VIRAL VIDEO: तेज प्रताप यादव इन दिनों अपने नए यूट्यूब चैनल 'TY Vlog' को लेकर चर्चा में हैं. अपने ताजा वीडियो व्लॉग में तेज प्रताप पटना में अपने माता-पिता (लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी) के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शकों को वहां के बगीचे और उसमें उगने वाली सब्जियों के बारे में बताया. वीडियो में वे अपनी मां के साथ उनके बगीचे की सैर करते और बतियाते दिखाई दिए. तेज प्रताप ने अपने दर्शकों को बताया कि उनके माता-पिता के घर के बगीचे में जरूरत की हर सब्जी ऑर्गेनिक तरीके से उगाई जाती है. राबड़ी देवी ने खुद बताया कि उन्हें बाजार से सब्जियां खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती है. बगीचे में सरसों, चना साग, गोभी, आलू, टमाटर, बैंगन, कद्दू, खीरा और मूली जैसी रोजमर्रा की सब्जियां पूरी तरह बिना किसी मिलावट के उगाई जाती हैं. राबड़ी देवी खुद इस पूरी बागवानी की देखभाल करती हैं.
सर्दी के मौसम में भी आम और खास फल
इस ब्लॉग की सबसे अनोखी बात यह रही कि कड़ाके की ठंड के मौसम में भी राबड़ी देवी के इस बगीचे में आम के पेड़ पर बड़े-बड़े आम लटके दिखाई दिए. इसके अलावा बगीचे में मौसमी, पपीता और चीकू के पेड़ भी फल दे रहे हैं. छठ पूजा में चढ़ने वाला बेहद खास और महंगा फल 'स्टार फ्रूट' (कमरख) भी इस बगीचे में भारी मात्रा में पैदा होता है, जिसे इस बार पूजा के लिए उनके गांव भेजा गया था.
बगीचे की सुरक्षा के लिए डॉगी 'थर'
तेज प्रताप ने अपने पालतू डॉग 'थर' से भी दर्शकों को मिलवाया, जिसे वे अपने परिवार का एक सदस्य मानते हैं और जो राबड़ी देवी की सुरक्षा में साए की तरह साथ रहता है. बागवानी के साथ-साथ बगीचे में मेथी भी उगाई जाती है, जिसके बारे में बात करते हुए तेज प्रताप ने कहा कि इसके पराठे तो स्वादिष्ट बनते ही हैं, साथ ही यह शुगर (मधुमेह) के मरीजों के लिए भी बेहद फायदेमंद है. इसके अलावा पूजा के लिए अपराजिता और अगस्त के फूल भी घर में ही मिल जाते हैं.
ताजी और शुद्ध खुराक ही तंदुरुस्ती का राज
तेज प्रताप ने अपने दर्शकों से अपील की कि मिलावटी और इंजेक्शन वाली सब्जियों से बचकर रहने में ही भलाई है. घर की उगी ताजी और बिना मिलावट की ऑर्गेनिक सब्जियां खाने से ही शरीर को नई ऊर्जा मिलती है और इंसान सेहतमंद रहता है.
यह भी पढ़ें | यूट्यूबर नीतू बिष्ट ने राजस्थान के गांव में दिखाया अनोखा रिवाज, लोग बोले- ऐसा भी होता है
फैमिली व्लॉग देखकर लोगों ने की जमकर तारीफ
बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव के व्लॉग को देखकर सोशल मीडिया पर लोग उनकी सादगी के दीवाने हो गए हैं. @चौहान_420 ने लिखा कि भाई कोई कुछ भी कहे, तेजू भाई अपनी ही धुन में मस्त जिंदगी जीते हैं और उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि लोग क्या कहेंगे. वहीं @amansatya88 ने कहा कि अगर तेजू भैया रोज वीडियो डालने लगें, तो बड़े-बड़े व्लॉगर भी उनके आगे फेल हो जाएंगे. @AnilKumarAhir2277 और @sanjeevojha876 ने कहा कि इतने बड़े राजनीतिक परिवार से होने और मुख्यमंत्री रहने के बावजूद इस परिवार में धन-संपत्ति का कोई घमंड नहीं है और इनका जमीन से जुड़कर अपनी मातृभाषा भोजपुरी में बात करना मन खुश कर देता है. @munnakumar8076 ने चुटकी लेते हुए लिखा कि हमें तो लगता था कि बड़े लोग सिर्फ सोना-चांदी खाते हैं, लेकिन इन्हें साधारण तरीके से ताजी सब्जियां तोड़ते देखना बहुत ही प्यारा अनुभव है.
यह भी पढ़ें | साउथ अफ्रीकी यूट्यूबर फैमिली का ट्रेन की चेयर कार में 26 घंटे सफर, बोली- बहुत बड़ी मिस्टेक हो गई
यह भी पढ़ें | CBI इंस्पेक्टर बन गया संन्यासी, बोला- 'नर्मदा किनारे गुफाओं में मिला जीवन का असली सच'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं