कश्मीर की मशहूर नून चाय, जिसे कई लोग गुलाबी चाय या पिंक टी भी कहते हैं. इस चाय का कलर भी गुलाबी है और इसका स्वाद लोगों को बहुत पसंद आता है. ये चाय दूध वाली चाय से बिल्कुल अलग होती है, क्योंकि इसमें चीनी की जगह नमक डाला जाता है और इसे खास तरीके से तैयार किया जाता है. ठंड के मौसम में कश्मीरी परिवारों में ये चाय खास तौर पर बनाई जाती है. अगर आप भी घर पर असली कश्मीरी नून चाय बनाना चाहते हैं, तो ये आसान तरीका आपके काम आ सकता है. चलिए आपको बताते हैं घर पर कश्मीरी चाय कैसे बनाएं?
कश्मीरी चाय कैसे बनाएं?
यूट्यूब पर @KashmirTastyTreats नाम के चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में कश्मीरी गुलाबी चाय बनाने का तरीका बताया है. इस चाय को बनाने के लिए 2 गिलास पानी, 2 से 3 बड़े चम्मच कश्मीरी चाय पत्ती, ¼ चम्मच बेकिंग सोडा, 7 गिलास पानी, दूध और 1 चम्मच नमक की जरूरत होती है. सबसे पहले एक बर्तन में 2 गिलास पानी डालें और उसमें कश्मीरी चाय पत्ती और बेकिंग सोडा मिला दें. अब इसे मध्यम आंच पर बिना ढके उबलने दें. धीरे-धीरे पानी कम होता जाएगा और चाय का रंग गहरा होने लगेगा. जब पानी काफी कम रह जाए, तब इसमें 7 गिलास पानी और डाल दें.
असली कश्मीरी नून चाय का रंग और स्वाद पाने के लिए चाय को काफी देर तक उबालना पड़ता है. लगभग 20 मिनट तक इसे उबलने दें ताकि चाय पत्ती अपना पूरा रंग और स्वाद छोड़ दे. जब चाय का रंग गहरा लाल दिखने लगे, तब इसे छान लें.
गुलाबी रंग लाने का तरीका
कश्मीरी नून चाय की सबसे बड़ी पहचान उसका गुलाबी रंग है. इसके लिए छानी हुई चाय को एक बर्तन से दूसरे बर्तन में ऊंचाई से बार-बार डालते हुए फेंटना होता है. इससे चाय में झाग बनने लगते हैं और उसका रंग धीरे-धीरे गहरा लाल से गुलाबी होने लगता है. जब चाय का बेस तैयार हो जाए, तब उसमें दूध डालें. चाहें तो दूध की मलाई भी मिला सकते हैं.
इससे चाय का स्वाद और गाढ़ापन बढ़ जाता है. अब इसमें स्वादानुसार नमक डालें और 5 मिनट तक फिर से उबाल लें. तैयार नून चाय का रंग हल्का गुलाबी होना चाहिए. ये नॉर्मल चाय से थोड़ी गाढ़ी होती है. इसका स्वाद नमकीन और हल्का क्रीमी होता है, जो इसे खास बनाता है.
यह भी पढ़ें:- घर पर सहजन कैसे उगाएं? गमले में मोरिंगा लगाने का सही तरीका
यह भी पढ़ें:- मूंगफली की चटनी कैसे बनाएं? डोसा और इडली के लिए इस तरह फटाफट बनाएं मूंगफली की चटनी
यह भी पढ़ें:- घर पर मोमोज कैसे बनाएं? कड़ाही में बाजार जैसे सॉफ्ट मोमोज बनाने का सही तरीका
यह भी पढ़ें:- गुलाब के फूल का बाम कैसे बनाएं? घर पर गुलाब से लिप बाम बनाने के आसान तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं