विज्ञापन
This Article is From Nov 14, 2017

गुजरात विधानसभा चुनाव: चुनाव के लिए भेजे जाएंगे 60 हजार सुरक्षा कर्मी

गुजरात में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अर्ध सैनिक और राज्य पुलिस बलों के 60 हजार से ज्यादा सुरक्षा कर्मियों को राज्य में तैनात किया जाएगा.

गुजरात विधानसभा चुनाव: चुनाव के लिए भेजे जाएंगे 60 हजार सुरक्षा कर्मी
प्रतीकात्मक तस्वीर
नई दिल्ली: गुजरात में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अर्ध सैनिक और राज्य पुलिस बलों के 60 हजार से ज्यादा सुरक्षा कर्मियों को राज्य में तैनात किया जाएगा. गुजरात की 182 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में होने वाले चुनाव के दौरान सुरक्षा के लिए केंद्र ने ट्रेन की 650 बोगियों को तैयार रखा है, जिसमें सुरक्षा कर्मियों को वहां भेजा जाएगा.

गुजरात की 14वीं विधानसभा का चुनाव दो चरणों में होगा. पहला चरण 9 दिसंबर और दूसरा 14 दिसंबर को निर्धारित किया गया है. सरकार के सूत्रों के मुताबिक, केंद्र ने गुजरात चुनाव के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस और राज्य पुलिस बलों की 500 कंपनियों की जरूरत जताई है. 

यह भी पढ़ें - गुजरात विधानसभा चुनाव में पटेल समुदाय पर टिकीं सबकी नजरें, आखिर किसे है हार्दिक पटेल से खतरा

इन 500 कंपनियों में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ)की 110, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 90, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 80, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की 40, इंडो-तिब्बती सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 35 और 34 कंपनियां सशस्त्र सीमा बाल (एसएसबी) की शामिल हैं. 

सूत्र ने कहा कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की कुल 389 कंपनियां और राज्य पुलिस बलों की 121 कंपनियां अगले माह दो चरणों में होने वाले चुनाव में अपनी सेवाएं देंगी. तैनाती के दौरान बावर्ची, चालक और दूसरे समर्थन स्टाफ समेत 121 कर्मियों की एक कंपनी भी तैयार की गई है.

यह भी पढ़ें - गुजरात चुनाव : राहुल गांधी के ये चार कार्ड या नीतीश कुमार का एक दावा, कौन साबित होगा सही?

इसका साथ ही रेलवे से गुजरात में चुनाव के दौरान ड्यूटी पर सुरक्षा कर्मियों को ले जाने के लिए 650 बोगियों को तैयार रखने के लिए कहा गया है. चुनाव के दौरान गुजरात में चलने वाली ट्रेनों में भी सुरक्षा कर्मियों के सफर के लिए अलग से बोगियां जोड़ी जाएंगी. वर्तमान में गुजरात के आसपास के क्षेत्रों में तैनात अर्ध सैनिक बलों को चुनाव में ड्यूटी के लिए बुलाया जा रहा है, जिसमें से कुछ सड़क से आएंगे व बाकी ट्रेनों से यात्रा करेंगे.

गुजरात में 4.33 करोड़ मतदाता हैं. चुनाव में वीवीपीएटी लगी ईवीएम का प्रयोग किया जाएगा. गुजरात में 50,128 केंद्रों पर मतदान किया जाएगा. यह पहली बार है कि पूरे राज्य में वीवीपीएटी का प्रयोग किया जा रहा है. वर्तमान गुजरात विधानसभा का कार्यकाल 22 जनवरी, 2018 को समाप्त हो रहा है.

VIDEO: अबकी बार किसकी सरकार : राजनीति के मंदिर मार्ग पर राहुल गांधी

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gujrat Assembly Polls 2017, Gujrat Assembly Elections 2017
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com