Diwali Diabetes Control: देशभर में दिवाली के त्योहार की धूम मची हुई है. कई लोग इस खास त्योहार का पूरे सालभर से इंतजार करते हैं. इस त्योहार की सबसे खास बात स्वादिष्ट मिठाइयां होती हैं. दिवाली के दौरान लड्डू, बर्फी और गुलाब जामुन जैसी मिठाइयां लगभग हर घर में बनाई और खाई जाती हैं. लेकिन कई बार परिवार और दोस्तों के साथ मिलकर लोग अक्सर जरूरत से ज्यादा मिठाई खा लेते हैं. ऐसे में, खासकर डायबिटीज के मरीजों के लिए हेल्दी खानपान बनाए रखना काफी मुश्किल हो जाता है. दरअसल, मिठाइयों में मौजूद ज्यादा चीनी और त्योहारों के दौरान खाए जाने वाले खाने में कार्बोहाइड्रेट के कारण ब्लड शुगर को कंट्रोल करना मुश्किल हो जाता है. इसी कड़ी में आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि दिवाली के दौरान डायबिटिज वाले लोग क्या खाएं और क्या खाने से बचें. साथ ही ये भी जानेंगे कि शुगर कंट्रोल रखने के लिए किन बातों का ध्यान रखें.
डॉक्टर ने बताया किस बात का रखें ध्यान
फोर्टिस मानेसर में कंसल्टेंट एंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉक्टर अनु मैथ्यू ने NDTV को बताया कि त्योहारों के दौरान डायबिटीज मरीजों में ब्लड शुगर बढ़ने और बहुत कम होने दोनों का खतरा रहता है. खासकर व्रत के समय, जो लोग इंसुलिन या कुछ खास दवाएं लेते हैं, उनमें ब्लड शुगर कम हो सकता है. वहीं, व्रत और फिर ज्यादा खाने का चक्र डायबिटिक कीटोएसिडोसिस (DKA) जैसी गंभीर समस्या का जोखिम भी बढ़ा सकता है. उन्होंने सलाह दी कि त्योहारों के दौरान कार्बोहाइड्रेट वाली चीजें खाते समय खास ध्यान रखना चाहिए और उन्हें प्रोटीन-फाइबर वाली चीजों के साथ लें, ताकि ब्लड शुगर अचानक न बढ़े.
यह भी पढ़ें: Diwali Pollution Alert: दिल्ली में स्मॉग का खतरा, डॉक्टरों ने बताया फेफड़ों को हेल्दी रखने के लिए क्या करें?
शुगर फ्री मिठाइयां भी नहीं हैं पूरी तरह सेफ
उन्होंने ये भी बताया कि शुगर-फ्री मिठाइयों को पूरी तरह सुरक्षित नहीं माना जा सकता, क्योंकि इनमें मौजूद कुछ तत्व ब्लड शुगर बढ़ा सकते हैं. डायबिटीज मरीजों को दिन में 2-3 बार ब्लड शुगर चेक करते रहना चाहिए और व्रत रखने से पहले डॉक्टर की सलाह को देखते हुए प्लानिंग करनी चाहिए. व्रत के दौरान इंसुलिन कभी भी बंद नहीं करनी चाहिए, खासकर टाइप-1 डायबिटीज के मरीजों को. इसके अलावा, मिठाइयां हमेशा भोजन के बाद खाएं, खाली पेट नहीं, और खाने के बाद थोड़ी देर टहलना भी फायदेमंद रहता है.

Photo Credit: Canva
दिवाली के दौरान क्या खाएं?
- ऐसी चीजें खाएं जो धीरे-धीरे पचती हैं, ताकि शरीर को लंबे समय तक एनर्जी मिले और ब्लड शुगर स्टेबल रहे.
- अपनी डाइट में प्रोटीन और फाइबर से भरपूर चीजें शामिल करें, जैसे हरी सब्जियां, पनीर, टोफू, दही, अंडे और कम फैट वाला चिकन.
- मैदा और रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट की जगह ब्राउन राइस, गेहूं, बाजरा, ओट्स और दालों जैसे कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट चुनें.
- पैकेट वाले नमकीन और प्रोसेस्ड स्नैक्स की बजाय भुने हुए ड्राय फ्रूट्स, सीड्स, मखाने या चना चाट जैसे हेल्दी स्नैक्स खाएं.
- अगर घर पर मिठाई बना रहे हैं, तो कम कैलोरी वाले या लिमिट में नेचुरल स्वीटनर का इस्तेमाल करें.
क्या खाने से बचें?
- अपनी पसंदीदा मिठाई खानी हो तो भोजन के बाद लगभग 25 ग्राम तक ही लें.
- चकली, समोसा और बाकी तले हुए स्नैक्स का सेवन कम करें.
- मीठे ड्रिंक्स, सॉफ्ट ड्रिंक्स और पैकेट वाले जूस से बचें. उनकी जगह साबुत फल खाना बेहतर ऑप्शन है.
किन बातों का रखें ध्यान?
- मिठाई खाने के लिए भोजन छोड़ने की गलती न करें. ऐसा करने से ब्लड शुगर में उतार-चढ़ाव हो सकता है और बाद में जरूरत से ज्यादा खाने की संभावना बढ़ जाती है.
- त्योहारों के दौरान अपनी दवाएं और इंसुलिन समय पर लेना न भूलें.
- दिवाली के दिनों में ब्लड शुगर ज्यादा चेक करें ताकि किसी भी चेंज पर तुरंत ध्यान दिया जा सके.
- अगर आपने हैवी खाना खाया है, तो खाने के बाद 15 से 30 मिनट तक टहलें. इससे ब्लड शुगर कंट्रोल होने में मदद मिलती है.
- पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें. शरीर में पानी की कमी न होने से किडनी ज्यादा शुगर को बाहर निकालने में बेहतर तरीके से काम कर पाती है.
यह भी पढ़ें: दिवाली पर पटाखों से जल जाएं तो क्या करें? डॉक्टर से जानें तुरंत फर्स्ट एड और जरूरी किट
यह भी पढ़ें: दिवाली पर ज्यादा खाने से बचना है? ये रहा त्योहारों में वजन बढ़ने से बचने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं