क्या आपके मन में भी रोज यही सवाल आते हैं आज अंडा खाऊं या न खाऊं? क्योंकि कोई कहता है, रोज अंडा खाने से कोलेस्ट्रॉल बढ़ जाएगा, हार्ट खराब हो जाएगा. कोई कहता है, अंडा सबसे अच्छा प्रोटीन है, रोज खाना चाहिए. तो सच क्या है? अगर आप भी इसी सवाल का जवाब चाहते हैं, तो गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ सेठी ने बताया रोज अंडा खाने से शरीर में क्या-क्या बदलाव होता है. तो चलिए जानते हैं किन लोगों को करना चाहिए इसका सेवन.
रोज अंडा खाने से क्या होता है?
1. दिमाग-
अंडे में कोलीन होता है. कोलीन एक ऐसा न्यूट्रिएंट है, जो दिमाग के लिए बहुत जरूरी है. कोलीन से एसिटाइलकोलीन बनता है, जो मेमोरी और सीखने के काम आता है. स्टडी में भी देखा गया है, जो लोग रोज अंडा खाते हैं, बुढ़ापे में उनकी याददाश्त कम होने की रफ्तार धीमी हो जाती है.
यहां देखें वीडियो-
2. मसल्स-
अंडा हाई-क्वालिटी प्रोटीन का सबसे सस्ता सोर्स है. एक अंडे में करीब 6-7 ग्राम प्रोटीन होता है, और इसमें सभी 9 एसेंशियल अमीनो एसिड होते हैं. ये वही अमीनो एसिड हैं, जो शरीर खुद नहीं बना सकता, खाना ही पड़ता है. ये प्रोटीन मसल्स को बनाने और उनको मेंटेन रखने में मदद कर सकता है. जो लोग जिम जाते हैं, वर्कआउट करते हैं, उनके लिए तो अंडा बेस्ट है ही. लेकिन जो लोग 40-50 की उम्र के बाद हैं, जिनकी मसल्स धीरे-धीरे कम हो रही हैं, उनके लिए भी रोज अंडा बहुत जरूरी है.
3. आंखों-
अंडे की जर्दी, यानी पीले वाले हिस्से में ल्यूटिन और ज़ेक्सैंथिन होता है. ये दो एंटीऑक्सीडेंट हैं, जो आंखों की रोशनी को हेल्दी रखते हैं. आजकल सब मोबाइल, लैपटॉप में लगे रहते हैं. आंखें थक जाती हैं, धुंधला दिखने लगता है. रोज अंडा खाने से आंखों को ये प्रोटेक्शन मिलता है. उम्र के साथ जो मोतियाबिंद और आंखों की कमजोरी आती है, उसकी रफ्तार भी धीमी होती है. इसलिए अगर आपको आंखों का काम ज्यादा है, तो अंडे की जर्दी मत फेंकिए, उसको भी खाइए.
4. भूख-
अंडा प्रोटीन से भरा हुआ है. प्रोटीन वाली चीज खाने के बाद पेट देर तक भरा रहता है. सुबह नाश्ते में अंडा खाने के बाद आपको 11 बजे, 12 बजे फिर से भूख नहीं लगेगी. बिस्किट, चिप्स, समोसा खाने का मन नहीं करेगा. मतलब, अननेसेसरी स्नैकिंग कम हो जाएगी और जब स्नैकिंग कम होगी, तो वजन भी कंट्रोल में रहेगा.
5. हड्डियों-
अंडे की जर्दी में विटामिन D होता है. विटामिन D शरीर को कैल्शियम सोखने में मदद करता है और कैल्शियम ही हड्डियों को मजबूत बनाता है. बिना विटामिन D के, आप कितना भी कैल्शियम खा लीजिए, हड्डियों को नहीं मिलेगा. आजकल सबको विटामिन D की कमी है, क्योंकि धूप में कोई जाता ही नहीं. ऐसे में रोज अंडा खाने से विटामिन D की थोड़ी कमी पूरी होती है, हड्डियां मजबूत रहती हैं.
रोज कितने अंडे खाएं?
एक्सपर्ट कहते हैं, हेल्दी इंसान के लिए रोज 1-2 अंडे खाना बिल्कुल सेफ है. पहले लोगों को लगता था, अंडे की जर्दी से कोलेस्ट्रॉल बढ़ेगा. लेकिन नई स्टडी कहती है, खाने से मिलने वाला कोलेस्ट्रॉल, खून के कोलेस्ट्रॉल को उतना नहीं बढ़ाता, जितना पहले सोचा जाता था.
ये भी पढ़ें- सीने में दर्द, जकड़न और दबाव? इस बीमारी का पहला अलार्म हो सकते हैं ये संकेत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं