- जापान ने समंदर के छह किलोमीटर अंदर रेयर अर्थ मेटल्स खोजने का दावा किया है
- जापान का वैज्ञानिक रिसर्च जहाज चिक्यू ने मिनामी तोरीशिमा द्वीप के आसपास समुद्र के अंदर मूल्यवान खनिज पाए हैं
- चीन वैश्विक रेयर अर्थ मेटल्स आपूर्ति में प्रमुख है और जापान की इस खोज से उसकी निर्भरता कम होगी
जापान को अब चीन की मेहरबानी की जरूरत नहीं रह गई है क्योंकि उसने रेयर अर्थ मेटल्स का खुद का खान खोज निकाला है. जापान ने एक महीने पहले अपना एक रिसर्च जहाज समंदर में उतारा था जिसने 6 किलो मीटर की गहराई में गहरे समुद्र के अंदर रेयर अर्थ मेटल्स की खोज की थी. अब जापान की सरकार ने सोमवार, 2 फरवरी को उसे समुद्र की इस गहराई पर जो गाद (सेडिमेंट) मिले हैं, उसमें रेयर अर्थ मेटल्स पाए गए हैं. जापान के लिए यह खुशखबरी उस समय आई है जब चीन से उसके रिश्तें बहुत खराब चल रहे हैं. जापान का कहना है कि यह मिशन समुद्र के अंदर इतनी गहराई में रेयर अर्थ मेटल्स निकालने वाला दुनिया का पहला ऐसा प्रयास था.
काम की बात: पहले तो आपको आसान भाषा में बताते हैं कि आखिर रेयर अर्थ मेटल्स होते क्या हैं. रेयर अर्थ मेटल्स धरती के अंदर पाए जाने वाले 17 दुर्लभ धातु हैं. आज के टेक्नोलॉजी के जमाने में रेयर अर्थ मेटल्स ऐसा फैक्टर है जिससे कंट्रोल अपने हाथ में बनाया रखा जा सकता है. दरअसल हथियारों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, गाड़ी बनाने से लेकर एयरोस्पेस बनाने तक, सेमीकंडक्टर बनाने से और उपभोक्ता वस्तुओं बनाने तक, हर जगह रेयर अर्थ के कंपोनेंट अहम हैं. अभी चीन रेयर अर्थ मिनरल्स की वैश्विक आपूर्ति पर हावी है. दुनिया में रेयर अर्थ मिनरल्स के खनन का 60-70 प्रतिशत हिस्सा चीन का है.
जापान की तो बल्ले-बल्ले हो गई
12 जनवरी को जापान के इस वैज्ञानिक ड्रिलिंग जहाज की ऐतिहासिक यात्रा शुरू हुई जिसका नाम चिक्यू है. शिज़ुओका के शिमिज़ु बंदरगाह से यह जहाज प्रशांत क्षेत्र के सुदूर द्वीप मिनामी तोरीशिमा के लिए रवाना हुआ. पहले से ही माना जा रहा था कि इस द्वीप के आसपास के पानी में मूल्यवान खनिजों का एक समृद्ध भंडार है. और यह साबित भी हो गया है. जापान ने यहां समंदर के अंदर रेयर अर्थ मेटल्स खोज लिए हैं.
न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार जापान के सरकारी प्रवक्ता केई सातो ने इसे जापान की आर्थिक सुरक्षा और व्यापक समुद्री विकास दोनों के संदर्भ में एक बड़ी उपलब्धि" बताया है. उन्होंने कहा कि जो सैंपल मिल हैं, उनका पहले विश्लेषण किया जाएगा. यह जाना जाएगा कि यहां के सैंपल में रेयर अर्थ के कितने मेटल्स मौजूद हैं.
चीन और जापान में तल्खी चरम पर
चीन दुनिया में रेयर अर्थ का सबसे बड़ा सप्लायर देश है और वो इस बात की अहमियत जानता है. लेकिन अभी जापान को चीन के साथ बढ़ते राजनीतिक, व्यापार और सुरक्षा तनाव का सामना करना पड़ रहा है. जापान की प्रधान मंत्री साने ताकाची ने हाल ही में टिप्पणी की थी कि अगर ताइवान के खिलाफ चीन कोई कार्रवाई करता है तो जापानी हस्तक्षेप कर सकता है. ताइवान एक स्व-शासित लोकतांत्रिक द्वीप है और उसपर चीन अपना दावा करता है. जापान के बयान के बाद से चीन और उनके बीच तनाव चरम पर है. दोनों देश एक-दूसरे के प्रति बढ़ती शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों और बयानबाजी में लगे हुए हैं. इस महीने की शुरुआत में, चीन ने जापान को रेयर अर्थ मेटल्स से संबंधित उत्पादों के निर्यात पर प्रतिबंध कड़े कर दिए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं