हम में से कई लोग अपने चेहरे की चमक को बढ़ाने के लिए महंगे सीरम, फेस मास्क और ब्यूटी ट्रीटमेंट्स का सहारा लेते हैं. लेकिन सच ये है कि स्किन की असली खूबसूरती आपकी किचन से शुरू होती है. अगर हमार शरीर को सही पोषण नहीं मिलेगा तो कोई भी स्किनकेयर प्रोडक्ट लंबे समय तक असर नहीं दिखा पाएगा. स्किन का ग्लो सिर्फ बाहर से नहीं, बल्कि अंदर से भी बनता है और इसमें आपकी डाइट की बड़ी भूमिका होती है.
यशोदा हॉस्पिटल्स की सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट एंड एस्थेटिक्स एक्सपर्ट डॉ. सिंधुरा मंडावा कहती हैं कि कुछ पोषक तत्व स्किन को हेल्दी, हाइड्रेटेड और चमकदार बनाए रखने में मदद करते हैं. ऐसे में रोजमर्रा के खानपान में छोटे-छोटे बदलाव आपकी स्किन के लिए बड़ा फर्क ला सकते हैं.
विटामिन C वाली चीजों से करें दिन की शुरुआत
अगर आप चाहते हैं कि स्किन लंबे समय तक जवां और चमकदार दिखे, तो विटामिन C को नजरअंदाज न करें. नियमित रूप से अपने आहार में आंवला, अमरूद, संतरा, मौसंबी, टमाटर और शिमला मिर्च जैसी चीजों को शामिल करें. इस तरह के आहार का सेवन करने से शरीर में कोलेजन बनाने में मदद करते हैं. कोलेजन वह प्रोटीन है जो त्वचा को लचीला और स्वस्थ बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है.
ड्राई और बेजान स्किन से बचाते हैं हेल्दी फैट्स
कई लोग फैट्स का नाम सुनकर उनसे दूरी बना लेते हैं, लेकिन स्किन को मुलायम और मॉइस्चराइज्ड रखने के लिए हेल्दी फैट्स जरूरी हैं. अखरोट, बादाम, अलसी के बीज, चिया सीड्स और एवोकाडो जैसे फूड्स त्वचा के प्राकृतिक मॉइस्चर बैरियर को मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं. अगर आप नॉन-वेज खाते हैं तो सैल्मन या सार्डिन जैसी मछलियां भी अच्छा विकल्प हो सकती हैं.
प्रोटीन है बहुत ही जरूरी तत्व
बालों और मांसपेशियों की तरह स्किन को भी प्रोटीन की जरूरत होती है. दाल, राजमा, छोले, दही, पनीर, अंडे और मछली जैसे खाद्य पदार्थों के सेवन से स्किन सेल्स की मरम्मत और नई कोशिकाओं के निर्माण में मदद करते हैं. इसलिए खाने में प्रोटीन को शामिल करना बिल्कुल भी न भूलें.
फाइबर और हाइड्रेशन भी है जरूरी
कई बार स्किन बेजान इसलिए दिखती है क्योंकि शरीर पर्याप्त रूप से हाइड्रेटेड नहीं होता. दिनभर पर्याप्त पानी पीने के साथ छाछ, नारियल पानी और तरबूज जैसे पानी से भरपूर फलों का सेवन करें. वहीं, साबुत अनाज, फल और सब्जियां पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखते हैं, जिसका असर स्किन की चमक पर भी दिखाई देता है.
अंत में डॉक्टर कहती हैं कि आपको इस बात को याद रखना होगा कि चेहरे पर ग्लो किसी जादुई क्रीम से नहीं बल्कि रोज की अच्छी आदतों और संतुलित खानपान से आता है.
ये भी पढ़ें - उम्र की रफ्तार को स्लो कर सकते हैं ये 20 फूड्स, लगातार 90 दिन खाने से दिखेगा बेहतर असर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं