अक्सर लोग मानते हैं कि डायबिटीज सिर्फ मोटे लोगों को होती है. यही वजह है कि जो लोग दुबले-पतले होते हैं, वे खुद को इस बीमारी से सुरक्षित समझ लेते हैं. लेकिन सच इससे थोड़ा अलग है. यशोदा हॉस्पिटल के डायबिटोलॉजिस्ट और क्लिनिकल डायरेक्टर सीनियर कंसल्टेंट डॉ. डॉ. सोमनाथ गुप्ता का कहना है कि दुबला-पतला होना डायबिटीज से पूरी तरह सुरक्षित होने की गारंटी नहीं है. अगर किसी व्यक्ति के परवार में डायबिटीज का इतिहास है, उसकी फिजिकल एक्टिविटी कम है या खानपान खराब है, तो सामान्य वजन होने के बावजूद उसे डायबिटीज हो सकती है. उनका कहना है कि सिर्फ वजन देखकर रिस्क का आकलन नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि नियमित ब्लड शुगर जांच और हेल्दी लाफस्टाइल पर भी ध्यान देना जरूरी है.
दुबले लोगों को क्यों हो सकती है डायबिटीज?
डॉ. सोमनाथ कहते हैं कि डायबिटीज सिर्फ वजन बढ़ने से नहीं होती. इसके पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं. अगर परिवार में माता-पिता या करीबी रिश्तेदारों को डायबिटीज है, तो दुबले व्यक्ति में भी इसका खतरा बढ़ सकता है. इसके अलावा खराब लाइफस्टाइल, कम फिजिकल एक्टिविटी, तनाव और गलत खानपान भी इस बीमारी को बढ़ावा देते हैं.
कुछ लोगों के शरीर में बाहर से चर्बी कम दिखाई देती है, लेकिन पेट के आसपास और अंदरूनी अंगों के पास फैट जमा हो सकता है. इसे छिपी हुई चर्बी कहा जाता है, जो इंसुलिन के काम में रुकावट पैदा कर सकती है.
टाइप-1 और टाइप-2 डायबिटीज में क्या अंतर है?
डायबिटीज मुख्य रूप से दो प्रकार की होती है. टाइप-1 डायबिटीज किसी भी वजन वाले व्यक्ति को हो सकती है. इसमें शरीर इंसुलिन बनाना बंद कर देता है. ये समस्या अक्सर बच्चों और युवाओं में देखी जाती है.
वहीं, टाइप-2 डायबिटीज का कनेक्शन आमतौर पर मोटापे से जोड़ा जाता है, लेकिन ये दुबले लोगों में भी हो सकती है. जब शरीर इंसुलिन का सही इस्तेमाल नहीं कर पाता, तब ब्लड शुगर बढ़ने लगता है और टाइप-2 डायबिटीज की स्थिति बन जाती है.
किन लक्षणों को नजरअंदाज न करें?
अगर आप दुबले-पतले हैं, तब भी कुछ संकेतों को हल्के में नहीं लेना चाहिए. बार-बार प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, अचानक वजन कम होना, जल्दी थक जाना, धुंधला दिखना और बार-बार इंफेक्शन होना डायबिटीज के लक्षण हो सकते हैं. इन लक्षणों के दिखने पर ब्लड शुगर की जांच करवा लेना बेहतर रहता है.
ये भी पढ़ें - Diwali Diabetes Control: दिवाली पर ब्लड शुगर कैसे कंट्रोल रखें? जानिए क्या खाएं, क्या छोड़ें और किन बातों का रखें ध्यान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं