अक्टूबर का महीना आमतौर पर शरद ऋतु, जो आश्विन और कार्तिक के अंतर्गत आता है. आयुर्वेद में महीने को पित्त दोष के बढ़ने का समय माना गया है. बरसात के मौसम के बाद जब तेज धूप निकलती है, तब शरीर में जमा पित्त भड़क सकता है. इसलिए इस सीजन में हमें कुछ खाद्य पदार्थों का सेवन न करने की सलाह दी जाती है. ताकि पित्त दोष को संतुलित किया जा सके. हालांकि, आयुर्वेद में ये नहीं कहा गया है कि किसी एक सब्जी को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया जाए, लेकिन कुछ सब्जियां और खाने की चीजों को इस समय में सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए. यहां जानते हैं अक्टूबर के महीने में कौन-कौन सी सब्जियां नहीं खानी चाहिए?

बैंगन का सेवन करें सीमित
धार्मिक मान्यताओं और कुछ क्षेत्रों की परंपराओं के अनुसार, आश्विन और कार्तिक माह में बैंगन खाने से बचना चाहिए. ऐसा कहा जाता है कि इस समय बैंगन में कीड़े लगने के चांसेज ज्यादा होते हैं. वहीं, आयुर्वेदिक दृष्टि से भी बैंगन गर्म प्रकृति का होता है, जो पित्त दोष को बढ़ा सकता है. ऐसे में अक्टूबर के महीने में सीमित मात्रा में ही बैंगन का सेवन करें.
प्याज और लहसुन का सेवन करें सीमित
आयुर्वेद में अधिक मात्रा में प्याज और लहसुन जैसी गर्म सब्जियों को खाने से मना किया जाता है. ऐसा माना जाता है कि इन सब्जियों के सेवन से पित्त बढ़ सकती है. ऐसे में इस माह में सीमित मात्रा में ही इसका सेवन करें.
खट्टी सब्जियां
आयुर्वेद के मुताबिक, आश्विन और कार्तिक महीने में टमाटर या फिर ज्यादा खट्टी सब्जियों का सेवन सीमित करना चाहिए. ऐसा माना जाता है कि काफी ज्यादा खट्टे स्वाद वाली सब्जियों का सेवन करने से पित्त बढ़ सकता है. आयुर्वेद शरद ऋतु में खट्टे और नमकीन स्वाद को कम करने की सलाह देता है.
बासी और तली हुई सब्जियां
शास्त्रों और आयुर्वेद दोनों में बासी भोजन से बचने को कहा गया है. अक्टूबर में पाचन शक्ति संक्रमण काल से गुजरती है, इसलिए तली-भुनी और कई बार गर्म की गई सब्जियां अपच, गैस और अम्लता पैदा कर सकती हैं.
अक्टूबर में कौन सी सब्जियां खाना फायदेमंद होता है?
आयुर्वेद के अनुसार, अक्टूबर यानि शरद ऋतु में लौकी, परवल, तोरी, कद्दू, पालक जैसी सब्जियों का सेवन सही माना जाता है. ये हल्की और पित्त को संतुलित करने में प्रभावी हो सकती हैं.
ये भी पढ़ें - यूरिक एसिड में कौन सी सब्जी नहीं खा सकते हैं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं