विज्ञापन

दिल्ली-NCR में H1N1 का बढ़ा खतरा, डॉक्टर से जानें किन लोगों को रहना चाहिए सबसे ज्यादा सतर्क

H1N1 Risk Groups : दिल्ली-एनसीआर में H1N1 के मामले काफी देरी से बढ़ रहे हैं. ऐसे में कुछ लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत होती है. यहां जानते हैं इस बारे में विस्तार से-

दिल्ली-NCR में H1N1 का बढ़ा खतरा, डॉक्टर से जानें किन लोगों को रहना चाहिए सबसे ज्यादा सतर्क
H1N1 Cases in Delhi-NCR : किन लोगों को सतर्क रहने की है जरूरत

Delhi NCR H1N1 Cases : दिल्ली-एनसीआर में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामलों काफी तेजी से बढ़ रहे हैं. बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार और हेल्थ डिपार्टमेंट की ओर से लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. हाल ही के आंकड़ों के मुताबिक, 2026 में दिल्ली में 1,777 H1N1 संक्रमण दर्ज किए जा चुके हैं. वहीं, पिछले साल की बात करें, तो इस ड्यूरेशन में पिछले साल सिर्फ 229 ही मामले थे. ऐसे में यह एक चिंता का विषय बन चुका है. बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने मास्क पहनने, हाथों की सफाई रखने और लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की अपील की है. यहां विस्तार से समझते हैं H1N1 क्या है और किन लोगों को अधिक सतर्क रहने की है जरूरत?

क्या है H1N1?

ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा हॉस्पिटल के सीनिरयल कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन डॉक्टर श्रेय श्रीवास्तव का कहना है कि H1N1 इन्फ्लुएंजा-A वायरस का एक प्रकार है, जिसे आमतौर पर स्वाइन फ्लू कहा जाता है. इसके लक्षण सामान्य फ्लू जैसे ही होते हैं, इसलिए कई लोग शुरुआत में इसे साधारण वायरल समझकर नजरअंदाज कर देते हैं.

H1N1 के लक्षण क्या हैं?

सामान्य सर्दी जुकाम की तरह इसके लक्षण दिखते हैं, इसलिए अक्सर लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं. इसके कुछ लक्षण निम्न हैं-

  • काफी तेज बुखार होना
  • खांसी के साथ गले में खराश होना
  • नाक बहना या बंद होना
  • सिरदर्द और शरीर में दर्द होना
  • थकान और कमजोरी

H1N1 का किन लोगों को सबसे ज्यादा खतरा?

डॉक्टर श्रेय का कहना है कि अधिकतर लोगों में H1N1 के लक्षण हल्के हो सकते हैं, लेकिन कुछ लोगों में यह गंभीर रूप ले सकता है, जैसे-

छोटे बच्चे : 0 से 5 साल तक की उम्र के बच्चों को H1N1 से अधिक सतर्क रहने की जरूरत होती है. क्योंकि कम उम्र के बच्चों का इम्यून सिस्टम पूरी तरह विकसित नहीं होता, इसलिए उन्हें संक्रमण जल्दी प्रभावित कर सकता है.

बड़े-बुजुर्ग : 60 साल से अधिक उम्र के लोगों की इम्यूनिटी काफी कमजोर होती है, जिसकी वजह से H1N1 की जटिलताएं बढ़ने का खतरा रहता है. 

गर्भवती महिलाएं :  प्रेग्नेंसी के दौरान शरीर में कई तरह के हार्मोनल और शारीरिक दिखते हैं, जिसकी वजह से संक्रमण गंभीर रूप ले सकते है. ऐसे में प्रेग्नेंसी में महिलाओं को अधिक सतर्क होने की सलाह दी जाती है.

डायबिटीज, हार्ट और लंग्स के मरीज : जिन लोगों को अस्थमा, सीओपीडी, हार्ट डिजीज और डायबिटीज जैसी पुरानी बीमारियां हैं, उनमें भी H1N1 निमोनिया और सांस संबंधी गंभीर समस्याओं का कारण बन सकता है.

कमजोर इम्यूनिटी वाले लोग : कैंसर, किडनी डिजीज या ऐसी किसी स्थिति से जूझ रहे लोग जिनकी इम्यूनिटी कमजोर होती है, उन्हें काफी सतर्क होने की जरूरत होती है.

H1N1 से कैसे रहें सुरक्षित?

डॉक्टर की सलाह पर आप कुछ जरूरी टिप्स को फॉलो करके H1N1 से सुरक्षित रह सकते हैं, जैसे-

  • भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनें
  • बार-बार साबुन से हाथ धोएं
  • खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकें
  • बीमार लोगों के निकट संपर्क से बचें
  • पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं

ये भी पढ़ें -  स्वाइन फ्लू के लक्षणों को न करें नजरअंदाज, इन बातों का रखें ख्याल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
H1N1, H1N1 Brain Complications, H1N1 Cases, Swine, Swine Flu
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com