Aidiyon Ka Dard: सुबह बिस्तर से उठते ही एड़ी में तेज चुभन या जकड़न महसूस होना कई लोगों के लिए आम अनुभव है. पहला कदम रखते ही अगर दर्द ऐसा लगता है जैसे एड़ी में सुई चुभ रही हो तो अक्सर लोग इसे थकान या ज्यादा चलने-फिरने का असर समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन बार-बार होने वाला यह दर्द किसी अंदरूनी समस्या का संकेत भी हो सकता है. अगर यह समस्या रोजाना हो रही है या धीरे-धीरे बढ़ रही है, तो इसे समझना और समय रहते ध्यान देना जरूरी है. सही जानकारी और सावधानी से इस दर्द से राहत पाई जा सकती है.
सुबह उठते ही एड़ियों में दर्द के ये सब हो सकते हैं कारण- (Causes Of Heel Pain In The Morning)
प्लांटर फैसाइटिस हो सकता है कारण- (Plantar Fasciitis)
सुबह के समय एड़ी में दर्द का एक बड़ा कारण प्लांटर फैसाइटिस होता है. यह पैर के तलवे (Sole) में मौजूद एक मजबूत टिश्यू में सूजन आने की स्थिति है. रातभर आराम करने के बाद यह हिस्सा सख्त हो जाता है, जिससे सुबह उठते ही दर्द ज्यादा महसूस होता है. चलने-फिरने से कुछ देर बाद आराम मिल सकता है, लेकिन यह समस्या बनी रहती है.

एचिलीस टेंडन में खिंचाव- (Achilles Tendinitis)
एड़ी और पिंडली को जोड़ने वाली नस (Nerve) में खिंचाव या सूजन (Swelling) भी दर्द का कारण बन सकती है. इसे एचिलीस टेंडिनाइटिस कहा जाता है. यह समस्या उन लोगों में ज्यादा देखी जाती है जो ज्यादा दौड़ते हैं या लंबे समय तक खड़े रहते हैं. इसमें दर्द सिर्फ सुबह ही नहीं बल्कि दिनभर भी रह सकता है.
स्ट्रेस फ्रैक्चर का संकेत- (Stress Fractures)
अगर दर्द लगातार बढ़ता जा रहा है और चलने में मुश्किल हो रही है, तो यह स्ट्रेस फ्रैक्चर का संकेत हो सकता है. यह हड्डी में छोटी दरार की तरह होता है, जो ज्यादा दबाव या गलत तरीके से चलने के कारण हो सकता है.
थायरॉयड और जोड़ों से जुड़ी समस्या- (Thyroid And Joints Problem)
कुछ मामलों में हार्मोनल असंतुलन (Harmonal Imbalance) या जोड़ों से जुड़ी बीमारी भी एड़ी के दर्द का कारण बन सकती है. जैसे हाइपोथायरॉयड (Hypothyroid) या रूमेटॉइड आर्थराइटिस (Rheumatoid Arthritis) में सूजन और जकड़न बढ़ जाती है, जिससे सुबह दर्द ज्यादा महसूस होता है.
राहत पाने के आसान तरीके
अगर दर्द हल्का है तो बर्फ से सिकाई, आराम और हल्की स्ट्रेचिंग (Stretching) से राहत मिल सकती है. सुबह उठने से पहले पैरों को धीरे-धीरे हिलाना भी मददगार होता है. सही और आरामदायक जूते पहनना जरूरी है.
अगर यह दर्द लगातार बना रहे या बढ़ता जाए, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है. समय पर ध्यान देने से इस समस्या को बढ़ने से रोका जा सकता है.
Watch Video: कीमोथेरेपी क्या है, कैसे होती है | What is Chemotherapy | Dr Shubham Garg | Read
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं