Numbness in legs and feet : हम में से कई लोगों को पैरों में सुन्नपन की परेशानी महसूस होती है. कुछ लोगों को ये विटामिन की कमी के लक्षण लगते हैं. वहीं, कुछ लोग इसे बढ़ती उम्र और कमजोरी मानकर नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन ये समस्या कई बार शरीर के अंदर छिपी किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकती है. मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के न्यूरोलॉजी डिपार्टमेंट के वाइस चेयरमैन और यूनिट हेड डॉ. आनंद कुमार सक्सेना का कहना है कि पैरों में सुन्नपन की असली वजह हमेशा एक जैसी नहीं होती. ये रीढ़ की हड्डी, नसों या डायबिटीज से जुड़ी जटिलताओं के कारण भी हो सकता है. इसलिए इसके लक्षणों को समझना और समय रहते डॉक्टर से सलाह लेना बेहद जरूरी है. यहां समझते हैं इसे अच्छे से-
रीढ़ की हड्डी से जुड़ी समस्या भी हो सकती है कारण
डॉक्टर कहते हैं कि अगर सुन्नपन की शुरुआत कमर से होकर एक पैर की ओर फैलती है, तो इसकी वजह रीढ़ की हड्डी में होने वाली कोई समस्या हो सकती है. स्लिप डिस्क, नस पर दबाव या स्पाइनल कैनाल का संकरा होना ऐसे सामान्य कारण हैं.
इस स्थिति में मरीज को कमर दर्द, झनझनाहट, पैरों में कमजोरी या बिजली का झटका लगने जैसा एहसास हो सकता है. कई लोगों को लंबे समय तक खड़े रहने या चलने पर पैरों में भारीपन और सुन्नपन महसूस होता है, जो बैठने या आगे झुकने पर कुछ हद तक कम हो जाता है.
नसों की खराबी से भी हो सकता है सुन्नपन
डॉ. आनंद का कहना है कि जब किसी विशेष नस पर दबाव पड़ता है या वह डैमेज हो जाती है, तब भी पैरों में सुन्नपन महसूस हो सकता है. ये समस्या शरीर के किसी एक हिस्से तक सीमित रह सकती है.
इसके साथ झुनझुनी, जलन, संवेदना में कमी या मांसपेशियों की कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं. नसों की चोट, कुछ दवाओं के साइड इफेक्ट और विटामिन बी12 जैसी पोषक तत्वों की कमी भी नसों को प्रभावित कर सकती है.
डायबिटीज मरीजों में क्यों बढ़ जाता है खतरा?
डायबिटीज से पीड़ित लोगों में परिधीय न्यूरोपैथी एक आम समस्या है. इसमें सबसे पहले पैरों की उंगलियों और तलवों में सुन्नपन या जलन महसूस होती है. धीरे-धीरे यह परेशानी पैरों के ऊपर की ओर बढ़ सकती है और आमतौर पर दोनों पैरों को प्रभावित करती है.
मरीजों को सुई चुभने जैसी अनुभूति, जलन, दर्द या तापमान का सही अंदाजा न लग पाने की शिकायत हो सकती है. सेंसिटिविटी कम होने के कारण छोटे घाव या चोट का पता भी नहीं चल पाता, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए डायबिटीज मरीजों को नियमित रूप से अपने पैरों की जांच करनी चाहिए.
इन संकेतों को समझें चेतावनी
डॉक्टर कहते हैं कि कुछ संकेतों को देखकर आपको सतर्क रहने की जरूरत होती है, जैसे- अचानक पैरों में सुन्नपन हो जाए, चलने में परेशानी होने लगे, मांसपेशियों में गंभीर कमजोरी महसूस हो या पेशाब और मल पर नियंत्रण कम होने लगे इत्यादिये लक्षण किसी गंभीर न्यूरोलॉजिकल समस्या की ओर इशारा कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें - बार-बार प्यास लगना 1 नहीं, इन 5 बीमारियों का होता है संकेत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं