बचपन से सुनते आए हैं, दूध पियो, हड्डियां मजबूत होंगी. लेकिन हाल ही में एक रिपोर्ट ने इस बात को और आगे बढ़ा दिया है. रिपोर्ट Webmed के मुताबिक, रोज दूध पीने से न सिर्फ ऑस्टियोपोरोसिस यानी हड्डियों के कमजोर होने की बीमारी से बचा जा सकता है, बल्कि महिलाओं के घुटनों में होने वाले ऑस्टियोआर्थराइटिस यानी जोड़ों के दर्द के बढ़ने की रफ्तार भी धीमी हो सकती है. मतलब दूध सिर्फ बच्चों के लिए नहीं है. 40-50 की उम्र के बाद महिलाओं के लिए तो ये और भी जरूरी है. तो चलिए जानते हैं रोज दूध पीने के फायदे.
दूध और ऑस्टियोपोरोसिस का क्या कनेक्शन है?
ऑस्टियोपोरोसिस में हड्डियां अंदर से खोखली हो जाती हैं. हल्की सी चोट लगने पर भी हड्डी टूट जाती है. ये बीमारी महिलाओं में मेनोपॉज के बाद सबसे ज्यादा होती है. क्योंकि इस उम्र में शरीर में एस्ट्रोजन हार्मोन कम हो जाता है, जो हड्डियों को मजबूत रखता है. दूध में कैल्शियम, विटामिन डी, फॉस्फोरस और प्रोटीन होता है. कैल्शियम हड्डियों का सीमेंट है. विटामिन डी कैल्शियम को हड्डियों तक पहुंचाता है. रोज 1-2 गिलास दूध पीने से शरीर को रोज का कैल्शियम मिल जाता है. हड्डियां घिसती नहीं हैं, मजबूत बनी रहती हैं. इसीलिए डॉक्टर बचपन से ही दूध पीने को कहते हैं, ताकि बुढ़ापे में हड्डियों का बैंक भरा रहे.
Milk is frequently recommended as a great way to help prevent osteoporosis. Drinking milk daily has also been shown to reduce the progression of osteoarthritis, or inflammation of the joints, in the knees of women. https://t.co/q3GiNEeZ8W https://t.co/QsHrsEN72K
— WebMD (@WebMD) November 23, 2026
महिलाओं के घुटनों पर दूध कैसे असर करता है?
Arthritis Care & Research जर्नल में छपी स्टडी है. इसमें 2,148 लोगों को शामिल किया गया, जिनको घुटनों का ऑस्टियोआर्थराइटिस था. इनमें 1,260 महिलाएं और 888 पुरुष थे. इनका 4 साल तक फॉलोअप किया गया. रिजल्ट में पता चला, जो महिलाएं रोज दूध पीती थीं, उनके घुटनों की ग्रीस यानी जॉइंट स्पेस धीरे-धीरे कम हुई. जो महिलाएं दूध नहीं पीती थीं, उनके घुटनों की ग्रीस तेजी से खत्म हुई.
कितना दूध पीने से फायदा मिलेगा?
स्टडी में दूध की मात्रा को 4 हिस्सों में बांटा गया. दूध नहीं पीने वाली, हफ्ते में 3 गिलास से कम पीने वाली, हफ्ते में 4-6 गिलास पीने वाली, और हफ्ते में 7 या ज्यादा गिलास पीने वाली. 4 साल में जिन महिलाओं ने दूध नहीं पिया, उनके घुटनों का जॉइंट स्पेस 0.38 mm कम हुआ. और जिन्होंने हफ्ते में 7 या ज्यादा गिलास पिया, उनका जॉइंट स्पेस सिर्फ 0.26 mm कम हुआ. मतलब हफ्ते में 7 गिलास, यानी रोज 1 गिलास दूध, घुटनों को बचाने के लिए काफी है. और एक बात, इस स्टडी में ज्यादातर महिलाओं ने फैट-फ्री या लो-फैट दूध पिया था. इसीलिए डॉक्टर भी लो-फैट दूध पीने की सलाह देते हैं. फुल क्रीम दूध से वजन बढ़ सकता है, जो घुटनों के लिए उल्टा नुकसान करेगा.
ये भी पढ़ें- 50 की उम्र के बाद भी घुटने रहेंगे फिट, बस इन 3 बातों का रखें ध्यान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं