Colored Cucumbers Side Effects: अक्सर हम जब सफर करते हैं तो रेलवे स्टेशन पर मिलने वाली बहुत सी चीजों का सेवन करते हैं. गर्मियों के मौसम में ताजे और हरे खीरे देख हम खुद को उन्हें खाने से रोक नहीं पाते हैं. लेकिन क्या आप ये जानते हैं जो आपको ताजे और हरे दिख रहे हैं वो असल में मिलावटी भी हो सकते हैं. जी हां आपने बिल्कुल सही सुना. हाल ही में कटिहार स्टेशन से सामने आए एक वीडियो ने सबको हैरान कर दिया है. इस वीडियो को देखने के बाद अगली बार आप खीरा खरीदने से पहले सौ बार सोचेंगे.
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पहले ट्विटर) पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक महिला रेल की पटरी के पास बैठकर खीरों को एक चमकीले हरे रंग के लिक्विड में डुबो रही है. ताज्जुब की बात यह है कि यह सब कुछ रेलवे प्लेटफॉर्म पर सरेआम हो रहा था. महिला गंदे और सूखे हुए खीरों को उस हरे रंग के घोल में डालती है और निकालते ही वो खीरे बिल्कुल ताजे, गहरे हरे और चमकदार दिखने लगते हैं. ये वही खीरे हैं जो बाद में नमक-मिर्च लगाकर यात्रियों को बेचे जाते हैं.
वीडियो वायरल होते ही हड़कंप मच गया और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) तुरंत एक्शन में आ गया. कटिहार RPF के इंस्पेक्टर विक्रम ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है. अब तक की कार्रवाई में 9 महिलाओं को हिरासत में लिया गया है, जो इसी तरह से स्टेशन पर खीरे बेच रही थीं.
सेहत के साथ कैसा खिलवाड़?
हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि सब्जियों को हरा दिखाने के लिए अक्सर मैलाकाइट ग्रीन (Malachite Green) जैसे खतरनाक रसायनों का इस्तेमाल किया जाता है. यह एक तरह का इंडस्ट्रियल डाई है जो शरीर के लिए जहर के समान है.
कलर वाले खीरे को खाने के नुकसान-
- पेट की बीमारियां- इसे खाने से पेट में गंभीर इंफेक्शन हो सकता है.
- कैंसर का खतरा- लंबे समय तक ऐसे केमिकल के संपर्क में रहने से कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी हो सकती है.
- लिवर और किडनी- ये जहरीले रंग सीधे हमारे लिवर और किडनी को नुकसान पहुंचाते हैं.
कैसे पहचानें असली और नकली खीरा?
- आम आदमी को यह फर्क करना थोड़ा मुश्किल लग सकता है, लेकिन कुछ आसान तरीकों से आप बच सकते हैं.
- ज्यादा चमक से बचें- अगर खीरा जरूरत से ज्यादा ही हरा और चमकदार दिख रहा है, तो समझ लीजिए उसमें कुछ गड़बड़ है.
- हाथ लगाकर देखें- कभी-कभी ये रंग हाथों पर या रुई (cotton) से रगड़ने पर उतरने लगते हैं.
- धोकर ही खाएं- हमेशा खीरे को अच्छी तरह रगड़कर धोएं और छीलकर ही खाएं.
ये भी पढ़ें- पीरियड्स में पेट की ऐंठन और सूजन को दूर करने में कारगर यह चाय, इन लोगों के लिए वरदान से कम नहीं
लू लगने के लक्षण और बचाव के घरेलू उपाय | Lu Lag Jaye to Kya Kare
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं