बदलते मौसम में सर्दी-जुकाम, वायरल इंफेक्शन और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में शरीर की इम्यूनिटी का मजबूत होना बेहद जरूरी है. मजबूत इम्यून सिस्टम न केवल संक्रमणों से बचाने में मदद करता है, बल्कि शरीर को स्वस्थ और एनर्जेटिक बनाए रखने में भी मददगार है. अगर आप भी खुद को हेल्दी और बीमारियों को दूर रखना चाहते हैं तो इन फूड्स को डाइट में शामिल कर सकते हैं.
इम्यूनिटी मजबूत बनाने के लिए क्या खाएं-
1. खट्टे फल-
खट्टे फलों में विटामिन C भरपूर मात्रा में पाया जाता है. विटामिन सी इम्यूनिटी को बढाने में मददगार है. आप ठंड में संक्रमण से बचने और इम्यूनिटी को बचाने के लिए संतरा, मौसमी, नींबू, अमरूद और कीनू जैसे फलों को डाइट में शामिल कर सकते हैं.

Photo Credit: Pexels
2. आंवला-
आंवला को विटामिन C का अच्छा सोर्स माना जाता है. यह शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने के साथ-साथ पाचन और स्किन के लिए भी लाभकारी है. आप इसे जूस, मुरब्बा, अचार या चटनी के तौर पर डाइट में शामिल कर सकते हैं.
3. लहसुन और अदरक-
लहसुन और अदरक दोनों में ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो शरीर को वायरस और बैक्टीरिया से लड़ने में मदद कर सकते हैं. इसे आप चाय, सूप या सब्जियों में शामिल कर सकते हैं.
4. दही-
दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स आंतों को स्वस्थ बनाए रखने में मदद कर सकते हैं. ठंड में आप रोजाना एक कटोरी दही का सेवन कर सकते हैं. लेकिन इसकी तासीर ठंडी होती है इसलिए इसे दिन में ही खाएं.
5. ड्राई फ्रूट्स और सीड्स-
बादाम, अखरोट, सूरजमुखी के बीज, कद्दू के बीज और अलसी जैसी चीजों में विटामिन ई, जिंक और हेल्दी फैट्स से भरपूर होते हैं. इम्यूनिटी को मजबूत बनाने औ सर्दी के मौसम में खुद को हेल्दी रखने के लिए आप इनका सेवन कर सकते हैं.
6. हरी पत्तेदार सब्जियां-
पालक, मेथी, सरसों और बथुआ जैसी हरी सब्जियां विटामिन ए, सी और आयरन से भरपूर हैं. ठंड के मौसम में खुद को सेहतमंद रखने के लिए आप इनको डाइट में शामिल कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें- दिवाली पर घर में बनाएं हलवाई जैसी खस्ता और रसीली मिठाई, हर कोई करेगा तारीफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं