Child Knee Pain: बच्चे पूरे दिन दौड़ते-भागते हैं, खेलते हैं और खूब एक्टिव रहते हैं. ऐसे में कभी-कभी पैरों या घुटनों में दर्द होना आम बात मानी जाती है. कई माता-पिता भी इसे बढ़ती उम्र का असर या थकान समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन अगर बच्चे को बार-बार घुटने में दर्द हो रहा है, मुख्य रूप से उन्हें सीढ़ियां चढ़ते-उतरते, दौड़ते या खेलते समय, तो इसे हल्के में लेना सही नहीं है.
माधुकर रेनबो चिल्ड्रन्स हॉस्पिटल के पीडियाट्रिक ऑर्थोपेडिक्स एक्सपर्ट डॉ. मनोज पद्मन का कहना है कि बच्चों में घुटने के दर्द के कई कारण हो सकते हैं. कुछ समस्याएं थोड़े आराम से ठीक हो जाती हैं. वहीं, कुछ मामलों में आपको अच्छे से टेस्ट कराने की जरूरत पड़ सकती है. ऐसे में इसे इग्नोन न करें. यहां जानते हैं इस विषय को अच्छे से-
घुटने की टोपी के आसपास दर्द
डॉक्टर कहते हैं कि कई बच्चों और टीनएजर्ज को घुटने की टोपी के आगे या पीछे दर्द महसूस होता है. ये दर्द सीढ़ियां चढ़ने, स्क्वैट करने, दौड़ने या लंबे समय तक बैठने के बाद बढ़ सकता है. इसकी वजह मांसपेशियों की कमजोरी या घुटने की हलचल से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं.
खेलकूद के कारण मांसपेशियों में खिंचाव
अगर बच्चा अचानक ज्यादा खेलना, दौड़ना या ट्रेनिंग शुरू कर दे, तो घुटने के आसपास की मांसपेशियों और लिगामेंट्स पर दबाव बढ़ सकता है. इससे दर्द, अकड़न या सूजन हो सकती है. अगर आराम के बाद भी परेशानी बनी रहे, तो तुरंत अपने डॉक्टर से संपर्क करें.
ओसगुड-श्लैटर डिजीज
डॉक्टर कहते हैं कि अगर समस्या अक्सर उन बच्चों में देखी जाती है, जो दौड़ने और कूदने वाले खेलों में हिस्सा लेते हैं. इसमें घुटने के नीचे एक जगह दर्द और सूजन हो सकती है. कई बार वहां हल्का उभार भी दिखाई देता है. अच्छी बात ये है कि अधिकतर मामलों में ये समस्या उम्र बढ़ने के साथ अपने आप ठीक हो जाती है.
दर्द की वजह घुटना नहीं, कूल्हा भी हो सकता है
डॉक्टर का कहना है कि कभी-कभी बच्चे को दर्द घुटने में महसूस होता है, लेकिन असली समस्या कूल्हे (हिप) में होती है. इसलिए सिर्फ घुटने की जांच पर्याप्त नहीं होती. सही कारण का पता लगाना बेहद जरूरी है, क्योंकि कूल्हे की कुछ समस्याएं देर से पकड़ में आने पर गंभीर हो सकती हैं.
चोट या अंदरूनी नुकसान
गिरना, खेलते समय चोट लगना या घुटने का मुड़ जाना भी दर्द का कारण हो सकता है. अगर घुटने में लगातार सूजन रहे, घुटना लॉक होने लगे या चलते समय अस्थिर महसूस हो तो तुरंत जांच करानी चाहिए.
ये भी पढ़ें - खड़े होकर पानी पीने से खराब हो जाती हैं हड्डियां? जानिए क्या कहता है साइंस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं