कभी-कभी एक सिंपल-सी दिखने वाली परेशानी भी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकती है. सूडान के 68 वर्षीय सेना अधिकारी याह्या मोहम्मद खैर अहमद के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. शुरुआत पेशाब में ब्लड आने और जलन जैसी दिक्कतों से हुई, जिसे वे नॉर्मल समझ रह थे. लेकिन जब टेस्ट हुआ, तो उन्हें ब्लैडर कैंसर निकला और ये यूरिन ब्लैडर की मांसपेशियों तक पहुंच चुकी है. बेहतर इलाज की तलाश उन्हें भारत लेकर आई, जहां डॉक्टर्स ने एक जटिल रोबोटिक सर्जरी के जरिए कैंसरग्रस्त अंगों को हटाकर उनकी जान बचाने की कोशिश की.
नई दिल्ली के साकेत में स्थित मैक्स हॉस्पिटल के डॉ. तुषार आदित्य नारायण और उनकी टीम ने रोबोटिक सर्जरी के जरिए इलाज किया. ऑपरेशन के दौरान न सिर्फ कैंसरग्रस्त ब्लैडर और प्रोस्टेट को हटाया गया, बल्कि शरीर से पेशाब बाहर निकालने के लिए नया रास्ता भी बनाया गया.
2 महीने से पेशाब में खून आने की थी समस्या
याह्या मोहम्मद खैर अहमद को करीब 2 महीने से पेशाब में खून आने की शिकायत थी. इसके अलावा पेशाब करते समय जलन भी महसूस होती थी. सूडान में शुरुआती जांच के दौरान ब्लैडर कैंसर की पुष्टि हुई. बीमारी की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने भारत में इलाज कराने का फैसला किया.
भारत पहुंचने के बाद विस्तृत जांच की गई, जिसमें पता चला कि कैंसर ब्लैडर की मांसपेशियों तक पहुंच चुका है. इस स्थिति में सिर्फ दवा या सीमित ट्रीटमेंट से फायदा संभव नहीं था, इसलिए सर्जरी की योजना बनाई गई.
कैंसर फैलने की आशंका को देखते हुए लिया गया फैसला
डॉ. तुषार आदित्य नारायण और उनकी टीम ने जांच के आधार पर कैंसरग्रस्त ब्लैडर और प्रोस्टेट को निकालने की सलाह दी. साथ ही पेल्विक एरिया की लिम्फ नोड्स को भी हटाने का निर्णय लिया गया, ताकि ये पता लगाया जा सके कि कैंसर शरीर के अन्य हिस्सों में फैला है या नहीं. सर्जरी के दौरान डॉक्टरों को कुछ बढ़ी हुई लिम्फ नोड्स भी मिलीं, जिन्हें निकालकर जांच के लिए भेजा गया.
ब्लैडर हटाने के बाद कैसे बनाया गया नया रास्ता?
ब्लैडर निकालने के बाद सबसे बड़ी चुनौती शरीर से पेशाब बाहर निकालने की वैकल्पिक व्यवस्था बनाना था. इसके लिए डॉक्टरों ने छोटी आंत के अंतिम हिस्से यानी इलियम के लगभग 15 सेंटीमीटर भाग का इस्तेमाल किया.
इस हिस्से की मदद से एक नया यूरिनरी मार्ग तैयार किया गया, जिससे पेशाब शरीर के बाहर लगाए जाने वाले ड्रेनेज बैग में पहुंच सके. यह पूरा पुनर्निर्माण भी रोबोटिक तकनीक की सहायता से किया गया.
रोबोटिक सर्जरी से क्या मिला फायदा?
डॉक्टर का कहना है कि ब्लैडर कैंसर की सर्जरी यूरोलॉजी की सबसे जटिल प्रोसेस में मानी जाती है, क्योंकि इसमें कैंसरग्रस्त अंगों को हटाने के साथ-साथ यूरिन के निकलने की नई व्यवस्था भी बनानी पड़ती है. रोबोटिक टेक्नीक की मदद से ये प्रोसेस अधिक सटीकता के साथ की जा सकती है. साथ ही बड़े चीरे की जरूरत कम पड़ती है, जिससे मरीज की रिकवरी अपेक्षाकृत बेहतर हो सकती है.
एक सप्ताह बाद हॉस्पिटल से मिली छुट्टी
सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति लगातार बेहतर होती गई. डॉक्टरों की निगरानी में रहने के बाद करीब एक सप्ताह में उन्हें हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई. फिलहाल उन्हें नियमित फॉलो-अप और समय-समय पर जांच कराने की सलाह दी गई है.
डॉक्टर्स का कहना है कि रोबोटिक तकनीक जटिल ब्लैडर कैंसर के इलाज में नई संभावनाएं खोल रही है. इससे ऐसे मरीजों का इलाज अधिक सटीक और कम दर्दनाक तरीके से किया जा सकता है, जिन्हें पहले लंबी और चुनौतीपूर्ण सर्जरी से गुजरना पड़ता था.
ये भी पढ़ें - 8 घंटे की सर्जरी, AI की मदद से डॉक्टर ने हड्डी में लगा दी 16 कीलें, सीधी हो गई रीढ़ की हड्डी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं