खाना चाहे सिंपल दाल-चावल हो या फिर सुबह का गरमा-गरम पराठा, थाली के कोने में रखी एक कटोरी चटनी पूरे स्वाद का नक्शा बदल देती है. आजकल फ्रिज में रेडीमेड सॉस और डिब्बाबंद चटनियां रखने का चलन बढ़ गया है, पर जो बात घर की ताजी चटनी में है, वो बाहर कहां. पहले के जमाने में हर घर की रसोई में मौसमी चीजों, हरी पत्तियों और साबुत मसालों से झटपट चटनियां बनती थीं. इनके लिए न महंगे सामान की झंझट होती थी और न ही न भारी मशीनों की जरूरत. फिर देर किस बात कि है, इनकी रेसिपी पर नजर डाल लेते हैं.
मूंगफली की चटनी:
गाढ़ी बनावट और सोंधे स्वाद वाली यह चटनी हर उम्र के लोगों को पसंद आती है. मूंगफली के दानों को हल्का भून लें, फिर लहसुन, सूखी लाल मिर्च, नमक और थोड़ी सी इमली मिलाकर पीस लें, जैसा गाढ़ापन चाहिए, वैसा पानी डाल लें. डोसा, इडली हो या रोटी या पराठा, हर किसी के साथ यह बढ़िया लगती है.
टमाटर की देसी चटनी:
पके हुए टमाटर से बनी यह चटनी खाने में एक अलग ही चटपटापन लाती है. सबसे पहले टमाटर को हल्का भून लें या पका लें. इसके बाद हरी मिर्च, लहसुन, नमक और धनिया डालकर दरदरा पीस लें. मन करे तो सरसों के तेल में राई और जीरे का हल्का तड़का भी लगा सकते हैं. पराठे और रोटी के साथ इसका मेल कमाल लगता है.
हरी धनिया और पुदीने की चटनी:
यह चटनी लगभग हर घर की जान होती है. ताजा धनिया और पुदीना मिल जाए तो मूड अपने आप फ्रेश हो जाता है, इसे बनाने के लिए धनिया, पुदीना, हरी मिर्च, अदरक का टुकड़ा, नींबू का रस और नमक एक साथ पीस लें. स्वाद के लिए चुटकीभर भुना जीरा डाल सकते हैं. पकौड़े हों, समोसे हों या रोज की रोटी-दाल, यह हर चीज के साथ खूब जमती है.
लहसुन और लाल मिर्च की चटनी:
तीखे खाने के शौकीनों के लिए यह किसी तोहफे से कम नहीं है. लहसुन की कलियां, सूखी लाल मिर्च, नमक और थोड़ा जीरा लेकर पीस लें. पीसने के बाद ऊपर से थोड़ा तेल मिला दें तो स्वाद और ज्यादा अच्छा हो जाता है. राजस्थान समेत कई इलाकों में इसे अलग-अलग अंदाज में बनाया जाता है.
आंवले की चटनी:
ठंड के दिनों में बाजार में आंवले खूब दिखते हैं और सेहत के लिए यह मौसम सबसे अच्छा भी रहता है. आंवले को उबालकर या भाप में पकाकर गुठली अलग कर लें. फिर हरी मिर्च, धनिया, जीरा और काला नमक डालकर पीस लें, इसका खट्टा और चटपटा स्वाद दाल चावल या पराठे के साथ बहुत अच्छा लगता है.
कच्चे आम की चटनी:
गर्मियों में कच्ची कैरी आते ही घरों में इस चटनी की खुशबू फैलने लगती है. कच्चे आम को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें. अब हरी मिर्च, पुदीना, धनिया, नमक और थोड़ा सा गुड़ डालकर पीस लें.
इसे भी पढ़ें: शाही दम आलू कैसे बनाएं? कश्मीरी दम आलू बनाने का सही आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं