सर्दी आते ही घर में खांसी-जुकाम शुरू हो जाता है. कभी गला खराश करता है, कभी नाक बहती है, कभी खांसी रुकने का नाम ही नहीं लेती. बचपन में जब ऐसा होता था, तो नानी-दादी दौड़कर मेडिकल स्टोर नहीं जाती थीं. वो किचन में जाती थीं, और वहीं से एक काढ़ा या सिरप बनाकर ले आती थीं. और सच मानिए, वो सिरप बाजार के सिरप से ज्यादा असर करता था. वही नानी वाले होममेड कफ सिरप की रेसिपी हम आपको बता रहे हैं जिसे हाल ही में इंस्टाग्राम (paushtikpalette) पर शेयर किया गया है. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी.
कैसे बनाएं कफ सिरप-
सबसे पहले अदरक लीजिए.अदरक को अच्छी तरह धो लीजिए, छील लीजिए. अब इसको बारीक कद्दूकस कर लीजिए. अदरक को काटकर मत डालिए, कद्दूकस करके डालिए. कद्दूकस किए हुए अदरक का रस पानी में अच्छे से आ जाता है. अदरक ही इस सिरप की जान है. अदरक गले की खराश को ठीक करता है, खांसी को कम करता है, शरीर को गरम रखता है. अब एक पैन लीजिए, उसमें 2 कप पानी डाल दीजिए. पानी को उबलने दीजिए. पानी उबल जाए, तो उसमें दालचीनी पाउडर डाल दीजिए, लौंग पाउडर डाल दीजिए. अब इसमें कद्दूकस किया हुआ अदरक डाल दीजिए. अब इसको धीमी आंच पर 5-7 मिनट तक उबलने दीजिए. जब तक पानी थोड़ा कम न हो जाए और उसका रंग गाढ़ा न हो जाए. पूरे घर में अदरक और दालचीनी की खुशबू फैल जाएगी. गैस बंद कर दीजिए. इस पानी को एक बारीक छन्नी से छान लीजिए. अदरक का सारा गूदा छन्नी में रह जाएगा, नीचे सिर्फ काढ़ा आएगा. छन्नी में बचे हुए अदरक को चम्मच से दबा-दबाकर उसका सारा रस निकाल लीजिए. अब ये काढ़ा हल्का गुनगुना हो जाए, तब इसमें आगे की चीजें मिलानी हैं. एकदम गरम में मत मिलाइए. अब छने हुए काढ़े में आधा चम्मच हल्दी पाउडर डाल दीजिए. अच्छी तरह चला दीजिए. हल्दी में करक्यूमिन होता है, जो इम्यूनिटी बढ़ाता है, गले के इन्फेक्शन को कम करता है. अब इसमें आधे नींबू का रस निचोड़ दीजिए. नींबू में विटामिन C होता है, जो सर्दी-जुकाम में बहुत फायदा करता है. अब सबसे आखिर में आधा कप शहद डाल दीजिए. शहद को कभी भी एकदम गरम पानी में मत डालिए. गुनगुने पानी में डालिए, तभी उसके फायदे बने रहते हैं. शहद को अच्छी तरह मिला लीजिए. बस, आपका होममेड कफ सिरप तैयार है.
यहां देखें वीडियो-
कैसे करें इस कप सिरप का सेवन-
इस सिरप को एक कांच की बरनी में भरकर रख लीजिए. फ्रिज में रखिए, 2 हफ्ते तक आराम से चल जाएगा. 1 चम्मच सिरप लीजिए, सीधे ही पी लीजिए. दिन में 2-3 बार पी सकते हैं. अगर आपको ज्यादा खांसी है, तो 1 चम्मच सिरप को 1 कप गरम पानी में मिलाकर पी लीजिए. ये काढ़ा जैसा बन जाएगा, गले को तुरंत आराम मिलेगा.
क्या बच्चों को दे सकते हैं-
1 साल से छोटे बच्चे को शहद नहीं देना है. इसलिए बच्चों को कोई भी चीज देने से पहले एक बार डॉक्टर से जरूर परामर्श करें.
इस सिरप से क्या-क्या फायदा होगा?
1. खांसी में राहत- अदरक और शहद गले को चिकना करते हैं, खांसी कम होती है.
2. गला खराश- दालचीनी और लौंग गले के दर्द को कम करते हैं.
3. सर्दी-जुकाम- नींबू और हल्दी इम्यूनिटी को बढ़ाते हैं.
4. कफ निकलेगा- ये सिरप कफ को पतला करके निकालने में मदद कर सकता है.
ये भी पढ़ें- क्या बीपी की दवा से कम हो सकता है वजन? नई रिसर्च में हुआ बड़ा खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं