सर्दियों के दिनों में गर्मा-गरम और सौंधी खुशबू वाला अमृतसर का प्रसिद्ध गुड़ का हलवा खाने का अपना ही एक अलग मजा है. जब ठंडी हवाएं चलने लगती हैं, तो कुछ ऐसा मीठा और एनर्जेटिक खाने का मन करता है जो शरीर को अंदर से गर्माहट दे, वैसे तो यह हलवा देखने में आटे के हलवे जैसा ही लगता है, लेकिन इसमें असली जादू गुड़ का होता है, जिसे आटे की मात्रा से थोड़ा ज्यादा डाला जाता है.
इस ऑथेंटिक रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको किसी महंगे या फैंसी सामान की जरूरत नहीं होती, बल्कि यह आपके घर की रसोई में रखे रोजमर्रा के सामान से ही झटपट तैयार हो जाता है.
सामग्री:
- गेहूं का आटा (1 कटोरी)
- देसी गुड़ (डेढ़ कटोरी)
- पानी (3 कटोरी)
- देसी घी (1 कटोरी के करीब)
- ड्राई फ्रूट्स (थोड़े से कटे हुए काजू और बादाम)
बनाने की विधि:
- सबसे पहले एक बर्तन में तीन कटोरी पानी और कूट हुआ डेढ़ कटोरी गुड़ डालकर गैस पर मध्यम आंच पर गर्म होने के लिए रख दें.
- जब पानी अच्छे से गर्म हो जाए और गुड़ पूरी तरह से पिघल जाए, तब गैस बंद कर दें और इस मिश्रण को एक तरफ रख लें ताकि गुड़ की सारी गंदगी पानी में नीचे बैठ जाए.
- अब एक भारी तले की कढ़ाई में मीडियम आंच पर एक कटोरी देसी घी गर्म करें.
- इसके बाद इसमें एक कटोरी गेहूं का आटा डाल दें.
- घी को हल्का सा ही गर्म करना है ताकि आटा एकदम से किनारों से जले नहीं और बीच से कच्चा न रह जाए.
- इस हलवे को बनाने में सबसे बड़ा काम धीरज का है.
- आटे को मीडियम से कम आंच पर लगातार चलाते हुए तब तक भूनें जब तक इसका रंग एक जैसा सुनहरा न हो जाए और इससे बेहतरीन सोंधी खुशबू आने लगे.
- जब आटा अच्छे से भुन जाए, तब इसमें तैयार किया हुआ गुड़ का पानी मिलाना शुरू करें.
- पानी डालते समय यह ध्यान रखें कि गुड़ में मौजूद अशुद्धियां या कचरा कढ़ाई में न जाए, इसके लिए पानी को थोड़ा संभाल कर डालें.
- इस स्टेज पर लगातार कड़छी चलाते रहें ताकि गांठें न पड़ें.
- धीमी आंच पर हलवे को तब तक पकाएं जब तक यह कढ़ाई छोड़ने लगे और एकदम क्रीमी व परफेक्ट टेक्सचर में आ जाए.
- आखिर में ऊपर से कटे हुए काजू और बादाम डालकर मिला लें.
- बस आपका गरमा-गरम, खुशबूदार अमृतसर स्पेशल गुड़ का हलवा तैयार है, इसे तुरंत सर्व करें.
इसे भी पढ़ें: सर्दियों में ऐसे बनाएं बाजरे-मेथी का ढेबरा और लहसुन की चटनी, बच्चे से लेकर बड़े सब चट कर जाएंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं