विज्ञापन

क्या घंटों बैठे रहने से रीढ़ को नुकसान पहुंचता है? डॉक्टर से जानें कितने घंटे बैठना है सुरक्षित

क्या आप डेस्क जॉब करते हैं और इसकी वजह से आपको लगातार एक ही पॉजिशन में बैठना पड़ता है? अगर हां, तो इसकी वजह से रीढ़ की हड्डी को नुकसान पहुंच सकता है. यहां समझते हैं इस विषय को-

क्या घंटों बैठे रहने से रीढ़ को नुकसान पहुंचता है? डॉक्टर से जानें कितने घंटे बैठना है सुरक्षित
Long Time Sitting Affect Spine : लंबे समय तत बैठने से स्पाइन को हो सकता है नुकसान

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में घंटों बैठकर काम करना आम बात हो गई है. ऑफिस में डेस्क जॉब, लंबी यात्रा या मोबाइल और लैपटॉप पर समय बिताने की वजह से लोग कई-कई घंटे एक ही जगह बैठे रहते हैं. ऐसे में अक्सर सवाल उठता है कि क्या लंबे समय तक बैठना रीढ़ की हड्डी को नुकसान पहुंचा सकता है? इस बारे में हमने सीके बिड़ला हॉस्पिटल के डायरेक्टर स्पाइन सर्जरी डॉ. अरुण भनोट से जानकरी ली. यहां डॉक्टर से समझते हैं कि क्या घंटों बैठना रीढ़ के लिए नुकसानदायह है या नहीं, साथ ही हम समझेंगे कि कितने घंटे लगातार बैठना सुरक्षित होता है?

क्या लंबे समय तक बैठना स्पाइन के लिए खतरनाक है?

डॉ. अरुण भनोट बताते हैं कि सिर्फ बैठना नुकसानदायक नहीं है. असली समस्या तब शुरू होती है, जब कोई व्यक्ति लंबे समय तक एक ही पोजिशन में बैठा रहता है. मुख्य रूप से अगर उस व्यक्ति के बैठने की पॉजिशन गलत हो और शरीर को पर्याप्त मूवमेंट न मिले.

घंटों तक बैठे रहने से गर्दन, पीठ और कंधों की मांसपेशियों पर लगातार दबाव पड़ता है. इससे कमर दर्द, गर्दन में अकड़न, मांसपेशियों की थकान और शरीर की लचीलेपन में कमी जैसी परेशानियां हो सकती हैं. जिन लोगों को पहले से स्पाइन से जुड़ी कोई समस्या है, उनमें यह स्थिति लक्षणों को और बढ़ा सकती है.

क्या बैठने से स्पाइन को स्थाई नुकसान होता है?

डॉक्टर बताते हैं कि लंबे समय तक बैठना जरूरी नहीं कि सीधे तौर पर रीढ़ को स्थाई नुकसान पहुंचाए. लेकिन अगर इसके साथ शारीरिक गतिविधि की कमी, खराब पोस्टर और लगातार एक जैसी मुद्रा बनी रहे तो पीठ और गर्दन से जुड़ी समस्याएं बार-बार हो सकती हैं. 

इसके साथ ही आजकल मोबाइल और लैपटॉप का ज्यादा इस्तेमाल भी बड़ी वजह बन रहा है. स्क्रीन देखने के लिए बार-बार गर्दन झुकाने से टेक्स्ट नेक जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं, जिससे गर्दन और कंधों में दर्द बढ़ सकता है.

आखिर कितनी देर लगातार बैठना सुरक्षित है?

डॉ. भनोट का कहना है कि लगातार बैठने का ऐसा कोई तय आंकड़ा नहीं है, जो हर व्यक्ति के लिए सुरक्षित या असुरक्षित माना जाए. ये व्यक्ति की उम्र, फिटनेस, पोस्टर और स्वास्थ्य पर निर्भर करता है. हालांकि, आपको लगातार 30 मिनट से ज्यादा एक ही स्थिति में न बैठें. हर आधे घंटे में खड़े होकर थोड़ा चलें या शरीर की पोजिशन बदलें. कुछ मिनट का छोटा ब्रेक भी मांसपेशियों को राहत देने और अकड़न कम करने में मदद कर सकता है.

स्पाइन को स्वस्थ रखने के आसान उपाय

  • हर 30 मिनट में अपनी सीट से उठें.
  • कंप्यूटर स्क्रीन को आंखों के स्तर पर रखें.
  • बैठते समय पीठ को पूरा सपोर्ट दें.
  • मोबाइल देखते समय गर्दन ज्यादा न झुकाएं.
  • नियमित रूप से वॉक और एक्सरसाइज करें.
  • पीठ और पेट की मांसपेशियों को मजबूत बनाने वाले व्यायाम करें.

ये भी पढ़ें - नुसरत भरूचा की रीढ़ की हड्डी में हुआ फ्रैक्चर, डॉक्टर से समझें कितना खतरनाक है Spine Fracture 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
World Spine Day, World Spine Day 2026, Long Sitting Health Effects, Long Sitting Health Risks, Long Sitting Hours
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com