विज्ञापन

नवरात्रि पर फटाफट ग्लो और एनर्जी के लिए IV ड्रिप्स ले रही Gen Z, जानिए कितना सुरक्षित है ये ट्रेंड

नवरात्रि के मौके पर कई लोग अपने चेहरे पर इंस्टेंट ग्लो पाने के लिए IV ड्रिप का सहारा ले रहे हैं. क्या ऐसा करना सुरक्षित है, यहां जानते हैं डॉक्टर से इस बारे में-

नवरात्रि पर फटाफट ग्लो और एनर्जी के लिए IV ड्रिप्स ले रही Gen Z, जानिए कितना सुरक्षित है ये ट्रेंड
IV Vitamin Drips : क्या IV ड्रिप्स से स्किन पर तुरंत आता है ग्लो

आजकल सोशल मीडिया पर ग्लोइंग स्किन, इंस्टेंट एनर्जी और डिटॉक्स के नाम पर IV विटामिन ड्रिप्स का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है. खासकर Gen Z और युवा प्रोफेशनल्स के बीच यह काफी लोकप्रिय हो रहा है. नवरात्रि के मौके पर गरबा और डांडिया जैसी चीजों में हिस्सा लेने के लिए कई युवा अपने चेहरे पर इंस्टेंट ग्लो और एनर्जी पाने के लिए IV ड्रिप्स का सहारा ले रहे हैं. कई वेलनेस क्लीनिक दावा करते हैं कि IV ड्रिप्स लेने से त्वचा में निखार आता है, शरीर हाइड्रेट रहता है और थकान दूर होती है. लेकिन क्या वास्तव में ये ड्रिप्स इतनी फायदेमंद हैं या फिर यह सिर्फ एक ट्रेंड बनकर रह गया है?

सीके बिड़ला हॉस्पिटल के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. तुषार टायल का कहना है कि IV विटामिन ड्रिप्स में विटामिन C, B-कॉम्प्लेक्स, इलेक्ट्रोलाइट्स और ग्लूटाथियोन जैसे तत्व नसों के जरिए सीधे शरीर में पहुंचाए जाते हैं. क्योंकि ये पाचन तंत्र से नहीं गुजरते, इसलिए इन्हें तेजी से असर करने वाला माना जाता है. हालांकि, इसका मतलब ये नहीं है कि ये हमेशा ज्यादा प्रभावी या जरूरी होते हैं.

क्या सच में मिलता है इंस्टेंट ग्लो?

डॉक्टर का कहना है कि अगर किसी व्यक्ति के शरीर में पानी की कमी है तो IV फ्लूइड्स अस्थाई रूप से ताजगी महसूस करा सकते हैं. लेकिन हेल्दी लोगों में सिर्फ एक ड्रिप लेने से लंबे समय तक स्किन ग्लो या एनर्जी बढ़ने के पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं.

ग्लूटाथियोन ड्रिप्स को अक्सर स्किन ब्राइटनिंग और फेयरनेस से जोड़कर प्रचारित किया जाता है, लेकिन इसके कॉस्मेटिक उपयोग को लेकर अभी भी सीमित वैज्ञानिक सबूत मौजूद हैं. इसके लंबे समय तक इस्तेमाल के प्रभाव भी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं.

बढ़ सकता है इन समस्याओं का रिस्क

डॉक्टर बताते हैं कि IV ड्रिप एक मेडिकल प्रक्रिया है और इसे केवल ब्यूटी ट्रीटमेंट समझना गलत होगा. ड्रिप लगाते समय संक्रमण, नसों में सूजन, दर्द और एलर्जी जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इसके अलावा जरूरत से ज्यादा विटामिन या मिनरल्स शरीर में पहुंचने पर किडनी और अन्य अंगों पर भी असर पड़ सकता है.

दिल या किडनी की बीमारी से जूझ रहे लोगों, गंभीर एलर्जी वाले मरीजों और कुछ विशेष दवाएं लेने वालों को बिना डॉक्टर की सलाह IV ड्रिप नहीं लेनी चाहिए. घर या गैर-चिकित्सीय सेटअप में ड्रिप लेना जोखिम को और बढ़ा सकता है.

किसे होती है जरूरत?

डॉक्टरों के अनुसार IV फ्लूइड्स और पोषक तत्व गंभीर डिहाइड्रेशन, कुछ मेडिकल समस्याओं या ऐसी स्थितियों में उपयोगी होते हैं जहां व्यक्ति सामान्य तरीके से भोजन या दवाइयां नहीं ले सकता. लेकिन केवल इंस्टेंट ग्लो या एनर्जी के लिए इनका इस्तेमाल करने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है. एक्सपर्ट का मानना है कि बेहतर त्वचा, अच्छी ऊर्जा और स्वस्थ शरीर के लिए संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम और सही जीवनशैली आज भी सबसे सुरक्षित और प्रभावी उपाय हैं.

ये भी पढ़ें - चेहरे की चमड़ी क्यों निकलती है? डॉक्टर ने बताया इसके पीछे की असली वजह

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IV Drip, IV Drip Bar In Wedding, IV Drip For Glowing Skin Cost, IV Drip Benefits, Gen Z
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com