बच्चे का विकास हर माता-पिता के लिए चिंता और उत्सुकता का विषय होता है. जब कोई बच्चा अपनी उम्र के अनुसार बैठने, चलने या अन्य गतिविधियां करने में देरी करता है, तो माता-पिता के मन में कई सवाल उठने लगते हैं. ऐसे ही सवालों में एक नाम अक्सर सामने आता है, सेरेब्रल पाल्सी. लेकिन क्या केवल देर से चलना या बैठना ही इसका संकेत है?
इसकी पहचान कैसे की जाती है और कब डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए?
क्या देर से बैठना या चलना सेरेब्रल पाल्सी का संकेत हो सकता है?
कुछ मामलों में बच्चों के माइलस्टोन्स, जैसे कि चलना, बोलना वगैरह तक देर से पहुंचना सेरेब्रल पाल्सी का लक्षण हो सकता है. यहां यह ध्यान रखने की भी जरूरत है कि सिर्फ एक लक्षण के आधार पर यह तय नहीं किया जा सकता कि बच्चे को सेलेबरल पाल्सी की समस्या है. हर बच्चे का अलग स्पीड से विकसित होता है और कई दूसरे कारणों से भी विकास में देर हो सकती है.
सेरेब्रल पाल्सी की पहचान कैसे की जाती है?
- विशेषज्ञ बच्चों का मूल्यांकन कई पहलुओं के आधार पर करते हैं.
- इसमें बच्चे के विकासात्मक पड़ाव, मांसपेशियों का नियंत्रण, शरीर की मुद्रा, हाथ-पैरों की गतिविधियां और चलने-फिरने के तरीके को ध्यान से देखा जाता है.
- जरूरत पड़ने पर कुछ जांच भी कराई जा सकती हैं. जांच से स्थिति को बेहतर ढंग से समझा जा सकता है.
क्या हर बच्चे में लक्षण एक जैसे होते हैं?
नहीं, हर बच्चे में लक्षण एकसे ही होंगे यह जरूरी नहीं. सेरेब्रल पाल्सी के लक्षण और उनकी गंभीरता हर बच्चे में अलग-अलग हो सकती है. कुछ बच्चों को चलने-फिरने में ज्यादा कठिनाई हो सकती है, जबकि कुछ में हल्के लक्षण दिखाई देते हैं. यही वजह है कि हर बच्चे के लिए उपचार और पुनर्वास की योजना भी अलग बनाई जाती है. Also Read: बच्चे का पैदा होते ही रोना क्यों जरूरी है? सेरेब्रल पाल्सी से क्या है इसका कनेक्शन, जानें कारण, लक्षण और इलाज
फिजियोथेरेपी और अन्य थेरेपी कितनी मददगार हैं?
सेरेब्रल पाल्सी के प्रबंधन में फिजियोथेरेपी बेहद अहम भूमिका निभा सकती है. इसके अलावा ऑक्यूपेशनल थेरेपी और अन्य विशेषज्ञों की सहायता भी बच्चे की जरूरत के अनुसार ली जाती है. इनका उद्देश्य बच्चे की कार्यक्षमता और दैनिक गतिविधियों को बेहतर बनाने में मदद करना होता है.
कब दिखाएं डॉक्टर को?
अगर आपको लगता है कि आपका बच्चा अपनी उम्र के अनुसार विकासात्मक पड़ाव हासिल नहीं कर रहा है, उसकी गतिविधियों में असामान्य बदलाव दिख रहे हैं या मांसपेशियों के नियंत्रण को लेकर चिंता है, तो विशेषज्ञ की सलाह लेना उचित है. समय पर मूल्यांकन और नियमित निगरानी से बच्चे की प्रगति को समझने और उचित सहायता देने में मदद मिल सकती है.
सेरेब्रल पाल्सी की पहचान किसी एक लक्षण से नहीं की जाती. समय पर विशेषज्ञ से सलाह लेना, नियमित मूल्यांकन कराना और बच्चे की जरूरतों के अनुसार थेरेपी व पुनर्वास की योजना बनाना उसके विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. माता-पिता के लिए सबसे जरूरी है कि वे किसी भी चिंता को नजरअंदाज न करें और समय रहते विशेषज्ञ से संपर्क करें.
लेखक के बारे में : डॉ. प्रभात कुमार कैलाश हॉस्पिटल एंड न्यूरो इंस्टीट्यूट में सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन हैं. उन्हें आंतरिक चिकित्सा, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और संक्रमण संबंधी बीमारियों के उपचार एवं प्रबंधन का व्यापक अनुभव है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं