विज्ञापन

नंबर प्लेट में गड़बड़ी मिली तो टोल प्लाजा पर लगेगा 8 गुना जुर्माना, टोल टैक्स से बचना पड़ेगा महंगा

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय इस पर लगाम लगाने के लिए सख्त नियम लाने की तैयारी में है. नए प्रस्ताव के तहत पकड़े जाने पर सामान्य टोल से 4 से 8 गुना ज्यादा रकम वसूली जाएगी, जो मोटर व्हीकल एक्ट के चालान से बिल्कुल अलग होगी.

नंबर प्लेट में गड़बड़ी मिली तो टोल प्लाजा पर लगेगा 8 गुना जुर्माना, टोल टैक्स से बचना पड़ेगा महंगा
टोल बचाने के लिए नंबर प्लेट से की छेड़छाड़ तो जेब होगी ढीली.
NDTV
  • हाईवे पर पर नंबर प्लेट छेड़छाड़ करने वाले वाहन चालकों के लिए टोल फीस 4 से 8 गुना बढ़ाने का प्रस्ताव रखा है.
  • संशोधित नियमों के तहत धुंधली या छिपी नंबर प्लेट वाले वाहनों से अधिक टोल शुल्क वसूलने का प्रावधान किया जाएगा.
  • यह अतिरिक्त टोल शुल्क मोटर व्हीकल एक्ट के जुर्माने से अलग होगा और एनएचएआई की ओर से वसूला जाएगा.

Number Plate Tampering Fine: नेशनल हाईवे पर सफर को आसान बनाने के लिए सरकार तेजी से बैरियर फ्री टोलिंग सिस्टम लागू कर रही है, लेकिन इस आधुनिक व्यवस्था का फायदा उठाकर कई वाहन चालक टोल चोरी के नए-नए पैंतरे आजमा रहे हैं. टोल टैक्स बचाने के लिए गाड़ी की नंबर प्लेट छिपाने, उस पर टेप चिपकाने या अंकों से छेड़ छाड़ करने वालों की अब खैर नहीं है. दरअसल, केंद्र सरकार ऐसे चालकों पर नकेल कसने के लिए एक बेहद सख्त नियम लाने जा रही है, जिसके तहत पकड़े जाने पर सामान्य टोल फीस से 4 से 8 गुना तक ज्यादा जुर्माना वसूला जा सकता है.

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क नियमों (National Highways Fee Rules) में संशोधन करने की तैयारी कर रहा है. प्रस्तावित नियमों के मुताबिक, अगर किसी वाहन की नंबर प्लेट धुंधली, छिपी हुई या छेड़छाड़ की हुई पाई जाती है, तो उससे तय टोल का 4 से 8 गुना तक शुल्क वसूला जाएगा. खास बात यह है कि यह भारी भरकम वसूली मोटर व्हीकल एक्ट के तहत लगने वाले जुर्माने से अलग होगी. मौजूदा कानून के तहत नंबर प्लेट से छेड़ छाड़ करने पर पहली बार पकड़े जाने पर 5,000 रुपये और दूसरी बार गलती दोहराने पर 10,000 रुपये के चालान का प्रावधान है. यानी राज्य का परिवहन विभाग चालान काटेगा, जबकि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण 8 गुना तक बढ़ा हुआ टोल टैक्स वसूलने के लिए अधिकृत होगा.

 AI टेक्नोलॉजी पकड़ेगी नंबर प्लेट की चोरी

टोल प्लाजा पर हो रही इस चालाकी को पकड़ने के लिए सरकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सहारा लेने जा रही है. टोल प्लाजा पर लगे हाईटेक कैमरों से ली गई तस्वीरों और वाहनों के डेटा का AI के जरिए विश्लेषण किया जाएगा. यह सिस्टम उन गाड़ियों की तुरंत पहचान कर लेगा, जिनकी नंबर प्लेट जानबूझकर छिपाई गई है या सिस्टम की ओर से पढ़ी नहीं जा पा रही है. अधिकारियों के मुताबिक, अगले कुछ ही महीनों में यह तकनीकी व्यवस्था पूरी तरह काम करना शुरू कर देगी.

दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा से खुला था खेल

नंबर प्लेट में हेर फेर कर टोल बचाने का यह मामला तब सुर्खियों में आया, जब दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा पर बैरियर फ्री टोल कलेक्शन शुरू किया गया. सिस्टम शुरू होने के महज कुछ ही दिनों के भीतर NHAI ने पाया कि बड़ी संख्या में वाहन चालक टोल से बचने के लिए नंबर प्लेट से छेड़ छाड़ कर रहे हैं. इसके बाद NHAI ने दिल्ली सरकार को पत्र लिखकर सख्त निगरानी की मांग की थी. जैसे-जैसे देश के दूसरे हिस्सों में भी बिना बैरियर वाले टोल प्लाजा शुरू हुए, यह समस्या दूसरे राज्यों में भी सामने आने लगी.

बैरियर फ्री टोलिंग के लिए जरूरी है साफ नंबर प्लेट

बैरियर फ्री टोलिंग का मकसद हाईवे पर लगने वाले जाम को खत्म करना है, ताकि गाड़ियां बिना रुके टोल प्लाजा पार कर सकें. चूंकि इस सिस्टम में कोई फिजिकल बैरियर नहीं होता, इसलिए टोल की कटौती पूरी तरह कैमरों की ओर से नंबर प्लेट की सही पहचान पर निर्भर करती है. सरकारी सूत्रों के मुताबिक, कुल ट्रैफिक में ऐसे वाहनों की हिस्सेदारी भले ही 2 से 4 फीसदी के आसपास हो, लेकिन यह प्रवृत्ति स्थानीय और छोटे वाहनों में ज्यादा देखी जा रही है.

यह भी पढ़ें- दिल्ली बॉर्डर पर खत्म होगा जाम, नोएडा गाजियाबाद से गुरुग्राम तक 154 एंट्री प्वाइंट ट्रैफिक फ्री होंगे, टोल बूथ पर रुकने का झंझट खत्म

अधिकारियों का मानना है कि जब तक सभी वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट अनिवार्य रूप से नहीं लग जाती और नंबर प्लेट साफ सुथरी नहीं रहती, तब तक टोल लीकेज की यह चुनौती बनी रहेगी. यही वजह है कि अब AI निगरानी और 8 गुना जुर्माने के दोहरे हथियार से सरकार टोल चोरों पर शिकंजा कसने की तैयारी में है.

यह भी पढ़ें- सड़क पर ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी नहीं कर सकते ये काम, जान लीजिए अपने कानूनी अधिकार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Barrierless Toll Plaza Rules, Number Plate Tampering Fine, NHAI New Toll Rules, High Security Registration Plate, MoRTH News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com