आज के दौर में लोगों को कम उम्र में ही हार्ट से जुड़ी परेशानियां होने लगी हैं, जिसका मुख्य कारण खराब खानपान और गलत लाइफस्टाइल फॉलो करना है. अगर आप अपने डाइट और लाइफस्टाइल को बेहतर करते हैं, तो इससे काफी हद तक हार्ट से जुड़ी दिक्कतों को कंट्रोल किया जा सकता है. इसके लिए नियमित रूप से एक्सरसाइज के साथ-साथ खानपान पर ध्यान दें. मुख्य रूप से हार्ट को स्वस्थ रखने के लिए ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर चीजें खाना हेल्दी हो सकता है. यशोदा हॉस्पिटल की डायटीशियन स्वेता ए का कहना है कि ओमेगा-3 एक ऐसा जरूरी फैट है, जिसे हमारा शरीर खुद नहीं बना पाता, इसलिए इसे खाने के जरिए लेना जरूरी होता है.
अगर आप नॉन-वेज खाते हैं, तो मछली ओमेगा-3 का बेहतरीन सोर्स हो सकती है. हमारे देश में कई ऐसी मछलियां आसानी से मिल जाती हैं, जो हार्ट को हेल्दी रखने में प्रभावी हो सकती हैं. इससे हमारे शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिल जाते हैं. यहां हम आपको ऐसी मछलियों के बारे में बताएंगे, जो ओमेगा-3 फैटी एसिड का काफी अच्छा सोर्स होते हैं. आइए जानते हैं-
ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर है इंडियन मैकेरल
बांगड़ा हमारे देश में सबसे ज्यादा खाई जाने वाली मछलियों में से एक है. इसमें DHA और EPA नाम के ओमेगा-3 फैटी एसिड अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं. ये हार्ट को हेल्दी रखने में प्रभावी होते हैं. इसके साथ ही ये दिमाग और आंखों की कार्यक्षमता को बेहतर बनाए रखने में प्रभावी हो सकते हैं. अगर आप नियमित रूप से इसका सेवन करते हैं, तो आपके शरीर को जरूरी पोषण मिल सकता है.
सार्डिन ओमेगा-3 का है अच्छा सोर्स
सार्डिन छोटी लेकिन बहुत ही पौष्टिक मछली मानी जाती है. इसमें ओमेगा-3 के अलावा प्रोटीन, कैल्शियम और विटामिन D भी भरपूर मात्रा में होता है. इस मछली की एक अलग बात ये है कि इसमें मर्करी का लेवल काफी कम होता है, इसलिए इसे अन्य मछलियों की तुलना में सुरक्षित माना जाता है. ये हड्डियों और मांसपेशियों को मजबूत बनाने में भी मदद कर सकती है.
सैल्मन फिश है हार्ट के लिए हेल्दी
सैल्मन को दुनिया की सबसे हेल्दी मछलियों में गिना जाता है. 100 ग्राम सैल्मन में लगभग 1.8 ग्राम तक ओमेगा-3 फैटी एसिड पाया जा सकता है. ये हार्ट को हेल्दी बनाए रखने में मददगार होता है. अगर आप इसका सेवन करते हैं, तो इससे शरीर में ट्राइग्लिसराइड्स के लेवल को कंट्रोल में रखने में मदद मिल सकती है. साथ ही इसमें सूजन कम करने वाले गुण भी पाए जाते हैं.
ओमेगा 3 का अच्छा सोर्स है हिल्सा
पूर्वी भारत में हिल्सा काफी मशहूर मछली है. ये मछली ओमेगा-3 फैटी एसिड के साथ-साथ जरूरी अमीनो एसिड, फॉस्फोरस और कई मिनरल्स से भरपूर होती है. डॉक्टर का कहना है कि इसका सेवन करने से हार्ट हेल्थ को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है.
रोहू है हेल्दी फिश
रोहू हमारे देश की की सबसे लोकप्रिय मीठे पानी की मछलियों में से एक है. इसमें अच्छी मात्रा में ओमेगा-3 फैटी एसिड मौजूद होता है. साथ ही कैल्शियम, फॉस्फोरस और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व भी मिलते हैं, जो हड्डियों और शरीर के ऑवरऑल हेल्थ के लिए अच्छी मानी जाती है.
ये भी पढ़ें - 36 हफ्ते की गर्भवती लग रही थी महिला, स्कैन किया तो डॉक्टर की फटी रह गई आंखें, निकला पपीते से भी बड़ा...
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं