री स्टार्मर ने इस साल 20 अप्रैल को संसद में खड़े होकर सफाई दी थी कि उन्हें और उनके मंत्रियों को इस बात का पता ही नहीं था कि मैंडेलसन सुरक्षा जांच में फेल हो चुके थे. उन्होंने इसे अक्षम्य गलती बताया. लेकिन विपक्ष और खुद उनकी ही पार्टी के सांसद इस बात को मानने को तैयार नहीं हैं कि देश के प्रधानमंत्री को इतनी बड़ी बात की भनक तक नहीं थी. इस चक्कर में उनके चीफ ऑफ स्टाफ मॉर्गन मैकस्वीनी को भी इस्तीफा देना पड़ा था.

पार्टी में किसने छेड़ दी बगावत?

स्टार्मर के लिए मुश्किलें सिर्फ मैंडेलसन कांड तक सीमित नहीं हैं. शुक्रवार (19 जून 2026) को लेबर पार्टी के ही कद्दावर नेता एंडी बर्नहैम ने संसद का एक उपचुनाव जीत लिया. बर्नहैम अब तक ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर के तौर पर अपनी मजबूत पकड़ बना चुके थे, लेकिन अब वे सांसद बनकर सीधे संसद पहुंच गए हैं. ब्रिटिश राजनीति के जानकारों का कहना है कि बर्नहैम की यह एंट्री स्टार्मर को सीधे चुनौती देने के लिए ही हुई है.

एंडी बर्नहम

एंडी बर्नहम
Photo Credit: AFP

रॉयटर्स के आंकड़ों के मुताबिक, लेबर पार्टी के 100 से ज्यादा सांसद (जो कुल संख्या का लगभग एक चौथाई हैं) सार्वजनिक रूप से स्टार्मर के इस्तीफे या नए चुनाव की मांग कर चुके हैं. एंडी बर्नहैम के करीबियों ने स्टार्मर पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था कि वे खुद ही इज्जत से पद छोड़ दें, ताकि सत्ता का शांतिपूर्ण ट्रांसफर हो सके. 'द टाइम्स' अखबार की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बर्नहैम अगर प्रधानमंत्री बनते हैं तो वे मौजूदा वित्त मंत्री रेचल रीव्स को भी उनके पद से हटा सकते हैं, क्योंकि वे मौजूदा आर्थिक नीतियों से खुश नहीं हैं.

'किंग ऑफ द नॉर्थ': कौन हैं एंडी बर्नहम, जो ब्रिटेन के बन सकते हैं प्रधानमंत्री?

दस साल में 6 प्रधानमंत्री दे चुके इस्तीफा, क्या रही वजह?

  • डेविड कैमरन (2016)- ब्रेक्सिट (EU से बाहर निकलने) के जनमत संग्रह में हार
  • थेरेसा मे (2019)- संसद ने उनकी Brexit डील को तीन बार खारिज कर दिया. पार्टी और संसद का भरोसा खो दिया. 
  • बोरिस जॉनसन (2022)- घोटाले और पार्टी विद्रोह. कोविड के दौरान नियम तोड़कर पार्टी करने पर बवाल. 
  • (लिज ट्रस 2022)- टैक्स कट वाली नीति से पाउंड गिरा था. आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठे
  • ऋषि सुनक (2024)- आम चुनाव में हार
  • कीर स्टार्मर (2026)- दबाव के बीच इस्तीफा
2016 से अब तक के ब्रिटिश पीएम

2016 से अब तक के ब्रिटिश पीएम

स्टार्मर की घटती लोकप्रियता का खामियाजा

साल 2024 में जब कीर स्टार्मर भारी बहुमत के साथ सत्ता में आए थे, तब ब्रिटिश जनता को उनसे बड़ी उम्मीदें थीं. लेकिन दो साल के भीतर ही उनकी लोकप्रियता का ग्राफ तेजी से नीचे गिरा है. मतदाताओं का मानना है कि स्टार्मर ने जीवन स्तर सुधारने के जो वादे किए थे, वे उन्हें पूरा करने में पूरी तरह नाकाम रहे हैं. सरकार की नीतियों में लगातार आए यू-टर्न और भीतर खाने चल रहे घोटालों ने जनता का भरोसा तोड़ दिया है.

अगर कीर स्टार्मर सोमवार को इस्तीफा देते हैं या उन्हें जबरन पद से हटाया जाता है, तो ब्रिटेन को पिछले 10 साल के भीतर अपना सातवां प्रधानमंत्री मिलेगा. पिछले दो सदियों के इतिहास में ब्रिटेन के भीतर यह सबसे अस्थिर राजनीतिक दौर माना जा रहा है. ब्रिटिश जनता इस बात से भी बेहद गुस्से में है कि लगातार सरकारें बदलने के बावजूद देश की बदहाल सार्वजनिक सेवाएं और अवैध प्रवासियों जैसी गंभीर समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं.

यह भी पढ़ें: Explainer: रूस से संबंध सुधारने की राह पर यूरोप, क्रेमलिन भी दे रहा संकेत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Britain, Keir Starmer
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com