भला ऐसा कौन है जो सुंदर न दिखना चाहता हो, आज के समय में ज्यादातर लोग ग्लोइंग स्किन के लिए हजारों रुपये के कोलेजन पाउडर और क्रीम पर पैसे खर्च कर देते हैं. लेकिन सच ये है कि बाहर से लगाने वाली क्रीम से स्किन में कोलेजन नहीं बढ़ता. कोलेजन तो अंदर से बनता है. हाल ही में इंस्टाग्राम पर (@mind_my_plate) ने एक ऐसा Collagen Soup शेयर किया है, जो दाल है भी और सूप भी है. इसमें आंवला, मूंग दाल और करी पत्ता है. इसे हफ्ते में 2 बार पीने से स्किन ग्लोइंग बन सकती है और सबसे बड़ी बात, ये बनता है सिर्फ 1 चम्मच घी में, तो वजन भी नहीं बढ़ेगा. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की रेसिपी.
कोलेजन क्रीम क्यों नहीं करती काम?
हमारी स्किन को टाइट और जवान रखने के लिए कोलेजन चाहिए. 30 की उम्र के बाद शरीर में कोलेजन बनना धीरे-धीरे कम होने लगता है, इसलिए स्किन ढीली और बेजान लगने लगती है. बाजार में मिलने वाली कोलेजन क्रीम स्किन के ऊपर ही रह जाती है, अंदर तक नहीं जाती. कोलेजन अंदर से तब बनता है, जब शरीर को विटामिन-C, विटामिन-E और प्रोटीन भरपूर मिले. यही काम करता है ये आंवला वाला सूप.
यहां देखें वीडियो-
कैसे बनाएं कोलेजन सूप-
सामग्री-
- पीली मूंग दाल
- आंवले
- टमाटर
- करी पत्ता
- धनिया के बीज
- काली मिर्च
- सूखी लाल मिर्च
- लहसुन की कलियां
- हल्दी
- घी
- नमक स्वादानुसार
- हरा धनिया
विधि-
- सबसे पहले कुकर को गैस पर रखें. उसमें बिना तेल के करी पत्ता, धनिया के बीज, काली मिर्च और सूखी लाल मिर्च डालकर भून लें.
- जब खुशबू आने लगे, तो इसे निकाल लें. अब इसमें लहसुन की कलियां डालकर मिक्सी में दरदरा पीस लें.
- उसी कुकर में 1 चम्मच घी गर्म करें. इसमें पिसा हुआ मसाला डालें, फिर कटे हुए टमाटर डालकर भूनें.
- जब टमाटर गल जाएं, तो नमक, पानी और धुली हुई मूंग दाल डालकर कुकर बंद कर दें.
- 2-3 सीटी आने तक पकाएं. कुकर खुलने के बाद इसमें बारीक कटे हुए ताजे आंवले और हल्दी डालें.
- अब थोड़ा पानी डालकर इसे मैशर से अच्छे से मैश कर दें. सूप को 2-3 मिनट और उबालें.
- ऊपर से हरा धनिया डालें. आपका कोलेजन सूप तैयार है.
- ध्यान रखें, आंवला आखिर में ही डालना है. अगर आंवले को ज्यादा देर तक पकाएंगे, तो उसका विटामिन-C खत्म हो जाएगा.
इस सूप को कब और कैसे पिएं?
इस सूप को हफ्ते में 2 बार पिएं. शाम को हल्के खाने की जगह इस सूप को पीना सबसे अच्छा है. सर्दियों में ये सूप एकदम कम्फर्ट फूड जैसा लगता है, पेट भी भर जाता है और मन भी.
ये भी पढ़ें- राजस्थानी स्टाइल में प्याज की सब्जी कैसे बनाएं? नोट करें आसान रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं